Headlines

बोधगया में भारत के नक्शे से छेड़छाड़:ताइवानी बौद्धों की संस्था ने जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान, लद्दाख को चीन का हिस्सा दिखाया

गया से सटे अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल बोधगया में भारत के नक्शे से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को हटा दिया गया। जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान और लद्दाख को चीन का हिस्सा दिखाया गया। यह कार्यक्रम रविवार को ताइवान की चैरिटी संस्था की तरफ से आयोजित किया गया था। मामला सामने आने के बाद गया के डीएम ने कहा कि जांच की जा रही है।

यह कार्यक्रम रविवार को बोधगया के सुजातगढ़ में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। हालांकि, जैसे ही स्थानीय अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया, वैसे ही बैनर-पोस्टर हटा लिए गए। लेकिन, इस घटना से जुड़ा वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं। इधर, विवाद बढ़ने पर संस्था के सदस्य वहां से चले गए हैं।

सोमवार को दैनिक भास्कर की टीम कार्यक्रम स्थल पर पहुंची तो नक्शा हटा दिखा।

सुजातगढ़ में आयोजित कार्यक्रम।

भारत के नक्शे से छेड़छाड़ करना गलत

कार्यक्रम के संयोजक भंते जम्बूद्वीप ने फोन पर बताया कि अगर भारत के नक्शे के साथ छेड़छाड़ किया गया है तो गलत है। ऐसा नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम में सिर्फ ताइवान ही नहीं, बल्कि 12 देश इसमें शामिल थे।

पहले जानिए, क्या है कार्यक्रम
सुजातगढ़ ऐतिहासिक महत्व की जगह है। माना जाता है कि इस जगह का नाम उस ग्रामीण महिला सुजाता के नाम पर है, जिसने तपस्या के दौरान भगवान बुद्ध को खीर खिलाई थी। यहीं शिलोंजा गांव है। इस गांव में बोधगया में काम कर रही ताइवान के बौद्धों की एक संस्था ‘रो हाउसिंग डेवलपमेंट बुद्धिस्ट जू सी चैरिटी फाउंडेशन’ की ओर से गरीबों के लिए मकान बनाए जा रहे हैं।

यह संस्था इलाके के अनुसूचित जाति के 35 भूमिहीन लोगों को मकान बनाकर देगी। रविवार को संस्था ने इसी का शिलान्यास कार्यक्रम रखा था।

इसी कार्यक्रम में रविवार की शाम चारों तरफ बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। इसमें भारत का नक्शा दिखाया गया था। उसमें से लद्दाख को प्रमुखता से गायब कर दिया गया और उसे चीन के हिस्सा दिखाया गया। वहीं जम्मू-कश्मीर के साथ भी छेड़छाड़ किया गया है। जम्मू-कश्मीर पाकिस्तान के हिस्से में नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024