Headlines

ओडिशा में महिला को खींचकर नदी में ले गया मगरमच्छ:आसपास के लोग मदद को पहुंचे पर कुछ नहीं कर सके, वीडियो वायरल

ओडिशा के जाजपुर जिले में एक महिला को मगरमच्छ खींचकर नदी में ले गया। घटना कांटिया गांव में सोमवार (6 अक्टूबर) दोपहर की है। 55 साल की सौदमिनी महाला नदी में कपड़े धोने गई थीं। जैसे ही नदी में उतरी, एक मगरमच्छ ने अचानक हमला किया और उसे पानी में खींच लिया।

आसपास मौजूद लोग महिला की मदद के लिए पहुंचे लेकिन वे उसे बचा नहीं पाए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

वीडियो में मगरमच्छ महिला का हाथ मुंह में दबाकर तैरता दिखाई दे रहा है। वहीं महिला का शरीर और बाल दिखाई दे रहे हैं।

मदद की कोशिश की लेकिन कुछ नहीं कर सके

घटना के समय वहां मौजूद नबा किशोर महाला ने बताया कि जब हमने देखा कि मगरमच्छ महिला को नदी की ओर खींच रहा है, तो हम तुरंत उसकी मदद के लिए कूद पड़े,लेकिन हमारी सारी कोशिशें नाकाम रहीं।

वन विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचित किया। फिर अधिकारियों ने फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन महिला का कुछ पता नहीं चला। महिला तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। स्थानीय प्रशासन ने नदी के पास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और नदी में न जाने की अपील की है।

बता दें कि कुछ महीने पहले भी इसी स्थान पर एक बकरे को मगरमच्छ खींचा कर ले गया था, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।

राजस्थान मे भी महिला को खींच ले गया था मगरमच्छ

राजस्थान के उदयपुर में 14 सितंबर को तालाब किनारे कपड़े धो रही महिला को मगरमच्छ पानी में खींचकर ले गया। महिला की बेटी पर मगरमच्छ ने अटैक किया था। बेटी को बचाने की कोशिश करते समय मगरमच्छ ने उसे पकड़ लिया और खींचते हुए तालाब में ले गया।

इस दौरान बेटी जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे तो घटना का पता चला। सूचना पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। घटना हिरण मगरी थाना क्षेत्र की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024