पंचकूला में हुई IPS पूरन कुमार की अंतिम अरदास:नाडा साहिब गुरुद्वारे में छोटी बेटी-ससुर भावुक हुए; दिल्ली में भी होगी शोकसभा
हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई. पूरन कुमार के लिए रविवार (26 अक्टूबर) को पंचकूला के नाडा साहिब गुरुद्वारे में अंतिम अरदास हुई। यहां गुरबाणी के पाठ के दौरान पूरन कुमार की छोटी बेटी अमूल्या और शोक संदेश पढ़ते हुए पूरन कुमार के ससुर बी. रतन सिंह की आंखों से आंसू निकल आए।
अंतिम अरदास में हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी, कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा समेत कई नेता और लोग पूरन कुमार को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
दिल्ली के पूर्व मंत्री संदीप वाल्मीकि ने कहा कि दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में भी जल्दी बड़ी शोक सभा रखी जाएगी। इसके लिए जल्द डेट तय की जाएगी।
7 अक्टूबर को वाई. पूरन कुमार ने चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। उन्होंने एक 8 पेज का सुसाइड नोट और एक पेज की वसीयत छोड़ी, जिसमें उन्होंने हरियाणा के DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक के तत्कालीन SP नरेंद्र बिजारणिया समेत 15 मौजूदा व पूर्व अधिकारियों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे।
अंतिम अरदास के PHOTOS…
अंतिम अरदास में किसने क्या कहा…..
राव नरेंद्र बोले- सही ढंग से जांच हो हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शोक संदेश पढ़ते हुए कहा कि इस मामले की सही ढंग से जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में लोग निडर होकर अपनी बात रख सकें।
पंजाब विधानसभा अध्यक्ष बोले- इकट्ठे होकर लड़ना होगा पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि हमारे परिवार का एक सदस्य चला गया, लेकिन दबे कुचले लोगों के दिल में लड़ने की ललक जगा गया। हम सभी को इकट्ठे होकर लड़ना होगा।
किसान नेता चढ़ूनी बोले- CBI से जांच हो भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि पूरन कुमार के केस की हरियाणा, पंजाब या चंडीगढ़ पुलिस के बजाय CBI से जांच होनी चाहिए, ताकि सच सामने आ सके।
