वेंकटेश अय्यर KKR से बाहर:IPL इतिहास के तीसरे सबसे महंगे प्लेयर रहे; सैमसन CSK का हिस्सा बने, जडेजा-करन RR में शामिल
कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL इतिहास के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर को रिलीज कर दिया है। आंद्रे रसेल भी रिलीज किए गए हैं। यानी कि इन खिलाड़ियों की 16 दिसंबर को UAE के अबु धाबी में आयोजित होने जा रहे मिनी ऑक्शन में नीलामी होगी।
IPL कमेटी ने शनिवार को रिटेन, रिलीज और ट्रेड लिस्ट जारी की। इसके अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स ने मथीश पथिराना, डेवोन कॉन्वे और रचिन रवींद्र को रिलीज किया है। KKR ने वेंकटेश अय्यर को पिछले साल मेगा ऑक्शन में 23.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। जबकि आंद्रे रसेल 12 करोड़ रुपए में रिटेन हुए थे।
टीमें से रिलीज किए गए बड़े खिलाड़ियों के बारे में जानिए
1. वेंकटेश अय्यर
तीसरे सबसे महंगे प्लेयर, प्रदर्शन खराब
बैटिंग ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने मेगा ऑक्शन में 23.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। वे नीलामी के तीसरे सबसे महंगे प्लेयर हैं, लेकिन पिछले सीजन में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके। 11 मैचों में उनके नाम 139.22 के स्ट्राइक रेट से महज 142 रन रहे। 2024 की चैंपियन कोलकाता भी पॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर रहकर प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी।
वेंकटेश मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करते हैं, उन पर टीम का रन रेट बढ़ाए रखने की जिम्मेदारी रहती थी। हालांकि, पिछले सीजन वे अपने प्राइस टैग को सही साबित नहीं कर सके। अंगकृष रघुवंशी और कप्तान अजिंक्य रहाणे के कारण टीम उन्हें प्लेइंग-11 में फिट भी नहीं कर पा रही थी। ऐसे में KKR उन्हें रिलीज कर कैमरन ग्रीन जैसे ऑलराउंडर को ऑक्शन में खरीदने पर फोकस कर सकती है।
2. आंद्रे रसेल
खराब फॉर्म के कारण रिलीज हुए
कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को 12 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। वे पिछले सीजन 13 मैच में 167 रन ही बना सके। गेंदबाजी में भी वे 8 विकेट ही ले पाए। रसेल IPL में 175 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हैं और जरूरत पड़ने पर अपनी टीम को विकेट भी दिलाते हैं।
पिछले सीजन रसेल ज्यादा प्रभावी नहीं रहे। वे 37 साल के भी हो चुके हैं और दुनियाभर की लीग में भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पा रहे। आउट ऑफ फॉर्म होने के कारण कोलकाता रसेल को रिलीज किया गया है। टीम मिनी ऑक्शन में 26 साल के युवा ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को खरीद सकती है।
3. ग्लेन मैक्सवेल
पिछले सीजन में 48 रन ही बना सके
ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल को पंजाब किंग्स ने पिछले साल मेगा ऑक्शन में 4.2 करोड़ रुपए में खरीदा था। लेकिन, मैक्सवेल पिछले सीजन में खास प्रदर्शन नहीं कर सके। वे 7 मैचों में महज 48 रन ही बना सके। उनका बेस्ट स्कोर 30 रन रहा है।
खराब फॉर्म के कारण मैक्सवेल को रिलीज किया गया है। टीम उनकी जगह मिनी ऑक्शन में मार्कस स्टोयनिस, आंद्रे रसेल जैसे ऑलराउंडर्स पर जा सकती है।
कौन रिटेन, कौन रिलीज?
सैमसन-जडेजा और करन ट्रेड
सुबह IPL ने ट्रेड लिस्ट जारी की थी। इसके अनुसार राजस्थान रॉयल्स ने कप्तान संजू सैमसन को 18 करोड़ रुपए में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रेड किया। जबकि, CSK ने ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और सैम करन को RR भेजा था।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड किया है। वहीं, मुंबई इंडियंस ने अर्जुन तेंदुलकर को LSG के साथ 30 लाख रुपए में ट्रेड किया है। नीतीश राणा हैदराबाद से दिल्ली, डनोवन फरेरा दिल्ली से राजस्थान और मयंक मार्कंडेय कोलकाता नाइट राइडर्स से मुंबई में ट्रेड हुए हैं।
