मोकामा में जनसुराज पार्टी समर्थक की हत्या:अनंत सिंह समर्थकों पर आरोप; BJP ने PM के खिलाफ अभद्र बयान पर चुनाव आयोग में राहुल की शिकायत की
मोकामा में गुरुवार (30 अक्टूबर) को जनसुराज के कैंडिडेट पीयूष प्रियदर्शी के काफिले पर हमला हुआ। इसमें उनके चाचा दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जनसुराज के नेताओं ने बताया कि हमारे कैंडिडेट का काफिला अनंत सिंह की गाड़ी के पीछे था। अचानक अनंत सिंह के समर्थक गाड़ियों से निकले और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना घोसवरी की है।
PM के खिलाफ अभद्र बयान पर BJP ने चुनाव आयोग में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की शिकायत की है। राहुल ने मुजफ्फरपुर में बुधवार को चुनाव रैली में कहा था कि आप उनसे कहो कि देखो भइया हम आपको वोट देंगे। आप स्टेज पर आकर नाच लो, वो नाच लेंगे।
बिहार चुनाव से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
मोकामा में जनसुराज के नेता पर लाठी-डंडे बरसाए
मोकामा में गुरुवार (30 अक्टूबर) को जनसुराज के कैंडिडेट पीयूष प्रियदर्शी के काफिले पर हमला हुआ है। इसमें उनके चाचा दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
जनसुराज के नेताओं ने बताया कि हमारे कैंडिडेट का काफिला अनंत सिंह की गाड़ी के पीछे था। अचानक से अनंत सिंह के समर्थक गाड़ियों से निकले और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना घोसवरी की है।
मौके पर मौजूद जनसुराज के नेता गोविंद ने बताया, ‘हम लोग पीयूष प्रियदर्शी के काफिले की 10 गाड़ियों के पीछे थे। सामने से अनंत सिंह का काफिला आ रहा था। जब सामने से दोनों काफिले गुजरे तो अनंत सिंह के समर्थकों ने पीयूष प्रियदर्शी की गाड़ी पर हमला किया। कांच तोड़ दिया, तोड़फोड़ भी की।
JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद बोले- छठ मैया पर राहुल के बयान के गंभीर परिणाम होंगे
राहुल गांधी के छठ पूजा वाले बयान पर जेडी(यू) नेता राजीव रंजन प्रसाद ने पटना में कहा, “यह आम बिहारी की आस्था और विश्वास का मामला है। बिहार के लोगों का छठ मैया से आध्यात्मिक, धार्मिक और भावनात्मक जुड़ाव है। यह आत्मघाती बयान है और कांग्रेस व आरजेडी को इसके गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। “
दिल्ली CM रेखा गुप्ता बोलीं- बिहार के लोग चारा खाने वालों के झांसे में नहीं आएंगे
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को पटना में विपक्षी गठबंधन को “महाठगबंधन” और “ठगों की दुकान” करार दिया। पत्रकारों से बात करते हुए, गुप्ता ने कहा, “यह महाठगबंधन है। यह ठगों की दुकान है। जो लोग पहले ही चारा खा चुके हैं, वे अब उम्मीद कर रहे हैं कि जनता उनके झांसे में आ जाएगी, लेकिन वे नहीं आएंगे।”
बिहार भाजपा अध्यक्ष जायसवाल बोले, राहुल-तेजस्वी जुमलेबाजी कर रहे
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर में कहा, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के नेता चुनावी वादों के तहत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा करके “जुमलाबाज़ी” कर रहे हैं। जायसवाल ने कहा मैं भविष्यवाणी कर रहा हूं कि अगले 6-7 दिनों में तेजस्वी और राहुल दोनों जुमलेबाजी करेंगे। कभी सोने की चेन देंगे, कभी चांदी का कटोरा।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा- बिहार के लोगों ने हमारे NDA गठबंधन को चुनने का मन बना
मोतिहारी में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी के छठ पूजा वाले बयान पर कहा, यह उनकी तुच्छ मानसिकता का प्रमाण है और वे अपने मूल्यों को भूल गए हैं। बिहार के लोगों ने हमारे NDA गठबंधन को चुनने का मन बना लिया है।
तेजस्वी बोले- शाह मुझे धमकी देते हैं,पर लालू का बेटा डरने वाला नहीं
दरभंगा के गौराबौराम विधानसभा क्षेत्र में तेजस्वी यादव ने VIP के प्रत्याशी संतोष सहनी के लिए वोट मांगे। तेजस्वी ने कहा, ये बिहार बनाने की लड़ाई है। पूरे देश की नजर अभी बिहार पर है। शाह हमें धमकी देते हैं कि ऐसा सबक सिखाएंगे कि अगला चुनाव लड़ने से पहले सोचेंगे। लेकिन बिहार बाहरी से डरने वाला नहीं है। हम बिहारी हैं, अमित शाह जी। लालू जी ने जब आडवाणी जी को नहीं छोड़ा, तो उनका बेटा तेजस्वी कैसे डरेगा।
हिमाचल CM सुक्खू बोले- बिहार में 20 साल में कोई विकास नहीं
हिमाचल प्रदेश के CM सुखबीर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को पटना में कहा कि बिहार में एनडीए के 20 साल के शासन में विकास का कोई नामोनिशान नहीं है। यह इस तथ्य से स्पष्ट है कि बिहार में 64 प्रतिशत लोग 66 रुपए प्रतिदिन पर गुज़ारा करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में बदलाव की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार, जो एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभर सकता था, एनडीए सरकार ने उसे बदहाल स्थिति में छोड़ दिया है।
शाह बोले- राहुल बाबा ने छठ मइया का अपमान किया, कांग्रेस ने PM की मां का
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लखीसराय में जनसभा को संबोधित किया। शाह ने कहा कि राहुल बाबा ने बिहार में आकर छठ मइया का अपमान किया है। बिहार के लोग इसका बदला लेंगे। राहुल बाबा छठ मइया को आप और आपकी माता जी नहीं समझ पाएंगी। आपके कार्यकर्ताओं ने मोदी जी की माता जी को अपमानित किया और आपने छठ मइया का अपमान किया है। ये बिहार है जब 14 तारीख को डब्बे खुलेंगे, दूर-दूर तक NDA होगा।
