Headlines

दिल्ली ब्लास्ट, तीसरी संदिग्ध कार हरियाणा में मिली:शाहीन की यह कार अल-फलाह यूनिवर्सिटी में खड़ी थी; एक गिरफ्तार, आतंकियों के सहयोग का आरोप

LIVE

दिल्ली ब्लास्ट, तीसरी संदिग्ध कार हरियाणा में मिली:शाहीन की यह कार अल-फलाह यूनिवर्सिटी में खड़ी थी; एक गिरफ्तार, आतंकियों के सहयोग का आरोप

फरीदाबादकुछ ही क्षण पहलेलेखक: निरंजन कुमार, संदीप शर्मा
फरीदाबाद के खंदावली गांव से ले जाई गई इको स्पोर्ट्स कार और अल-फलाह यूनिवर्सिटी में बरामद ब्रेजा कार।

दिल्ली ब्लास्ट मामले में पुलिस ने गुरुवार (13 नवंबर) को फरीदाबाद से इस मॉड्यूल से जुड़ी तीसरी ब्रेजा कार को बरामद किया। यह बरामदगी अल-फलाह यूनिवर्सिटी के अंदर से हुई। यह कार लेडी आतंकी डॉ. शाहीन के नाम पर बताई जा रही है। हरियाणा पुलिस की बम स्क्वॉड टीम ने करीब 3 घंटे तक कार की जांच की। फिलहाल कुछ संदिग्ध नहीं मिला है।

इस बीच यूनिवर्सिटी के HR विभाग से जमील को गिरफ्तार किया गया है। जमील जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला है। उस पर दिल्ली ब्लास्ट में आरोपियों का सहयोग करने का आरोप है। फिलहाल एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। इसके साथ एक व्यक्ति को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है।

वहीं, दिल्ली में लाल किले के पास कार धमाका करने वाले आतंकी डॉ. उमर उन नबी के नाम वाली इको स्पोर्ट्स कार (DL10CK-0458) की जांच में खुलासा हुआ है कि इससे विस्फोटक की ढुलाई की गई थी। कार की फोरेंसिक जांच में इसके सुराग मिले हैं।

यह कार 2 दिन से फरीदाबाद के खंदावली गांव में खड़ी थी। दिल्ली से पहुंची NIA और NSG की टीमें बुधवार शाम से ही इसकी जांच में जुटी हुई थीं। पुलिस ने यहां कार खड़ी करने वाले फहीम को गिरफ्तार किया है।

फहीम अल-फलाह यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर ऑपरेटर और आतंकी डॉ. उमर का असिस्टेंट है। फहीम की बहन यहां रहती है, इसलिए वह मंगलवार रात कार यहां खड़ी कर चला गया। कार बरामदगी के बाद आसपास के घर खाली करा 200 मीटर का एरिया सील किया गया है।

ब्रेजा कार की जांच के लिए हरियाणा पुलिस की बम स्क्वॉड टीम जांच करने पहुंची।

3 जिलों में खाद डीलरों की दुकानें खंगालीं इस मामले में पुलिस को अब चौथी स्विफ्ट डिजायर कार की तलाश है। विस्फोटक बेचने के शक में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने गुरुग्राम, फरीदाबाद और नूंह के खाद डीलरों की दुकानें खंगालीं। नूंह से एक खाद डीलर को हिरासत में लिया गया है।

फरीदाबाद के खंदावली गांव में खड़ी लाल इको स्पोर्ट कार और जांच करने पहुंची दिल्ली की CFSL टीम।

यूनिवर्सिटी को फर्जी मान्यता के मामले में नोटिस इधर, नेशनल असेसमेंट एंड एक्रेडिटेशन काउंसिल (NAAC) ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद को फर्जी तरीके से मान्यता का दावा करने के मामले में शो कॉज नोटिस जारी किया है। NAAC ने कहा कि यूनिवर्सिटी न तो NAAC से मान्यता प्राप्त है और न ही उसने साइकिल-1 के तहत किसी भी मान्यता के लिए आवेदन किया। इसके बावजूद विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर गलत तरीके से यह उल्लेख किया गया है। यूनिवर्सिटी ने वेबसाइट को बंद कर दिया है।

वहीं, अल-फलाह यूनिवर्सिटी से डॉ. उमर और मुजम्मिल से जुड़ी डायरियां और डॉक्यूमेंट्स बरामद किए गए हैं। इनमें ‘ऑपरेशन’ जैसे शब्द से कोड वर्ड लिखे होने की बात सामने आ रही है।

फिरोजपुर झिरका में टोल प्लाजा की CCTV फुटेज में आतंकी उमर की कार दिखाई दी।

9 नवंबर को फिरोजपुर झिरका में रुका था आतंकी उमर सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आतंकी उमर 9 नवंबर को फिरोजपुर झिरका में रुका था। जिसके बाद सुबह फिरोजपुर झिरका से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे होते हुए गया था। CCTV फुटेज में उसकी कार दिखाई दी, जिसमें विस्फोटक सामग्री भरी हुई थी।

