8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के रिजल्ट:कांग्रेस ने राजस्थान में BJP से, तेलंगाना में BRS से सीट छीनी; AAP ने पंजाब की सीट बचाई
देश के 7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ था। जिसका आज रिजल्ट आ रहा है। 8 में से 6 सीटों का रिजल्ट सामने आ चुका है।
राजस्थान की अंता (बारां) सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी को जीत मिली। तेलंगाना की जुबली हिल्स से भी कांग्रेस को जीत मिली। पहले ये सीट राज्य के पूर्व सीएम केसीआर की पार्टी बीआरएस के पास थी।
AAP पंजाब की तरनतारन सीट बचाने में कामयाब रही है। मिजोरम के डम्पा से मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) दल ने जीत हासिल की।
जम्मू-कश्मीर के नागरोटा में भाजपा उम्मीदवार जीते। बडगाम में महबूबा मुफ्ती की पार्टी PDP प्रत्याशी पहले नंबर पर रहे।
ओडिशा की नुआपाड़ा में बीजेपी आगे चल रही है। झारखंड की घाटशिला सीट से पूर्व सीएम चंपई सोरेन के बेटे भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन बड़े अंतर से पीछे चल रहे हैं।
कहां कितना वोटर टर्नआउट रहा
जम्मू-कश्मीर में 2 विधानसभा सीटें बडगाम और नगरोटा अक्टूबर 2024 से खाली हैं। CM उमर अब्दुल्ला 2 सीटों से चुनाव जीते थे। इसके बाद उन्होंने 21 अक्टूबर, 2024 को गांदरबल सीट को अपने पास रखा और बडगाम सीट छोड़ दी थी। इसलिए इस सीट पर चुनाव हो रहा है।
उपचुनावों के रिजल्ट से जुड़ी पल-पल की अपडेट जानने के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट पर कांग्रेस की जीत
तेलंगाना की जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव के सभी 10 राउंड की गिनती पूरी हो गई है। कांग्रेस के नवीन यादव वी. 98,988 वोट के साथ 24,729 वोटों से चुनाव जीत गए हैं। BRS की मगंटी सुनीता गोपीनाथ को 74,259 वोट मिले।
पंजाब के तरनतारन से आप जीती
पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट आम आदमी पार्टी (AAP) ने जीत ली है। AAP के उम्मीदवार हरमीत संधू ने 12,091 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें कुल 42649 वोट मिले। हरमीत संधू चौथी बार यहां से विधायक चुने गए हैं। थोड़ी देर में इसका औपचारिक ऐलान होगा।
पंजाब के तरनतारन में आप को बड़ी लीड, समर्थकों ने जश्न मनाया
नागरोटा से जीती BJP विधायक बोली- पिता के आशिर्वाद से जीती
नागरोटा से नई चुनी गई BJP विधायक देवयानी राणा ने कहा, “मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि जिस तरह नागरोटा ने राणा साहिब (मेरे पिता, स्व. देवेंद्र सिंह राणा) को आशीर्वाद दिया था, आज उन्होंने परिवार की तरह मेरा भी आशीर्वाद दिया। मैं उनका हमेशा आभारी रहूंगी। जब BJP चुनाव लड़ती है, तो जीत के लिए ही लड़ती है। इसका उदाहरण आप नागरोटा और बिहार के नतीजों में देख सकते हैं।”
जम्मू-कश्मीर की बडगाम सीट: PDP के अगा सैयद मुंतजिर मेहदी आगे
बडगाम विधानसभा सीट में उपचुनाव के छठे राउंड के नतीजे सामने आए हैं। PDP के अगा सैयद मुंतजिर मेहदी 8,690 वोट के साथ 2,034 वोटों की बढ़त पर हैं।
NC के अगा सैयद महमूद अल-मोसावी 6,656 वोट लेकर 2,034 वोटों से पीछे चल रहे हैं।
घाटशिला विधानसभाः जेएमएम 7 हजार वोट से आगे
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को सुबह 8 बजे से जारी है। पांचवें राउंड की गिनती में झामुमो (जेएमएम) प्रत्याशी सोमेश चन्द्र सोरेन 7104 वोट से आगे चल रहे हैं। जबकि दूसरे नंबर पर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन हैं। वहीं, झारखण्ड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के उम्मीदवार रामदास मुर्मू तीसरे नंबर पर हैं।
गहलोत बोले- अंता में कांग्रेस अच्छी बढ़त से जीतेगी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा, “अंता से अच्छी खबरें आ रही हैं। शुरू से ही यहां का माहौल अच्छा है। मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस अच्छी बढ़त के साथ जीत जाएगी।”
अंता उपचुनावः कांग्रेस प्रत्याशी की भास्कर रिपोर्टर से बातचीत
राजस्थान के अंता में काउंटिंग के बीच कांग्रेस कैंडिडेट प्रमोद जैन भाया ने कहा- उन्हें जनता पर पूरा विश्वास है। भाजपा ने अपने कार्यकाल में लोगों के साथ धोखा किया है।
गहलोत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को कम करने और बंद करने का काम किया गया, जिससे बारां में विकास कार्य प्रभावित हुए।
किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा भी नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि दुष्यंत के सामने मैंने और मेरी पत्नी ने भी चुनाव लड़ा है।
इसके अलावा कई बड़े नेताओं के खिलाफ भी चुनाव लड़े, लेकिन कभी किसी के प्रति अमर्यादित भाषा का उपयोग नहीं किया।
भाया ने कहा कि उन्होंने शुरू से ही किसी को प्रतिद्वंद्वी नहीं माना—जनता हमेशा उनके साथ खड़ी रही है।
मिजोरम की डम्पा सीट से MNF के डॉ. आर ललथंगलियाना जीते
डम्पा विधानसभा सीट के सभी 5 राउंड की गिनती खत्म हो गई है। MNF के डॉ. आर. ललथंगलियाना 6,981 वोट पाकर 562 वोटों के अंतर से जीत गए।
अंता उपचुनावः कांग्रेस समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू किया
राजस्थान के बारां के श्रीजी चौक में कांग्रेस कैंडिडेट प्रमोद जैन भाया के घर के बाहर भी भीड़ बढ़ने लगी है। काउंटिंग में कांग्रेस की लीड बढ़ने के साथ भाया को बधाई देने वाले पहुंचने लगे हैं। वे कुछ देर के लिए घर से बाहर निकले तो समर्थक उनके पैर छूते नजर आए।
