Headlines

हरियाणा- IPS सुसाइड केस, IAS पत्नी ने पोस्टमॉर्टम नहीं कराया:सुसाइड नोट पर बड़े अफसरों की सफाई- कुछ पता नहीं था; पत्नी बोली- कार्रवाई कराऊंगी

हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई पूरन कुमार का आज (8 अक्टूबर) पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया। उनकी IAS अफसर पत्नी अमनीत पी. कुमार इसके लिए राजी नहीं हुईं। अब संभावना है कि कल (9 अक्टूबर) को बड़ी बेटी के अमेरिका से लौटने के बाद ही पोस्टमॉर्टम होगा। जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल पूरन का शव चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है।

वहीं IG पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार बुधवार सुबह ही जापान से चंडीगढ़ लौटीं। वह CM नायब सैनी के साथ ऑफिशियल टूर पर गईं थीं। सबसे पहले वह चंडीगढ़ के ही सेक्टर-24 स्थित अपने सरकारी आवास पहुंचीं। इसका पता चलते ही हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी समेत कई बड़े IAS और IPS अफसरों ने उनसे मुलाकात की।

मीटिंग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पति की सुसाइड से IAS अमनीत बहुत एग्रेसिव नजर आईं। मीटिंग में सभी अधिकारी पूरन का दूसरे अधिकारियों से विवाद के बारे में पता न होने की सफाई देते रहे। एक सीनियर अधिकारी ने यहां तक कहा कि मैं सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं, इसलिए कुछ पता ही नहीं चला। इस पर IAS अमनीत ने दोटूक कह दिया कि इस मामले में सुसाइड नोट में जिन्हें भी जिम्मेदार ठहराया गया है, उनके खिलाफ कार्रवाई कराएंगी। ऐसे में चर्चा है कि परिवार पोस्टमॉर्टम या अंतिम संस्कार से पहले CBI जांच की मांग उठा सकता है।

वहीं सीनियर अधिकारियों से मुलाकात के बाद IAS अमनीत सेक्टर-11 स्थित उस कोठी पहुंचीं, जहां पति पूरन कुमार ने सुसाइड किया। वह काफी देर तक बेसमेंट में रहीं। यहीं कल (7 अक्टूबर) को उनके IPS पति ने खुद को गोली मारी थी। इसके बाद उन्होंने सेक्टर 16 के अस्पताल जाकर पति के दर्शन किए।

आईजी पूरन कुमार की पत्नी से मिलने के लिए आए चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि हमारा साथी हमारे बीच नहीं रहा, इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं कह सकता।

पुलिस के 2 बड़े अधिकारियों सीधे जिम्मेदार ठहराए IPS के सुसाइड केस में सूत्रों से बड़ा खुलासा हो रहा है कि IPS पूरन ने 2 अधिकारियों को सुसाइड के लिए सीधे जिम्मेदार ठहराया है। इनमें एक अधिकारी स्टेट रैंक तो दूसरे SP रैंक के हैं। सोर्स यह भी बताते हैं कि यह मामला रोहतक में हुए उनके गनमैन की रिश्वत केस में गिरफ्तारी से जुड़ा हो सकता है। इस मामले में रोहतक के SP नरेंद्र बिजारणिया ने कहा था कि गनमैन ने पूछताछ में IG पूरन कुमार का नाम लिया था।

हालांकि उन्हें कोई नोटिस वगैरह नहीं दिया गया था। यह मामला शराब ठेकेदार की शिकायत से जुड़ा है। जिसमें आरोप हैं कि गनमैन मंथली दो से ढ़ाई लाख रुपए मांग रहा था। इसी मामले के बाद IG पूरन को रोहतक रेंज आईजी की फील्ड ड्यूटी से हटाकर पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज, सुनारिया (रोहतक) में लगा दिया गया। पुलिस विभाग में इस तरह की तैनाती पनिशमेंट पोस्ट मानी जाती है।

IPS पूरन कुमार के आवास के बेसमेंट में बने मूवी थिएटर में इसी सोफे पर उन्होंने खुद को गोली मार ली।

IPS पूरन सुसाइड से जुड़े 2 बड़े अपडेट्स…

  • 8 पन्ने का सुसाइड नोट छोड़ा, कई अफसरों के नाम: मंगलवार को पूरन कुमार ने सुसाइड करने से पहले अंग्रेजी में 8 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें 30 से 35 IPS अफसरों और कुछ IAS अधिकारियों के नाम लिखे होने की चर्चा है। उन्होंने इन अफसरों पर जातिवाद, पोस्टिंग में भेदभाव, एसीआर में गड़बड़ी, सरकारी आवास न मिलने और प्रशासनिक शिकायतों-मुकदमेबाजी के चलते परेशान करने की बात लिखी। DGP रैंक के एक अधिकारी पर बेवजह नोटिस भेजकर परेशान करने का आरोप भी लगाया।
  • पत्नी को भेजा था सुसाइड नोट, वसीयत भी छोड़ी: पूरन कुमार ने मंगलवार को सुसाइड करने से पहले यह नोट अपनी पत्नी और 2 अफसरों को भेजा था। सुसाइड नोट में किन-किन के नाम हैं, इस पर चंडीगढ़ पुलिस ने चुप्पी साध ली है। पूरन कुमार ने घटनास्थल पर वसीयत भी छोड़ी। इस वसीयत पर 6 अक्टूबर और सुसाइड नोट पर 7 अक्टूबर की डेट लिखी मिली। वसीयत में उन्होंने सारी प्रॉपर्टी अपनी पत्नी के नाम की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024