मामले में पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

लाइव अपडेट्स

15 मिनट पहले

फरीदाबाद के थाने में खड़ी की लाल गाड़ी

फरीदाबाद के खंदावली गांव से बरामद लाल गाड़ी को सेक्टर 58 के थाने में ले जाया गया है।

37 मिनट पहले

मंत्री आरती बोलीं- डॉक्टरों का आतंकी लिंक शर्मनाक

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने फरीदाबाद की अलफलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े डॉक्टरों के आतंकी कनेक्शन और दिल्ली ब्लास्ट को लेकर कहा कि शिक्षित लोगों द्वारा ऐसा घृणित कार्य करना पूरे समाज के लिए दुखद है। ऐसे कृत्यों से डॉक्टरी जैसे पवित्र पेशे पर दाग लगता है, जिससे अच्छे डॉक्टर और मेडिकल प्रोफेशनल भी आहत हुए हैं। आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी देशद्रोही को बख्शा नहीं जाएगा।

58 मिनट पहले

अल-फलाह यूनिवर्सिटी में कल पहुंचेगी ED

फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में कल प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पहुंचेगी। टीम यूनिवर्सिटी की फंडिंग के सोर्स की जांच करेगी। जानकारी के मुताबिक, यूनिवर्सिटी को चैरिटेबल ट्रस्ट के तहत चलाया जाता है। अब ईडी यह पता लगाएगी कि यूनिवर्सिटी को फंडिंग किन-किन सोर्स से और कहां-कहां से मिलती रही है।

05:36 PM13 नवम्बर 2025

गाड़ी की तलाशी ले रही बम स्क्वॉड

ढाई घंटे से बम स्क्वॉड की टीम अल फलाह यूनिवर्सिटी में डॉक्टर शाहीन की कार को खंगाल रही है। सेफ्टी लेयर बनाकर टीम गाड़ी की तलाशी ले रही है।

05:17 PM13 नवम्बर 2025

9 नवंबर को फिरोजपुर झिरका में रुका था उमर

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक डॉक्टर उमर 9 नवंबर को फिरोजपुर झिरका में रुका था। जिसके बाद सुबह फिरोजपुर झिरका से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे होते हुए गया था। फिरोजपुर झिरका टोल प्लाजा की CCTV फुटेज में उसकी कार दिखाई दी, जिसमें विस्फोटक सामग्री भरी हुई थी। यह फुटेज 10 नवंबर की सुबह, यानी धमाके वाले दिन की है। जांच में पता चला है कि विस्फोटक में इस्तेमाल की गई खाद (फर्टिलाइज़र) उमर ने मेवात से ही खरीदी थी, वह भी डॉ. मुझमिल की गिरफ्तारी से पहले।

उमर नूंह में कैसे आया, इसकी जांच के लिए दिल्ली की कई टीमें दिल्ली अलवर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी हुई हैं।

05:13 PM13 नवम्बर 2025

डेढ़ महीने में 35 हजार किमी चली ब्रेजा कार

ब्रेजा कार की नई डिटेल सामने आई है। जांच में पता चला है कि इस गाड़ी को डेढ़ महीने में करीब 35 हजार किलोमीटर चलाया गया है। यूनिवर्सिटी में खड़ी इस गाड़ी की जानकारी गिरफ्तार डॉक्टर शाहीन ने खुद जम्मू-कश्मीर पुलिस को दी थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दिल्ली स्पेशल सेल और फरीदाबाद क्राइम ब्रांच को तुरंत कार की निगरानी में लेने के निर्देश दिए थे।

शाहीन की यह ब्रेजा कार अल-फलाह यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग स्टूडेंट्स की बिल्डिंग के साइड में खड़ी मिली। जांच में गाड़ी के अंदर से एक लिफाफे में कार के कागज, डॉक्टर का एप्रन कोट और स्टेथोस्कोप बरामद हुआ। पूरी जांच के बाद फिलहाल कार के अंदर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई है।

04:54 PM13 नवम्बर 2025

यूनिवर्सिटी ने कहा- बाहर से कोई फंडिंग नहीं

दिल्ली में अल-फलाह यूनिवर्सिटी के लीगल एडवाइजर मोहम्मद रजी ने कहा कि हमारी यूनिवर्सिटी को फंडिंग सिर्फ फीस से होती है। हमें बाहर से फंडिंग रिसीव नहीं होती। मैनेजमेंट जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करेंगे।

04:52 PM13 नवम्बर 2025

जहां लाल गाड़ी खड़ी थी, वहां के VIDEO देखें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024