Headlines

एक्ट्रेस कंगना पर आगरा में चलेगा राष्ट्रद्रोह का केस:स्पेशल जज ने याचिका स्वीकार की, कहा था- किसान आंदोलन में रेप-मर्डर हुए

BREAKING

एक्ट्रेस कंगना पर आगरा में चलेगा राष्ट्रद्रोह का केस:स्पेशल जज ने याचिका स्वीकार की, कहा था- किसान आंदोलन में रेप-मर्डर हुए

आगरा5 मिनट पहले
कंगना रनोट ने दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में किसानों पर टिप्पणी की थी।

आगरा में कंगना रनोट के खिलाफ किसानों के अपमान और राष्ट्रद्रोह का केस चलेगा। स्पेशल जज MP-MLA लोकेश कुमार की कोर्ट में बुधवार को सुनवाई हुई। इसमें कोर्ट ने कंगना के खिलाफ दायर रिवीजन याचिका स्वीकार कर ली।

कोर्ट ने कहा- जिस निचली अदालत ने कंगना के केस को निरस्त किया था, अब उसी कोर्ट में सुनवाई होगी। इससे पहले 10 नवंबर (सोमवार) को कोर्ट कंगना के वकीलों की बहस सुनने के बाद फैसला सुरक्षित कर लिया था।

कंगना रनोट हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद हैं। उनके खिलाफ किसानों के अपमान और राष्ट्रद्रोह का केस दायर है। उन पर राष्ट्रद्रोह का केस दर्ज करने की मांग की गई थी। कंगना आज तक कोर्ट में पेश नहीं हुई हैं। उनको 6 समन जारी हो चुके हैं।

दरअसल, वकील रमाशंकर शर्मा ने 11 सितंबर, 2024 को कंगना रनोट के खिलाफ कोर्ट में राष्ट्रद्रोह का आरोप लगाते हुए याचिका दायर की थी। इसमें आरोप लगाया था कि कंगना ने 26 अगस्त, 2024 को एक इंटरव्यू में किसानों के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की थी। इससे उनकी और लाखों किसानों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

कहा था- किसान आंदोलन के समय रेप-मर्डर हुए 24 अगस्त 2024 को कंगना ने एक इंटरव्यू के दौरान दैनिक भास्कर से कहा था- किसान आंदोलन के समय रेप-मर्डर हुए। बिल वापसी न होती तो प्लानिंग लंबी थी। इसके बाद उनके खिलाफ आगरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा ने MP/MLA कोर्ट में 11 सितंबर को याचिका दाखिल की थी। आरोप लगाया कि कंगना ने धरने पर बैठे लाखों किसानों पर अभद्र टिप्पणी की। उन पर राष्ट्रद्रोह का केस लगे।

कंगना के बयान से किसानों की भावनाएं आहत हुईं एडवोकेट रमाशंकर शर्मा ने कहा- मैं भी किसान परिवार से हूं। 30 साल तक खेती-किसानी की। किसानों और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति सम्मान रखता हूं।

कंगना ने हमारी और लाखों किसानों की भावनाएं आहत की हैं। 31 अगस्त को उन्होंने पुलिस कमिश्नर और थाना न्यू आगरा को शिकायत भेजकर कार्रवाई करने की मांग भी की थी।

रमाशंकर शर्मा ने दैनिक भास्कर को बताया- 27 अगस्त को मैंने समाचार पत्रों को पढ़ा। इसमें लिखा था कि कंगना ने कहा, अगस्त 2020 से दिसंबर 2021 तक किसान काले कानूनों के विरोध में दिल्ली बॉर्डर पर धरने पर बैठे थे। उस दौरान रेप और मर्डर हुए।

अगर देश का नेतृत्व मजबूत नहीं होता तो देश में बांग्लादेश जैसे हालात होते। इसका मतलब साफ है कि उन्होंने किसानों को हत्यारा, बलात्कारी, आतंकवादी और उग्रवादी करार दिया।

7 नवंबर, 2021 को कंगना रनोट का एक बयान छपा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि गाल पर चाटा खाने के बाद भीख मिलती है, आजादी नहीं। 1947 में जो आजादी हमें मिली, वो महात्मा गांधी के भीख के कटोरे में मिली थी।

असली आजादी तब मिली, जब 2014 में सत्ता में नरेंद्र मोदी की सरकार आई। इसका मतलब साफ है कि आजादी में महात्मा गांधी, सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर जैसे तमाम महापुरुषों ने जो बलिदान दिया, वो बेकार है। इस तरह कंगना ने राष्ट्रपिता का भी अपमान किया।

पहले भी किसानों पर विवादित बयान दे चुकी हैं कंगना

1- आंदोलनकारी किसानों की तुलना खालिस्तानी आतंकियों से की

किसानों को खालिस्तानी बताकर कंगना ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाई थी।

कंगना ने किसान आंदोलन के दौरान कई बयान दिए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर आंदोलनकारियों की तुलना खालिस्तानी आतंकियों से की थी। उन्होंने लिखा था- खालिस्तानी आतंकवादी आज सरकार पर दबाव बना रहे हैं, लेकिन हमें एक महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को नहीं भूलना चाहिए। इंदिरा गांधी ने इन्हें अपनी जूती के नीचे कुचल दिया था।

2- किसान आंदोलन में महिलाएं 100 रुपए में शामिल होती हैं

सोशल मीडिया पर कंगना का वह पोस्ट जिसमें उन्होंने प्रदर्शनकारी महिला को 100 रुपए में उपलब्ध होने वाली बताया।

किसान आंदोलन के वक्त कंगना ने 27 नवंबर 2020 को एक सोशल मीडिया पोस्ट की। इसमें उन्होंने एक महिला का फोटो पोस्ट करते हुए लिखा था कि किसानों के प्रदर्शन में शामिल हुई यह महिला वही मशहूर बिलकिस दादी हैं। यह शाहीन बाग के प्रदर्शन में भी थी, जो 100 रुपए लेकर उपलब्ध हैं।

CISF कॉन्स्टेबल ने कंगना को जड़ा था थप्पड़

यह वीडियो थप्पड़ मारने के तुरंत बाद का है, जिसमें वहां बहस होती दिख रही है।

सालभर पहले पहले कंगना रनोट जब चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर आईं तो यहां CISF की महिला कॉन्स्टेबल कुलविंदर कौर ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। CISF कॉन्स्टेबल का वीडियो भी सामने आया था। इसमें वह कह रही थीं कि कंगना ने जब किसान आंदोलन में शामिल महिला को 100 रुपए में धरना देने वाली कहा था, तो उसकी मां भी धरने पर बैठी थीं। थप्पड़ जड़ने के बाद एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने कुलविंदर कौर को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था।

——————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024