AAP ने 12 हजार वोटों से तरनतारन सीट जीती:अकाली दल दूसरे, खालिस्तान समर्थक MP की पार्टी तीसरे नंबर पर; कांग्रेस-BJP की जमानत जब्त
पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट आम आदमी पार्टी (AAP) ने फिर जीत ली है। AAP के उम्मीदवार हरमीत संधू ने उपचुनाव में 12,091 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें कुल 42,649 वोट मिले। हरमीत संधू चौथी बार यहां से विधायक चुने गए हैं।
दूसरे नंबर पर अकाली दल की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा रहीं, जिन्हें 30,558 वोट मिले। तीसरे नंबर पर अकाली दल-वारिस पंजाब दे के उम्मीदवार मनदीप सिंह खालसा को 19,620 वोट मिले। कांग्रेस यहां चौथे नंबर पर रही। उसे 15,078 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार 10 हजार आंकड़ा भी नहीं छू पाए। उन्हें 6,239 वोट मिले।
चुनाव में किसी उम्मीदवार को कुल पोल वोटों के 1/6 (16.67%) से कम वोट मिलते हैं तो उसकी जमानत जब्त होती है। जो आज चुनाव नतीजे आए है, उसमें जिन्हें 19,619 से कम वोट मिले है, उनकी जमानत जब्त हो जाएगी। इस हिसाब से कांग्रेस, बीजेपी समेत 12 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।
तरनतारन के इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में सुबह 8 बजे काउंटिंग शुरू हुई। सबसे पहले बैलेट पेपर गिने गए, इसके EVM मशीन से वोटों की गिनती शुरू हुई। कुल 16 राउंड में वोटों की गिनती की गई।
अकाली दल की उम्मीदवार ने छोड़ा मतगणना केंद्र शुरुआती 3 राउंड में अकाली दल की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा ने बढ़त ली। सुखविंदर को पहले राउंड में 625 वोटों की लीड मिली। दूसरे राउंड में उनकी ये लीड बढ़कर 1480 हो गई। लेकिन अगले राउंड यानी तीसरे राउंड में उनकी लीड कम होकर 374 रह गई। इसके बाद चौथे राउंड में वह दूसरे नंबर पर खिसक गईं।
AAP के हरमीत संधू की चौथ राउंड से लीड लगातार बढ़ती गई। आखिर में ये लीड 10 हजार पार कर गई। इस बीच एक बार भी सुखविंदर उनके आस-पास नहीं पहुंच पाईं। लीड बढ़ती देख सुखविंदर रंधावा ने मतगणना केंद्र छोड़ दिया और घर चली गईं।
अमृतपाल की पार्टी के उम्मीदवार तीसरे नंबर पर रहे वहीं तीसरे नंबर पर खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल की पार्टी अकाली दल-वारिस पंजाब दे के मनदीप सिंह खालसा रहे। मनदीप पहले 7 राउंड तक चौथे नंबर पर चल रहे थे। लेकिन आठवें राउंड में वह कांग्रेस से आगे निकल गए।
इसके बाद आखिरी राउंड तक कांग्रेस से आगे रहे। इस बीच उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि सारे अकाली दल को इकट्ठा होना चाहिए। तभी 2027 में कुछ कर पाएंगे।
कांग्रेस चौथे तो BJP पांचवें नंबर पर रही उपचुनाव में कांग्रेस चौथे नंबर पर रही। कांग्रेस खुद को सेकेंड विकल्प मान रही थी। लेकिन मुकाबले में कहीं टक्कर देती नजर नहीं आई। कैंडिडेट जमानत भी नहीं बचा पाए। इसकी बड़ी वजह पार्टी के पंजाब प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की बयानबाजी और उनकी हरकतों को माना जा रहा है।
वहीं BJP के हरजीत सिंह संधू पांचवें स्थान पर रहे। वह शुरू से लेकर आखिर तक पांचवें स्थान पर बने रहे। उनकी जमानत भी जब्त हो गई।
तरनतारन उपचुनाव में 60.95% वोटिंग हुई थी तरनतारन में 11 नवंबर को 60.95% वोटिंग हुई थी। पिछले विधानसभा चुनाव (2022) में इस सीट पर 65.81% वोटिंग हुई थी। जिसमें AAP के कश्मीर सिंह सोहल ने चुनाव जीता था। उनके निधन से यह सीट खाली हुई थी।
किस राउंड में कौन आगे, कौन पीछे रहा…
- पहले राउंड में अकाली दिल की सुखविंदर आगे रहीं।
- दूसरे राउंड में अकाली दिल की सुखविंदर की लीड बढ़कर 1480 हुई।
- तीसरे राउंड में सुखविंदर की लीड कम हुई। लीड कम होकर 374 रह गई।
- चौथे राउंड में AAP के हरमीत सिंह संधू को 179 वोटों की लीड मिली।
- 5वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 187 हुई है।
- 6वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 892 हो गई है।
- 7वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 1836 हो गई है।
- 8वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 3,668 हो गई है।
- 9वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 5,510 हो गई है।
- 10वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 7,294 हो गई है।
- 11वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 9,142 हो गई है।
- 12वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 10,236 हो गई है।
- 13वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 11,594 हो गई है।
- 14वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 11,117 हो गई है।
- 15वें राउंड में AAP की लीड बढ़कर 11,317 हो गई है।
- 16वें राउंड में AAP ने 12091 वोटों से सीट जीत ली।
काउंटिंग के पल-पल अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
यह अकाली दल की नैतिक जीत: सुखबीर बादल
तरनतारन उपचुनाव रिजल्ट पर शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि सबसे पहले मैं तरनतारन साहिब के सभी समझदार और बहादुर वोटरों का दिल से धन्यवाद करता हूं और उन्हें बधाई देता हूं। उन्होंने सरकारी तानाशाही और पंजाब पुलिस की दबंगई का डटकर मुकाबला किया और हिंसा, धमकियों तथा पैसों के लालच को ठुकरा कर सही जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि खालसा पंथ और पंजाब तरनतारन साहिब के इन वोटरों का मैं हमेशा ऋणी रहूंगा। जिन्होंने हिम्मत और दृढ़ता दिखाते हुए शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा को मजबूती से वोट दिया। मैं शिरोमणि अकाली दल के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं का भी धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने सरकारी अफसरशाही और पुलिस के दुरुपयोग के खिलाफ डटकर खड़े होकर पार्टी, पंथ और पंजाब के उम्मीदवार की जीत के लिए दिन-रात मेहनत की।
उन्होंने कहा कि तरनतारन साहिब के बहादुर वोटरों के प्यार और समर्थन से यह चुनाव परिणाम शिरोमणि अकाली दल की एक बड़ी नैतिक जीत साबित हुआ है
हरमीत ने अरविंद-CM मान का धन्यवाद किया
