पायलट नहीं मिला, इंडिगो फ्लाइट घंटों लेट:हिमाचल डिप्टी सीएम सवार थे, बोले-ऐसी अव्यवस्था अस्वीकार्य, रात साढ़े 8 से डेढ़ बजे तक टली फ्लाइट
दिल्ली से चंडीगढ़ आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट शनिवार-रविवार की रात घंटों लेट हुई। फ्लाइट में सवार यात्रियों में हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल थे। लंबे इंतजार से परेशान यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इंडिगो की यह अव्यवस्था पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने बताया कि फ्लाइट में देरी का कारण पायलट का उपलब्ध न होना बताया गया, जबकि यात्री विमान में बैठे इंतजार करते रहे। हांलाकि अभी इस मामले पर इंडिगो का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
अब जानिए हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम ने पोस्ट में क्या लिखा…
- दिल्ली–चंडीगढ़ इंडिगो फ्लाइट रात्रि फ्लाइट में पायलट न होने से घंटों देरी हुई। रात में यात्री परेशान हुए। 8:30 की फ्लाइट, पहले 9:50 पर निर्धारित की गई। दो घंटे से अधिक यात्री विमान में बैठे इंतजार करते रहे। लेकिन पायलट न होने के कारण अब 1:30 बजे के लिए निर्धारित की गई है। विमान तैयार है, लेकिन पायलट की कमी से उड़ान ठप है। इंडिगो की ऐसी अव्यवस्था अस्वीकार्य है।
- दिल्ली-चंडीगढ़ इंडिगो की फ्लाइट में बहुत ज्यादा देरी हो रही है… सब इसलिए क्योंकि हम पायलट का इंतजार कर रहे हैं। पैसेंजर सवार हैं, इंजन तैयार हैं, लेकिन कॉकपिट क्रू नजर नहीं आ रहा है। यह मंजूर नहीं है।
को पायलट न पहुंचने से आई दिक्कत
एक यूजर प्रतीक वाजपेयी ने लिखा है कि इंडिगो की फ्लाइट 6E 6448 (दिल्ली से चंडीगढ़) के यात्रियों ने बताया कि को-पायलट समय पर नहीं पहुंचा, जिसकी वजह से सभी यात्री इंतजार करते रहे। फ्लाइट में हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी मौजूद थीं। बाद में सभी यात्रियों को फ्लाइट से उतार दिया गया।
