Headlines

जैसलमेर अग्निकांड में मौत का आंकड़ा बढ़ा:जोधपुर में तैयार हो रही 66 बसों को किया जब्त; स्लीपर बस मालिक और ड्राइवर गिरफ्तार

जैसलमेर अग्निकांड में मौत का आंकड़ा बढ़ा:जोधपुर में तैयार हो रही 66 बसों को किया जब्त; स्लीपर बस मालिक और ड्राइवर गिरफ्तार

जोधपुर/जैसलमेर56 मिनट पहले
14 अक्टूबर को जैसलमेर में हुए बस अग्निकांड में अब तक 22 लोगों की जान चली गई है। 6 मरीज अब भी जोधपुर के हॉस्पिटल में वेंटिलेटर पर हैं।

जैसलमेर बस अग्निकांड में पुलिस ने बुधवार रात बस मालिक तुराब अली और ड्राइवर शौकत को गिरफ्तार कर लिया। एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया- इस मामले में 2 FIR दर्ज हुई थी।

वहीं, इस अग्निकांड में मृतकों की संख्या 22 हो गई है। 54 साल की भागा बानो की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। अब तक की रिपोर्ट के अनुसार, जोधपुर एम्स और महात्मा गांधी अस्पताल में रखे 18 शव परिजनों को सौंप दिए हैं। एक शव की पहचान नहीं हो पाई है।

हादसे के बाद परिवहन विभाग की टीम ने जैनम कोच क्राफ्टर, जोधपुर परिसर में तैयार हो रही 66 बसों को जब्त किया है। टीम यह भी जांच की जा रही है कि बस बॉडी निर्माण के दौरान निर्धारित बॉडी कोड मानकों का उल्लंघन तो नहीं किया गया।

राज्य सरकार ने एक स्वतंत्र संस्था सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट (CIRT) पुणे को भी इस घटना की तकनीकी जांच के लिए बुलाया है। CIRT की टीम संभवतः आगामी शनिवार एवं रविवार को जैसलमेर का दौरा करेगी और अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को प्रस्तुत करेगी।

पीड़ितों के सीएम ने की आर्थिक पैकेज की घोषणा इधर, हादसे के पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। जिस परिवार में तीन या इससे ज्यादा लोगों की जान गई है, उन्हें कुल 25 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

एक परिवार से एक या दो मौत होने पर प्रति व्यक्ति 10-10 लाख रुपए दिए जाएंगे। गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। साधारण रूप से घायल हुए लोगों को एक-एक लाख रुपए मिलेंगे।

इसी बस में जलने से 22 लोगों की मौत हुई है। हादसे के दिन बस जैसलमेर से निकली तो स्टेशन रोड से गुजरते समय एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में तस्वीर कैद हो गई।

6 मरीज वेंटिलेटर पर, 8 घायल डॉक्टर की निगरानी में जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल के अनुसार, 6 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। इसके अलावा 8 घायलों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उधर, डीएनए टेस्ट एवं पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को परिवार वालों को सौंपे जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

जैसलमेर से जोधपुर जा रही प्राइवेट AC स्लीपर बस में 14 अक्टूबर की दोपहर 3.30 बजे आग लग गई थी। मौके पर ही 19 लोग जिंदा जल गए थे। एक व्यक्ति ने जैसलमेर से जोधपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था।

बस अग्निकांड में शेरगढ़ (जोधपुर) के रहने वाले महेंद्र मेघवाल, उनकी पत्नी पार्वती मेघवाल, बेटी, खुशबू, दीक्षा और बेटे शौर्य की मौत हो गई थी। उनके परिवार वाले मुआवजे की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए हैं।
जैसलमेर में 14 अक्टूबर की देर रात तक बस के अंदर से सभी शव निकाल लिए गए थे।

बस अग्निकांड से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए…

उपमुख्यमंत्रीजी, आपके बस में बिना चढ़े सुरक्षा गारंटी चाहिए:21 लाशें पूछ रही है उन हत्यारों को सजा कब, जो न सरकार को जानते हैं, न सिस्टम को

