दुबई एयर शो में तेजस फाइटर जेट क्रैश:पायलट की मौत, वायुसेना ने पुष्टि की; डेमो फ्लाइट के दौरान हादसा
दुबई एयर शो में भारतीय वायुसेना का तेजस फाइटर जेट क्रैश हो गया है। हादसा अल मकतूम एयरपोर्ट पर जारी एयर शो में एक डेमो फ्लाइट के दौरान हुआ। न्यूज एजेंसी AP ने बताया कि शुक्रवार को भारतीय समय के मुताबिक 3.40 बजे यह हादसा हुआ।
हादसे में तेजस के पायलट की भी मौत हो गई है। भारतीय वायुसेना ने इसकी पुष्टि की है। विमान के गिरते ही उसमें आग लग गई और हवाई अड्डे के ऊपर काले धुएं का गुबार देखा गया।
हादसे के बाद भारतीय वायुसेना ने लड़ाकू विमान क्रैश होने के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी बैठा दी है।
वायुसेना का तेजस जेट क्रैश होने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 2024 में राजस्थान के पोकरण में युद्धाभ्यास के दौरान इंजन फेल होने की वजह से तेजस क्रैश हो गया था।
हादसे से जुड़ी 5 फुटेज
दुबई में जुटी थीं दुनियाभर की एयरोस्पेस कंपनियां
दुबई एयर शो में इंटरनेशनल विमानों का प्रदर्शन किया जाता है। यहां दुनिया की बड़ी एयरोस्पेस कंपनियां, एयरलाइंस, एयर फोर्सेज और टेक्नोलॉजी कंपनियां अपने नए विमान, हेलिकॉप्टर, हथियार सिस्टम और एरोस्पेस टेक्नोलॉजी दिखाती हैं। पांच दिन के एयरशो का शुक्रवार को आखिरी दिन था।
दुबई एयर शो की शुुरुआत 1989 हुई थी। इसे दुबई के अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट में हर दो साल पर आयोजित किया जाता है। यह लगातार तीसरी बार है जब तेजस इसमें शामिल हुआ था।
तेजस की कीमत 600 करोड़ रुपए
हादसे से जुड़ी पल-पल की जानकारी के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
निगेटिव G-फोर्स टर्न से उबर नहीं पाए पायलट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पायलट निगेटिव G-फोर्स टर्न से रिकवर नहीं कर पाए। इसके चलते विमान नियंत्रण खो बैठा।
वीडियो में साफ दिखता है कि तेजस सीधे नीचे गिरा और इसमें कोई ग्लाइडिंग नहीं दिखी। यानी रिकवरी फेल रही और विमान फ्री-फॉल में चला गया।
निगेटिव G-फोर्स क्या होती है
जब विमान अचानक नीचे की तरफ गोता लगाता है, तो शरीर पर गुरुत्वाकर्षण के उलटी दिशा में जोर पड़ता है। इस वक्त पायलट को लगता है कि वह सीट से ऊपर उठ रहा है।
इससे क्या होता है?
- सिर की ओर खून तेजी से जाता है
- चक्कर और धुंधलापन आ सकता है
- कुछ सेकंड में विमान का कंट्रोल मुश्किल हो जाता है।
कल तेजस में फ्यूल लीक की अफवाह उड़ी थी
हादसे से एक दिन पहले सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि तेजस फ्यूल लीक की समस्या से जूझ रहा था। हालांकि रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि तेजस का तेल रिसाव वाला वो वीडियो फर्जी है।
