भारत Vs पाकिस्तान विमेंस वर्ल्ड कप मैच:जेमिमा दूसरी बार आउट होने से बचीं, हरमनप्रीत 19 रन बनाकर आउट; 30 ओवर में भारत- 136/3
विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान की टीमों का मुकाबला हो रहा है। कोलंबो में पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारत ने 30 ओवर में 3 विकेट पर 136 रन बना लिए हैं। हरलीन देओल और जेमिमा रॉड्रिग्ज क्रीज पर हैं।
कप्तान हरमनप्रीत कौर 19 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें डायना बेग ने विकेटकीपर सिद्रा नवाज के हाथों कैच कराया। प्रतिका रावल (31 रन) को सादिया इकबाल ने बोल्ड कर दिया। स्मृति मंधाना (23 रन) को फातिमा सना ने पवेलियन भेजा।
मैच रेफरी की गलती से भारत टॉस हारा
टॉस के दौरान रेफरी की गलती से भारत टॉस हार गया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सिक्का उछाला, तो पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने टेल्स बोला। सिक्का जमीन पर हेड्स गिरा। साउथ अफ्रीका की मैच रेफरी शांद्रे फ्रिट्ज गलती से सना की कॉल को हेड्स सुन लिया था। उन्होंने पाकिस्तान को टॉस की विजेता घोषित किया।
भारतीय कप्तान कौर ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया
टॉस के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। इससे पहले मेंस एशिया कप में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया था।भारतीय टीम ने PCB चीफ मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था। इससे टीम को चैंपियन बनने के बाद भी बिना ट्रॉफी के लौटना पड़ा था।
लगातार चौथे संडे को भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत हो रही है। इससे पहले 28 सितंबर, 21 सितंबर और 14 सितंबर को मेंस एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच खेले गए हैं। तीनों ही मौकों पर भारत ने जीत हासिल की।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़ और श्री चरणी।
पाकिस्तान: फातिम सना (कप्तान), मुनीबा अली, सिद्रा अमीन, आलिया रियाज, सिद्रा नवाज (विकेटकीपर), नतालिया परवेज, रमीन शमीम, नाशरा संधू, डायना बेग और सादिया इकबाल, सदफ शमास।
लाइव अपडेट्स
जेमिमा दूसरी बार आउट होने से बचीं
30वें ओवर में जेमिमा रॉड्रिग्ज को दूसरी बार जीवनदान मिला। इस बार वे रनआउट होने से बच गई। उन्होंने नाशरा संधू की तीसरी बॉल पर मिडऑफ की ओर खेलकर रन लेना चाहा, लेकिन दूसरी ओर हरलीन ने रन लेने से इनकार कर दिया। तब तक जेमिमा आधी पिच तक निकाल आई थी। गनीमत रही कि पाकिस्तानी विकेटकीपर समय पर बॉल को स्टंप से नहीं मार सकीं।
कीड़ों के कारण खेल रुका, पाकिस्तानी खिलाड़ी स्प्रे कर रही
मैदान पर छोटे-छोटे कीड़ों के कारण खेल रोकना पड़ा है। मैदान पर कीड़े खिलाड़ियों को परेशान कर रहे हैं। ऐसे में प्लेयर्स ने कीड़ों को भगनाने के लिए स्प्रे किया।
जेमिमा रॉड्रिग्ज आउट होने से बचीं
27वें ओवर में जेमिमा रॉड्रिग्ज आउट होने से बच गईं। वे डायना बेग की चौथी बॉल पर विकेटकीपर सिद्रा नवाज को कैच थमा बैठीं।
फील्ड अंपायर ने उन्हें आउट भी दे दिया। वे पवेलियन लौटती, इससे पहले थर्ड अंपयर ने उस बॉल को अमान्य करार दिया। उसके बाद रॉड्रिग्ज ने फ्री हिट पर चौका लगाया।
हरमनप्रीत 19 रन बनाकर आउट
25वें ओवर में भारत ने तीसरा विकेट गंवाया। यहां पर कप्तान हरमनप्रीत कौर 19 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें डायना बेग ने विकेटकीपर सिद्रा नवाज के हाथों कैच कराया।
हरमनप्रीत के चौके से भारत का स्कोर 100 रन पहुंचाया
22वें ओवर में भारत ने 100 रन का आंकड़ा हासिल कर लिया है। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाशरा संधू के ओवर की 5वीं बॉल पर चौका लगाया और टीम का स्कोर 100 रन पहुंचा दिया।
प्रतिका रावल 31 रन बनाकर आउट, सादिया ने बोल्ड किया
15वें ओवर में भारत ने दूसरा विकेट गंवाया। यहां ओपनर प्रतिका रावल 31 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें सादिया इकबाल ने क्लीन बोल्ड कर दिया।
रावल ऑफ स्टंप की बॉल पर बैकफुट पंच करना चाहतीं थी। वे गति से मात खा गईं और बॉल ने स्टंप बिखेर दिए। इस तरह भारतीय ओपनर्स 67 रन पर पवेलियन लौट गईं।
हरलीन देअल आउट होने से बचीं
11वें ओवर की आखिरी बॉल पर हरलीन देअल आउट होने से बच गईं। फातिमा सना की बॉल पर उनके बल्ले का भीतरी किनारा लेकर विकेटकीपर की ओर गई। जहां सिद्रा नवाज ने कैच करने का प्रयास किया, लेकिन बॉल विकेटकीपर के दस्तानों से थोड़ी पहले मैदान पर गिर गई। अगर बॉल थोड़ी दूर और हवा में ट्रेवल करती, तो हरलीन को पवेलियन लौटना पड़ता। इस ओवर से कोई रन नहीं आया।
पावरप्ले-1 में भारत का स्कोर 50 पार, एक विकेट गिरा
टॉस हारकर बैटिंग कर रही भारतीय टीम ने मिलीजुली शुरुआत की है। टीम ने 10 ओवर के पावरप्ले-1 में एक विकेट खोकर 54 रन बना डाले। ओपनर स्मृति मंघाना 23 रन बनाकर आउट हुई।
स्मृति मंधाना 23 रन बनाकर आउट
भारत ने 9वें ओवर की आखिरी बॉल पर पहला विकेट गंवाया। यहां पर स्मृति मंधाना 23 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें फातिमा सना ने LBW कर दिया।
प्रतिका रावल ने डायना बेग के ओवर में लगातार 3 चौके लगाए
भारतीय पारी के दूसरे ओवर में प्रतिका रावल ने डायना बेग के ओवर में लगातार तीन चौके लगाए। उन्होंने चौथी, 5वीं बॉल और छठी बॉल पर बाउंड्री लगाई।
मंधाना ने चौके से खाता खोला
भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने चौके के साथ अपना खाता खोला है। उन्होंने सादिया इकबाल की 5वीं बॉल पर चौका लगाया और अपना खाता खोला। इस ओवर से 8 रन आए।
हरमनप्रीत कौर ने कहा-
हमने वर्ल्ड कप से पहले यहां अच्छी सीरीज खेली थी। हम पॉजिटिव सोच के साथ अच्छा करने की कोशिश कर रहे हैं। दुर्भाग्य से हमारी टीम में एक बदलाव है। अमनजोत कौर की जगह रेणुका सिंह आई हैं।