बस में से जलते हुए कूदे यात्रियों का VIDEO:चश्मदीद बोला- झुलसी महिलाएं अपना शरीर बचा रही थीं, आसपास से कपड़े मंगवाकर उन्हें ढंका

जलती बस से कूदकर दौड़े थे पैसेंजर्स,जले हुए बैठे रहे;VIDEO:महिला चिल्लाई यहां एक लेडीज है, पहले उन्हें ले जाओ, हिम्मत करो एम्बुलेंस तक तो चलो

खबर के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

अपडेट्स

56 मिनट पहले

गोपीलाल दर्जी का शव घर पहुंचा तो मची चीख पुकार

गोपीलाल दर्जी का शव लाठी (जैसलमेर) पहुंचते ही परिजनों की चीख पुकार मच गई। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए।

58 मिनट पहले

राजेंद्र चौहान का अंतिम संस्कार, बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे

जैसलमेर बस हादसे में जान गंवाने वाले राजेंद्र सिंह चौहान का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

05:36 PM16 अक्टूबर 2025

डीएनए मैच के बाद परिजनों को सौंप दिए शव

जोधपुर-जैसलमेर हाईवे पर बस अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के शव जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल और जोधपुर एम्स में रखे थे। डीएनए मैच होने के बाद गुरुवार को सभी शव परिजनों को सौंप दिए गए।

05:05 PM16 अक्टूबर 2025

जैसलमेर कलेक्टर बोले- एंबुलेंस से घर भेजे गए सभी शव

जैसलमेर कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया- 18 शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। एंबुलेंस से सभी शव घर भेजे गए हैं। 1 शव की पहचान नहीं हो पाई है।

04:27 PM16 अक्टूबर 2025

जोधपुर एम्स और MGH में रखे 18 शव परिजनों को सौंपे

महात्मा गांधी हॉस्पिटल और जोधपुर एम्स में रखे 18 शव परिजनों को सौंपें जा चुके हैं। एडीएम अंजुम ताहिर ने बताया- एक शव की शिनाख्त नहीं हुई है, इसलिए उसे मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

04:14 PM16 अक्टूबर 2025

जैसलमेर के दीपक का शव भी परिजनों को सौंपा

जैसलमेर के रहने वाले दीपक का शव परिजनों को सौंपा गया। अब शव को जैसलमेर ले जाया जा रहा है।

04:00 PM16 अक्टूबर 2025

महात्मा गांधी अस्पताल से मां-2 बच्चों के शव सौंपे

महात्मा गांधी हॉस्पिटल से पार्वती मेघवाल, उनके 2 बच्चों शौर्य मेघवाल और दीक्षा मेघवाल का शव एंबुलेंस से रवाना किया गया है। महेंद्र मेघवाल और खुशबू मेघवाल का शव एम्स से लेकर पूरे परिवार के शव घर ले जाए जाएंगे।

03:52 PM16 अक्टूबर 2025

बीजेपी विधायक ने धरने पर बैठे परिजनों से बात की

जोधपुर के शेरगढ़ से भाजपा विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने महात्मा गांधी हॉस्पिटल में धरने पर बैठे महेंद्र मेघवाल के परिजनों से बातचीत की। सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री मदन दिलावर से मिलकर लौटने के बाद उनके साथ हुई चर्चा की जानकारी दी।

03:49 PM16 अक्टूबर 2025

स्वतंत्र संस्था CIRT पुणे को भी सौंपी गई जांच

राज्य सरकार ने एक स्वतंत्र संस्था सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट (CIRT) पुणे को भी इस घटना की तकनीकी जांच के लिए आमंत्रित किया है। CIRT की टीम संभवतः आगामी शनिवार एवं रविवार को जैसलमेर का दौरा करेगी और अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को प्रस्तुत करेगी।

