आतंकी बाबरी का बदला लेना चाहते थे:देशभर में 32 कारों से धमाके की साजिश थी; दिल्ली कार ब्लास्ट इसी का हिस्सा था
लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए धमाके की जांच में गुरुवार को बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आतंकी 6 दिसंबर, यानी बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की बरसी के दिन दिल्ली समेत कई जगह धमाके करना चाहते थे।
इसके लिए उन्होंने 32 कारों का इंतजाम किया था। इनमें बम और विस्फोटक सामग्री भरकर धमाके किए जाने थे। इनमें ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर, इकोस्पोर्ट और आई20 जैसी गाड़ियां शामिल थीं। जांच एजेंसियों को अब तक चार कारें बरामद हो चुकी हैं।
10 नवंबर जिस आई20 कार में धमाका हुआ था, वह इसी सीरियल रिवेंज अटैक का हिस्सा थी। ब्लास्ट से अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोग घायल हैं, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।
CCTV फुटेज की 2 तस्वीरें…
वहीं, केंद्र सरकार ने दिल्ली कार ब्लास्ट को आतंकी हमला माना है। बुधवार को कैबिनेट मीटिंग में टेरर अटैक पर प्रस्ताव पारित किया गया।
ब्लास्ट से जुड़ी दूसरी गाड़ी की जांच जारी
पुलिस ने आशंका जताई थी कि दिल्ली धमाके में शामिल आतंकियों के पास एक नहीं, बल्कि दो कारें थीं। बुधवार को इसकी तलाश के लिए दिल्ली के साथ पड़ोसी राज्यों यूपी और हरियाणा में अलर्ट जारी किया गया था। इसके बाद हरियाणा के खंदावली गांव में लावारिस गाड़ी की खबर सामने आई।
इस गाड़ी की जांच के लिए NSG बॉम्ब स्क्वाड की टीम पहुंची है। गाड़ी अभी तक पूरी तरह से खोली नहीं गई है। सोर्स के अनुसार गाड़ी जहां मिली, वह उमर के ड्राइवर की बहन का घर था।
दिल्ली ब्लास्ट में 3 खुलासे…
- पहला: जनवरी में लाल किले की रेकी की थी- दिल्ली को दहलाने की साजिश जनवरी से रची जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल डंप डेटा से पता चला कि फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी से गिरफ्तार असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मुजम्मिल गनी और धमाके में कथित रूप से मारे गए डॉ. उमर नबी ने जनवरी में कई बार लाल किले की रेकी की थी। दोनों ने वहां की सुरक्षा-और भीड़ का पैटर्न समझा था। पुलिस को शक है कि आतंकियों की प्लानिंग 26 जनवरी पर लाल किले पर हमले की थी, जो तब नाकाम हो गई।
- दूसरा: दिल्ली में 6 दिसंबर को हमले का प्लान था – नबी दिल्ली में 6 दिसंबर को हमला करना चाहता था, लेकिन मुजम्मिल की गिरफ्तारी से प्लान बिगड़ गया। यह बात 8 आरोपियों से पूछताछ में सामने आई हैं। इस अंतरराज्यीय मॉड्यूल का केंद्र फरीदाबाद में था। गिरफ्तार आतंकियों में 6 डॉक्टर हैं। श्रीनगर का रहने वाला एक अन्य संदिग्ध डॉ. निसार फरार है। वह डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ कश्मीर का अध्यक्ष भी है। अलफलाह में पढ़ा रहा था। जम्मू-कश्मीर सरकार ने डॉ. निसार को बर्खास्त कर दिया है।
- तीसरा: खाद की बोरी बता विस्फोटक जुटा रहा था गनी– फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी में काम कर रहा कश्मीरी डॉ. मुजम्मिल गनी खाद की बोरियां बताकर किराए के कमरे में विस्फोटक सामग्री जमा कर रहा था। 20 दिन पहले मुजम्मिल कमरे में कुछ बोरियां रखने आया था, तब पड़ोसियों ने उससे पूछा था कि इसमें क्या है? जवाब में मुजम्मिल ने कहा था कि ये खाद के कट्टे हैं। इन्हें कश्मीर ले जाना है। इस कमरे से 100 मीटर दूर एक मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिए हैं।
मैप से समझिए धमाके की लोकेशन
दिल्ली धमाके से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
शाह बोले- दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली ब्लास्ट के दोषियों को ऐसी सख्त सजा दी जाएगी, जिससे दुनिया को संदेश मिले कि भारत में ऐसा करने की हिम्मत कोई दोबारा न करे।
गुजरात के मेहसाणा जिले के एक गांव में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो लिंक से बोलते हुए शाह ने कहा- इस कायराना हमले में शामिल हर व्यक्ति को कानून के दायरे में लाकर कड़ी सजा दी जाएगी।
उन्होंने ब्लास्ट में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी जताई। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि आतंकवाद के दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलेगी, और यह संकल्प जरूर पूरा होगा।
दिल्ली पुलिस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की
दिल्ली पुलिस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कहा है कि रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और एयरपोर्ट पर समय से पहले पहुंचें, ताकि जांच के दौरान देर न हो। यात्रियों को ट्रेन छूटने से 1 घंटे पहले, मेट्रो के लिए 20 मिनट पहले और अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए 3 घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
हरियाणा पुलिस की टीम अल फलाह यूनिवर्सिटी से रवाना
हरियाणा पुलिस की टीम फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी में जांच करने पहुंची थी। जांच पूरी होने के बाद पुलिसकर्मी वहां से लौट गए।
असम में दिल्ली धमाके का समर्थन करने पर 17 लोग गिरफ्तार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि अब तक दिल्ली धमाके की तारीफ करने या समर्थन करने वाले 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, “हम ऐसे लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर किए गए 100 से ज्यादा पोस्ट की जांच चल रही है। जब तक इस पूरे नेटवर्क को खत्म नहीं कर देते, कार्रवाई जारी रहेगी।”
दिल्ली पुलिस लाल किले के पास जांच कर रही
कानपुर के बाद हापुड़ से डॉक्टर को उठाया, यह मुजम्मिल का क्लासमेट
यूपी एटीएस एक्शन मोड में है। 24 घंटे के भीतर जम्मू-कश्मीर के रहने वाले दो डॉक्टरों को हिरासत में लिया है। आज दोपहर हापुड़ के मेडिकल कॉलेज से गायनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर फारुख को उसके हॉस्टल से उठाया। फारुख ने फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉ. मुजम्मिल शकील के साथ पढ़ाई की है। मुजम्मिल के पास ही विस्फोटक बरामद हुआ था
