तमिलनाडु के डिप्टी CM उदयनिधि स्टालिन ने संस्कृत भाषा को लेकर विवादित बयान दिया है। DMK लीडर ने शुक्रवार को केंद्र सरकार की आलोचन करते हुए कहा कि तमिल डेवलपमेंट के लिए सिर्फ 150 करोड़ रुपए दिए जाते हैं। जबकि संस्कृत जो एक मरी हुई भाषा है, उसे 2400 करोड़ रुपए मिलते हैं।
स्टालिन ने पीएम मोदी पर तमिल की उपेक्षा करने और संस्कृत-हिंदी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि PM मोदी ने कोयंबटूर में बचपन में तमिल न सीख पाने पर अफसोस जताया।
एक तरफ तो वे ऐसे दिखा रहे हैं जैसे उन्हें तमिल भाषा की परवाह है, दूसरी तरफ वे हिंदी और संस्कृत थोपने की कोशिश कर रहे हैं। जब आप तमिल सीखने के लिए इतने बेताब हैं, तो बच्चों को हिंदी और संस्कृत क्यों पढ़ा रहे हैं?

उनके बयान पर भाजपा ने नाराजगी जताई है। BJP लीडर तमिलिसाई सौंदरराजन ने कहा कि किसी को भी किसी भी भाषा को मरी हुई कहने का हक नहीं है, खासकर उस भाषा को जो आज भी पूरे देश में पूजा-पाठ और रीति-रिवाजों में इस्तेमाल होती है।
भाषा विवाद पर स्टालिन के पिछले 2 बयान
19 फरवरी: केंद्र लैंग्वेज वॉर शुरू न करे, जो हिंदी अपनाते हैं, वे मातृभाषा खो देते हैं
तमिलनाडु के डिप्टी सीएम उदयनिधि ने 19 फरवरी को कहा था कि जो राज्य हिंदी को स्वीकार करते हैं, वे अपनी मातृभाषा खो देते हैं। केंद्र लैंग्वेज वॉर शुरू न करें। इस बयान के बाद राज्य में सत्तारूढ़ DMK और बीजेपी के बीच केंद्र की ट्राई लैंग्वेज नीति और हिंदी को थोपने को लेकर बहस तेज हो गई है।
12 मार्च: जल्द बच्चे पैदा करें और उनके नाम तमिल में रखें, हिंदी में नहीं
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बाद उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन ने राज्य के लोगों से जल्द से जल्द बच्चे पैदा करने की अपील की है। साथ ही बच्चों के नाम हिंदी के बजाय तमिल में रखने को कहा है। उदयनिधि ने कहा- हमने राज्य की जनसंख्या नियंत्रित की लेकिन अब हमें इससे समस्या हो रही है।
उदयनिधि स्टालिन के अन्य विवादित बयान
- मोदी को 28 पैसा PM कहा: उदयनिधि स्टालिन 23 मार्च को पीएम मोदी पर राज्य सरकार को फंड एलोकेट करने में भेदभाव का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा- पीएम को 28 पैसा पीएम बुलाना चाहिए। तमिलनाडु केंद्र 1 रुपया देता है तो केंद्र हमें 28 पैसे ही लौटाता है।
- राष्ट्रपति आदिवासी-विधवा, इसलिए संसद में नहीं बुलाया: उदयनिधि ने 20 सितंबर 2023 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नए संसद भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में न बुलाए जाने को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था- राष्ट्रपति मुर्मू को इसलिए नहीं बुलाया गया, क्योंकि वो विधवा हैं और आदिवासी समुदाय से आती हैं।
- सनातन धर्म को बीमारी बताया: उदयनिधि स्टालिन ने 2 सितंबर 2023 को एक कार्यक्रम में सनातन धर्म को बीमारी बताया था और इसे खत्म करने की बात कही थी। जिसके बाद उन्होंने 7 सितंबर को सफाई दी थी। उन्होंने कहा था, ‘मैं किसी भी धर्म का दुश्मन नहीं हूं। मैं हिंदू धर्म नहीं सनातन प्रथा के खिलाफ हूं।