प्रदेशव्यापी विशेष निरीक्षण अभियान, अब तक 53 बसें जब्त उधर, प्रदेश में चल रहे विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान बस बॉडी कोड उल्लंघन के मामलों में अब तक 53 बसें जब्त की जा चुकी हैं।

परिवहन संघों से सहयोग का अनुरोध परिवहन विभाग ने सभी बस परिवहन संघों से आह्वान किया गया है कि वे इस अभियान में पूर्ण सहयोग करें तथा बसों में बस बॉडी में सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के बाद ही उनका संचालन करें।

03:34 PM16 अक्टूबर 2025

सरकार ने गठित की 5 सदस्यीय उच्चस्तरीय कमेटी

राज्य सरकार ने 5 सदस्यीय उच्चस्तरीय कमेटी गठित की है। इस गठित कमेटी में ओमप्रकाश बुनकर (अपर परिवहन आयुक्त, प्रशासन एवं संयुक्त शासन सचिव), धर्मेंद्र कुमार (प्रादेशिक परिवहन अधिकारी-द्वितीय), रवि सोनी (कार्यकारी निदेशक, यांत्रिकी, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम), हनुमान सिंह (संयुक्त महा प्रबंधक, सेंट्रल वर्कशॉप, जोधपुर), नवनीत बाटड़ (मोटर वाहन निरीक्षक, मुख्यालय) शामिल हैं।

जैसलमेर घटना से संबंधित तकनीकी पहलुओं की करेगी जांच परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के अतिरिक्त परिवहन आयुक्त (प्रशासन) एवं संयुक्त शासन सचिव ओपी बुनकर ने बताया- यह समिति जैसलमेर बस दुर्घटना से संबंधित परिवहन विभागीय एवं तकनीकी पहलुओं की गहन जांच करेगी। समिति बुधवार रात को जोधपुर पहुंच चुकी है।

02:56 PM16 अक्टूबर 2025

अतिरिक्त परिवहन आयुक्त बोले- जोधपुर में बन रही 66 बसों को जब्त किया

  • परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के अतिरिक्त परिवहन आयुक्त (प्रशासन) एवं संयुक्त शासन सचिव ओपी बुनकर ने बताया- जैसलमेर बस हादसे के बाद विभाग द्वारा तत्काल जांच प्रारंभ की गई है।
  • उन्होंने बताया- प्रादेशिक परिवहन अधिकारी जोधपुर की टीम जैनम कोच क्राफ्टर, जोधपुर परिसर में निर्मित बसों की जांच कर रही है। यहां अब तक 66 बसों को जब्त किया जा चुका है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं बस बॉडी निर्माण के दौरान निर्धारित बॉडी कोड मानकों का उल्लंघन तो नहीं किया गया।
02:19 PM16 अक्टूबर 2025

बस मालिक और ड्राइवर को पुलिस ने अरेस्ट किया

जैसलमेर पुलिस ने बस ड्राइवर शौकत और बस मालिक तुराब अली को बुधवार रात को गिरफ्तार किया। एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि इस मामले में 2 FIR दर्ज हुई थी। राजेंद्र सिंह चौहान के भाई चंदन सिंह और गोपीलाल दर्जी के भाई जगदीश ने शिकायत दी थी।

01:57 PM16 अक्टूबर 2025

जैसलमेलर SP बोले- 18 DNA सैंपल मिल चुके हैं

जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया- SIT टीम में ASP कैलाशदान जुगतावत, जैसलमेर डिप्टी रूप सिंह इन्दा, नाचना SHO बुटाराम, सदर थाना SHO सुरजाराम, एएसआई राजेन्द्र कुमार को शामिल किया गया है।

अभी तक की जांच के अनुसार, बस में 35 सवारियां थीं। इसमें 22 की मौत हो चुकी है। 13 का जोधपुर में इलाज चल रहा है। मिसिंग का कोई मामला सामने नहीं आया है। 19 शवों में से 18 के डीएनए सैंपल भी मिल चुके हैं, एक सैंपल का मिलना बाकी है।