फातिमा सना बोलीं
पिच में नमी दिख रही है। आज हम अपनी प्लानिंग पर अमल करने की कोशिश करेंगे। 250 के अंदर का कोई भी स्कोर अच्छा हो सकता है। हम उन्हें इसके अंदर रोकने की कोशिश करेंगे।

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। इसका मतलब यह है कि भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करनी होगी।
वेदर रिपोर्ट- बारिश बन सकती है विलेन
आज कोलंबो का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मैच के दौरान बारिश की आशंका भी है। आज यहां बारिश के 100% चांस हैं।
पिच रिपोर्ट- कोलंबो में स्पिनर्स को फायदा
कोलंबो में स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है। यहां अब तक 22 विमेंस वनडे खेले गए। 12 में पहले बैटिंग करने वाली टीम और 10 में चेज करने वाली टीम को जीत मिली।
दोनों टीमों की टॉप प्लेयर्स
पाकिस्तानी कप्तान बोलीं- रिकॉर्ड टूटने के लिए हैं ही बनते हैं
भारत ने विमेंस वनडे में पाकिस्तान के खिलाफ 100% मुकाबले जीते हैं। दोनों के बीच अब तक 11 वनडे खेले गए है और सभी भारत ने जीते हैं।
विमेंस वनडे वर्ल्ड कप दोनों 4 बार भिड़ी हैं। चारों बार भारत ने जीत हासिल की। इस रिकॉर्ड पर पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने कहा-
रिकॉर्ड टूटने के लिए हैं ही बनते हैं। हम अच्छा क्रिकेट खेलने पर भरोसा रखते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि पिछला रिकॉर्ड क्या है।

भारत को कभी नहीं हरा सकी है पाकिस्तानी टीम
विमेंस क्रिकेट की रिकॉर्ड बुक बताता है कि पाकिस्तानी टीम भारत के सामने कहीं नहीं टिकती है। वर्ल्ड कप में भारत को हराना तो दूर पाकिस्तान की विमेंस टीम वनडे फॉर्मेट में आज तक भारत के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत सकी है।
VIDEO में भारत-पाकिस्तान मैच का प्रीव्यू देखिए
