कांग्रेस ने गुरुवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के लिए पाकिस्तान की एक आधिकारिक लॉबिंग कंपनी काम कर रही है। इसे अमेरिका में संघ के हितों की पैरवी करने के लिए हायर किया गया है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने X पर लिखा- कुछ दिन पहले संघ प्रमुख मोहन भागवत ने माना था कि RSS रजिस्टर्ड ऑर्गनाइजेशन नहीं है और वह कोई टैक्स नहीं देता। अब हमें पता चला है कि RSS ने भारी रकम खर्च करके अमेरिकी लॉ फर्म स्क्वायर पैटर्न बॉक्स (SPB) को हायर किया है।
RSS ने कांग्रेस के आरोप को खारिज किया। राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा- ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत में काम करता है और अमेरिका में कोई लॉबिंग फर्म नहीं हायर की है।’ लॉबिंग फर्म सरकार के सामने किसी संगठन के हितों की पैरवी करती है।
जयराम ने लॉबिंग रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया
जयराम रमेश ने X पर एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया। उसमें अमेरिका की सीनेट (संसद का अपर हाउस) की लॉबिंग रिपोर्ट दिखाई गई थी।
इसके मुताबिक स्क्वायर पैटर्न बॉक्स ने बताया कि वह स्टेट स्ट्रीट स्ट्रैटजीज के जरिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तरफ से लॉबिंग कर रही है।
हाल में कांग्रेस के RSS पर 3 बड़े आरोप…
खड़गे बोले थे-RSS पर बैन लगे, सरदार पटेल ने यही किया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 13 अक्टूबर को कहा था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर बैन लगा देना चाहिए। ये मेरा विचार है और मैं खुलकर बोलूंगा कि RSS पर बैन लगाना चाहिए। अगर PM नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचारों का सम्मान करते हैं तो ऐसा करें। देश में भाजपा-RSS के कारण कानून-व्यवस्था की दिक्कतें हो रही हैं।
सिद्धारमैया बोले थे- सनातनियों से दूर और RSS से सावधान रहें
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 18 अक्टूबर को कहा था कि लोगों को सनातनियों की संगत से बचना चाहिए और RSS से सावधान रहना चाहिए, क्योंकि उन्होंने इतिहास में हमेशा डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनके बनाए संविधान का विरोध किया है। अपनी संगति सही रखिए। समाज के भले के लिए काम करने वालों के साथ रहिए, न कि उन सनातनियों के साथ जो सामाजिक बदलाव का विरोध करते हैं।
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बोले थे- RSS वाले यौन शोषण कर रहे
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने 16 अक्तूबर को कहा था- महात्मा गांधी से RSS की तुलना मत कीजिए। RSS हमेशा देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त रहा है। यही संगठन था, जिसने महात्मा गांधी की हत्या की और देश को बांटने का काम किया। ऐसे संगठन को तत्काल प्रतिबंधित कर देना चाहिए। मैंने इसके लिए गृह मंत्री को पत्र लिखा है