01:33 PM16 अक्टूबर 2025

चित्तौड़गढ़ RTO पहुंची पुलिस, DVR जब्त किया

जैसलमेर हादसे के बाद चित्तौड़गढ़ सदर थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह टीम के साथ RTO पहुंचे। आगे की जांच के लिए DVR जब्त कर ले गए।

01:00 PM16 अक्टूबर 2025

परिवहन विभाग के 2 अधिकारी सस्पेंड

चित्तौड़गढ़ जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) कार्यालय में पंजीकृत थी। बस बॉडी को अप्रूव करने वाले चित्तौड़गढ़ के कार्यवाहक डीटीओ सुरेंद्र सिंह और सहायक प्रशासनिक अधिकारी चुन्नी लाल को सस्पेंड कर दिया गया है।

12:54 PM16 अक्टूबर 2025

मुआवजा राशि को लेकर असमंजस, पीड़ित परिवार नाराज

पांच अलग-अलग मौत पर 50 लाख, लेकिन एक ही परिवार के यदि 5 सदस्य की मौत है तो उन्हें सिर्फ 25 लाख ही मिलेगा। इसको लेकर पीड़ित परिवार सवाल उठा रहे हैं।

इस बात को लेकर मृतक महेंद्र मेघवाल के परिजन स्पष्टीकरण की मांग करते हुए परिवार के हर सदस्य के लिए दस लाख के हिसाब से 50 लाख की मांग कर रहे हैं।

12:29 PM16 अक्टूबर 2025

जोधपुर के शेरगढ़ विधायक पहुंचे धरने पर

शेरगढ़ (जोधपुर) विधायक बाबू सिंह राठौड़ महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचे हैं। वे धरने पर बैठे मेघवाल परिवार के लोगों से बात कर रहे हैं

12:11 PM16 अक्टूबर 2025

जैसलमेर हादसे के पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा

जैसलमेर बस अग्निकांड पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

जिस परिवार में तीन या इससे ज्यादा लोगों की जान गई है, उन्हें 25-25 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। गंभीर घायलों को दो-दो लाख और साधारण घायलों को एक-एक लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।

बस में कुछ बॉडी के अवशेष ही मिले। इन्हें पोटली में इकट्‌ठा करके जोधपुर पहुंचाया गया था।
12:04 PM16 अक्टूबर 2025

पूर्व सरपंच ने कहा- आर्थिक पैकेज घोषित करे सरकार

शेरगढ़ (जोधपुर) के लावरन गांव के महेंद्र मेघवाल, उनकी पत्नी और तीनों बच्चों की मौत के बाद परिवार और गांव के लोग महात्मा गांधी हॉस्पिटल में धरने पर बैठे हैं।

गांव के पूर्व सरपंच मोमताराम ने कहा- एक परिवार के 5 चिराग बुझ गए। आज उनकी 70 साल की बुजुर्ग मां घर में अकेली हैं। महेंद्र का बड़ा भाई यूरोप में है। सरकार ने अब तक कोई आर्थिक पैकेज घोषित नहीं किया है।

11:50 AM16 अक्टूबर 2025

जैसलमेर अग्निकांड में एक और महिला ने दम तोड़ा

जैसलमेर बस अग्निकांड में झुलसी महिला ने इलाज के दौरान जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। महिला का नाम भागा बानो (54) है। वह बांबरों की ढाणी, जैसलमेर की रहने वाली थी। अब तक 22 मौतें हो चुकी हैं।

उधर, शेरगढ़ (जोधपुर) के रहने वाले महेंद्र मेघवाल उनकी पत्नी पार्वती मेघवाल, बेटी, खुशबू, दीक्षा और बेटे शौर्य की मौत हो गई थी। उनके परिवार के लोग मुआवजे की मांग करने हुए हॉस्पिटल में ही धरने पर बैठ गए हैं।

11:35 AM16 अक्टूबर 2025

मुआवजे की मांग पर अड़े परिवार वाले, जोधपुर के हॉस्पिटल में धरने पर बैठे

जोधपुर में महात्मा गांधी हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम और डीएनए टेस्ट के बाद परिजनों को शव सौंपना शुरू कर दिया गया है।

