Headlines

देश के 7 एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित:100 से ज्यादा फ्लाइट में देरी या कैंसिल; कहीं तकनीकी वजह तो कहीं क्रू की कमी

देश के 7 एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित:100 से ज्यादा फ्लाइट में देरी या कैंसिल; कहीं तकनीकी वजह तो कहीं क्रू की कमी

नई दिल्ली/बेंगलुरु/7 मिनट पहले
फोटो हैदराबाद एयरपोर्ट की है। यहां भी यात्रियों को चेक-इन में परेशानी हुई।

देश के 7 एयरपोर्ट पर बुधवार को कहीं तकनीकी तो कहीं क्रू मेंबर्स की कमी से 100 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। इंडिगो एयरलाइन ने बताया कि क्रू मेंबर्स और ऑपरेशन से जुड़ी दिक्कतों की वजह से इंदौर में 11, हैदराबाद में 13, सूरत में 8, अहमदाबाद में 25, बेंगलुरु में 42 फ्लाइट कैंसिल हुईं या देरी से उड़ीं।

दिल्ली में भी उड़ानों पर असर हुआ है। यहां चेक इन सिस्टम फेल होना बताया गया, जिसके बाद उसे मैन्युअल कर दिया गया। वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को बताया गया कि माइक्रोसॉफ्ट विंडोज ने दुनियाभर में बड़ी सर्विस आउटेज की रिपोर्ट दी है। इससे एयरपोर्ट पर IT सर्विस पर असर पड़ा है। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने इस खबर को गलत बताया है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में 200 से उड़ानें प्रभावित होने का दावा है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ये सभी फ्लाइट्स इंडिगो एयरलाइन की हैं या अन्य एयरलाइंस से जुड़ी हैं।

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर चेक इन सिस्टम में समस्या के चलते काफी भीड़ जमा हो गई।

दिल्ली इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट:

  • असर: दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह से चेक इन सिस्टम में दिक्कत आ रही है। चार एयरलाइंस- इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस पर इसका असर पड़ा है।
  • तैयारी: सभी एयरलाइंस ने मैनुअल चेक इन और बोर्डिंग प्रोसेस लागू कर दिए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुबह 7.40 बजे X पर एक पोस्ट में कहा, हमारी ऑन-ग्राउंड टीमें सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर काम कर रही हैं, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

हैदराबाद राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट:

  • असर: हैदराबाद एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स की भारी भीड़ हो गई। चेक इन सिस्टम में देरी की वजह से फ्लाइट छूट रही हैं। इंडिगो के एक स्पोक्सपर्सन ने कहा कि टेक्नोलॉजी में समस्या, एयरपोर्ट पर भीड़ और ऑपरेशनल जरूरतों जैसी कई वजह से हमारी कई फ्लाइट्स में देरी हुई है और कुछ कैंसिलेशन भी हुई हैं।
  • तैयारी: हमारी टीमें यह पक्का करने के लिए पूरी मेहनत कर रही हैं कि ऑपरेशन जल्द से जल्द नॉर्मल हो जाएं।

बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट:

  • असर: चेक इन सिस्टम में देरी की वजह से चार फ्लाइट लेट हो गईं। ऑपरेशनल वजहों से इंडिगो की कई सर्विस कैंसिल कर दी गईं। कुल 42 फ्लाइट कैंसिल हुईं हैं, जिनमें 22 आने वाली और 20 जाने वाली फ्लाइट शामिल थीं।

यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी और सलाह

1. सफर करना है। एयरपोर्ट पर जल्दी पहुंचें। मैन्युअल चेक-इन में 25–40 मिनट अतिरिक्त लग रहे हैं। बैगेज ड्रॉप और सिक्योरिटी चेक में भी देरी।

2. एयरलाइन से फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें। एप / वेबसाइट पर लाइव स्टेटस। कई एयरलाइंस SMS/Email नहीं भेज पा रहीं, इसलिए खुद चेक करें।

3. फ्लाइट कैंसिल होने पर क्या विकल्प। फुल रिफंड मिलेगा। अगली उपलब्ध फ्लाइट की रीबुकिंग। कुछ एयरलाइंस ‘वाउचर’ ऑप्शन भी देती हैं।

4. कनेक्टिंग फ्लाइट वाले यात्री। ओवरलैप या मिस्ड कनेक्शन की संभावना बढ़ी। एयरलाइन कस्टमर सपोर्ट से ‘री-रूटिंग’ का विकल्प पूछें।

इंडिगो का बयान, 48 घंटे में सुधार हो जाएगा इंडिगो एयरलाइन ने बयान जारी करते हुए कहा कि, खराब मौसम, सिस्टम में गड़बड़ी और स्टॉफ से जुड़े नए नियमों के चलते दो दिन से फ्लाइट प्रभावित हो रही हैं। हम असुविधा के लिए माफी मांगते हैं। अगले 48 घंटे में ऑपरेशन पूरी तरह ठीक हो जाएगा।

दिल्ली एयरपोर्ट पर पिछले महीने हुआ था साइबर अटैक

5 नवंबर 2025: दिल्ली के ऊपर उड़ने वाले विमानों को मिले गलत सिग्नल

दिल्ली में पिछले महीने विमानों के GPS सिग्नल में फेक अलर्ट आ रहे थे। इसे GPS स्पूफिंग भी कहते हैं। इसके तहत पायलटों को गलत लोकेशन और नेविगेशन डेटा अलर्ट मिले। एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सूत्रों के अनुसार दिल्ली के करीब 100 किमी के दायरे में ऐसी घटनाएं सामने आईं थीं।

स्पूफिंग एक प्रकार का साइबर अटैक है जो नेविगेशन सिस्टम को गुमराह करने के लिए फेक GPS सिग्नल भेजता है। ज्यादातर इसका इस्तेमाल वॉर जोन में किया जाता है, ताकि दुश्मनों के ड्रोन और विमानों को नष्ट किया जा सके।

1 दिसंबर 2025: सरकार ने माना स्पूफिंग हुई, तुरंत बैकअप यूज किया गया

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने सोमवार को राज्यसभा में यह बात स्वीकारी। उन्होंने बताया कि इस वजह से प्लेन को गलत सिग्नल मिले थे। 800 से ज्यादा डोमेस्टिक और इंटरनेशनल फ्लाइट्स देरी से उड़ीं जबकि 20 को रद्द करना पड़ा था।

नायडू ने सदन में बताया कि वैश्विक स्तर पर रैनसमवेयर-मैलवेयर अटैक का खतरा बढ़ा है। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) अपने IT और क्रिटिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर की सेफ्टी के लिए एडवांस साइबर सिक्योरिटी अपना रहा है।

उन्होंने यह जानकारी सांसद एस. निरंजन रेड्डी के सवाल पर दी। रेड्डी ने पूछा था कि क्या सरकार को IGI पर हुई GPS स्पूफिंग की जानकारी है। DGCA-AAI की इससे बचने की क्या तैयारी है।

——————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024