Headlines

राजस्थान-किसान भड़के, भीड़ को रोका, कांग्रेस विधायक हिरासत में:हनुमानगढ़ में फैक्ट्री का विरोध, इंटरनेट बंद; किसानों की सभा में महिलाएं भी पहुंचीं

LIVE

राजस्थान-किसान भड़के, भीड़ को रोका, कांग्रेस विधायक हिरासत में:हनुमानगढ़ में फैक्ट्री का विरोध, इंटरनेट बंद; किसानों की सभा में महिलाएं भी पहुंचीं

हनुमानगढ़12 मिनट पहलेलेखक: काका सिंह/दीपक भारद्वाज
बुधवार को हुए बवाल के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस के 700 से ज्यादा जवान विरोध-प्रदर्शन वाली जगह तैनात हैं।

हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शन जारी है। आज होने वाली किसान सभा में जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पहले ही रोक दिया है।

विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं, किसानों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

गुरुवार दोपहर टिब्बी के गुरुद्वारा सिंह सभा में किसानों की सभा हुई। सभा में महिलाएं भी शामिल हुईं।

बुधवार (10 दिसंबर) को किसानों ने जिले के राठीखेड़ा गांव में निर्माणाधीन ड्यून एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री की दीवार तोड़ दी। अंदर घुसे प्रदर्शनकारियों ने ऑफिस में भी आग लगा दी।

इसके बाद पुलिस-किसानों में जमकर पत्थरबाजी हुई। बवाल में कांग्रेस विधायक सहित 70 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। कुछ घायल रातभर टिब्बी के गुरुद्वारे में ही रुके रहे।

आज भी जिले के टिब्बी क्षेत्र में इंटरनेट बंद है। वहीं, फैक्ट्री के आसपास रहने वाले करीब 30 परिवार घर छोड़कर भाग गए हैं।

एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध को लेकर कहां भिड़े किसान और पुलिस….

फैक्ट्री की दीवार तोड़ने से पहले किसानों ने महापंचायत भी की। नेताओं का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें लिखित में फैक्ट्री का काम रोकने का आश्वासन नहीं दिया था।

क्या है पूरा मामला?

  • एथेनॉल प्लांट का निर्माण: चंडीगढ़ में रजिस्टर्ड ड्यून इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी राठीखेड़ा में 40 मेगावाट का अनाज आधारित एथेनॉल प्लांट लगा रही है। कंपनी का दावा है प्लांट केंद्र के एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (EBP) प्रोग्राम को सपोर्ट करेगा।
  • 10 महीने चला था शांतिपूर्ण विरोध: सितंबर 2024 से जून 2025 तक लगभग 10 माह शांतिपूर्ण विरोध चला। जुलाई 2025 में विरोध तेज हुआ। कंपनी ने चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) का निर्माण शुरू किया, जिससे किसानों का गुस्सा भड़का।
  • फैक्ट्री निर्माण फिर शुरू होने से नाराजगी: 19 नवंबर 2025 पुलिस सुरक्षा में फैक्ट्री निर्माण फिर शुरू हुआ। किसान नेता महंगा सिंह समेत 12 से अधिक किसान नेता गिरफ्तार। 20-21 नवंबर 67 लोगों ने गिरफ्तारी दी।
  • विरोध में फैक्ट्री की दीवार तोड़ी: बुधवार (10 दिसंबर) दोपहर किसानों ने टिब्बी एसडीएम ऑफिस के सामने बड़ी सभा की। शाम करीब 4 बजे सैकड़ों किसान ट्रैक्टर लेकर फैक्ट्री साइट पर पहुंच गए। दीवार तोड़ दी गई और पुलिस से झड़प शुरू हो गई

अब देखिए- हंगामे से जुड़ी PHOTOS…

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रुपिंदर सिंह कुन्नर को कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वे किसान सभा में जा रहे थे।
बुधवार शाम को भड़की हिंसा के दौरान सैकड़ों की संख्या में किसान फैक्ट्री के पास जमा थे।
प्रदर्शनकारी किसानों ने फैक्ट्री में खड़ी गाड़ियों को फूंक दिया। देर रात को जिला प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर 14 गाड़ियों को जलाने की जानकारी दी है।
आगजनी के बीच प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे। अधिकारियों ने बताया कि संघर्ष में दोनों ओर से कई लोग घायल हुए हैं।
बुधवार शाम पुलिस की ओर से बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन किसान उन्हें तोड़ते हुए आगे बढ़ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024