कुछ मृतकों के परिवार वाले धरना दे रहे हैं। उनका कहना है सरकार ने अभी तक उचित मुआवजा देने की घोषणा नहीं की है।

11:02 AM16 अक्टूबर 2025

हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें

एम्स हॉस्पिटल में रखे एक शव की पहचान नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी को जैसलमेर बस अग्निकांड में किसी लापता व्यक्ति से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त हो तो तुरंत इन हेल्प लाइन नंबरों पर सूचना दें।

जिला नियंत्रण कक्ष, जोधपुर 0291-2650349, 2650350

महात्मा गांधी अस्पताल, जोधपुर 9414159222

11:00 AM16 अक्टूबर 2025

अग्निकांड में हताहत लोगों के शव भेजे जा रहे

डीएनए परीक्षण और पोस्टमॉर्टम के बाद जिला प्रशासन ने शव उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हर एम्बुलेंस के साथ एक पुलिस कॉन्स्टेबल को भेजा जा रहा है। ताकि रास्ते में किसी प्रकार की असुविधा या परेशानी न हो।

10:59 AM16 अक्टूबर 2025

18 शवों की पहचान हुई

डीएनए परीक्षण के बाद 10 शव एम्स हॉस्पिटल और 9 शव महात्मा गांधी हॉस्पिटल जोधपुर में रखे गए हैं। एम्स के एक शव की पहचान नहीं हो पाई है।

एम्स हॉस्पिटल में इनके शव रखे गए हैं… 1. जितेश चौहान 2. महेन्द्र (लवारण) 3. खुशी (लवारण) 4. इरफान खान (बम्बोरो की ढाणी) 5. बरकत खान (बासनपीर) 6. शाहरूख खान (चाम्पला) 7. अयुब खान (बासनपीर) 8. बसीरा (बासनपीर) 9. जसु (कोटड़ी)

10. अज्ञात

महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इनके शव रखे हैं- 1. स्वरूप (जोधपुर) 2. गोपीलाल (लाठी) 3. जोगराज सिंह (झलारिया) 4. पार्वती (लवारण) 5. दीक्षा (लवारण) 6. शौर्य (लवारण) 7. दीपक (जैसलमेर) 8. राजेन्द्र सिंह चौहान (जैसलमेर) 9. हसीना (बम्बोरो की ढाणी)

10:03 AM16 अक्टूबर 2025

अग्निकांड के बड़े अपडेट

1. तीन महीने में तैयार हुई थी बस की बॉडी: जिला परिवहन अधिकारी नीरज शाह ने बताया कि यह बस 21 मई को बिल हुई थी और लगभग तीन महीने में इसकी बॉडी तैयार की गई। इसके बाद 1 अक्टूबर को बस का पंजीयन हुआ और 14 अक्टूबर को ही यह हादसे का शिकार हो गई। इतनी नई बस में बड़ा हादसा होना कई सवाल खड़े कर रहा है।

2. आग लगने की वजह क्या? अलग-अलग दावे : स्लीपर बस में आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। सबसे पहले बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई थी। इसके बाद एसी का कम्प्रेशर पाइप फटने से आग लगने का दावा था। अब स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की डिग्गी पटाखों से भरी थी, इस कारण आग भड़की।

3. मृतकों के परिवार को 2 लाख, घायलों को 50 हजार की मदद: जैसलमेर बस हादसे में प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। पीएम नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा- राजस्थान के जैसलमेर में हुई दुर्घटना से हुई जान-माल की हानि से मन व्यथित है।

10:00 AM16 अक्टूबर 2025

शवों की पहचान के लिए DNA सैंपल लिए जा रहे

हादसे में मारे गए लोगों के शवों की पहचान के लिए जोधपुर और जैसलमेर के हॉस्पिटल में डीएनए सैंपल लिए जा रहे है। सैंपल कलेक्शन के प्रोसेस में देरी को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024