संभल में बुलडोजर एक्शन, मैरिज हॉल गिराया जा रहा:मस्जिद को भी ढहाया जाएगा, DM-SP पहुंचे; इलाका छावनी में तब्दील
संभल में दशहरे के दिन बुलडोजर एक्शन चल रहा है। गुरुवार सुबह मैरिज हॉल को बुलडोजर से गिराया जा रहा है। इसके बाद बगल में बनी मस्जिद को ढहाया जाएगा। डीएम राजेंद्र पेंसिया और एसपी केके बिश्नोई मौके पर हैं। इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। करीब 200 पुलिसकर्मी और पीएसी जवान तैनात हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
मामला संभल मुख्यालय से 30 किमी दूर राया बुजुर्ग गांव का है। प्रशासन का दावा है कि मस्जिद और मैरिज हॉल तालाब की जमीन पर बनाई गई हैं। मस्जिद 550 वर्ग फीट और मैरिज हॉल 30 हजार वर्गफीट में बना हुआ है। दोनों को पूरा गिराया जाएगा।
संभल SP केके बिश्नोई ने कहा- यह अवैध कब्जा है। इन्हें 30 दिनों का समय दिया गया था। इसके बाद भी जब नहीं तोड़ा गया तो प्रशासन ने तोड़ने का निर्णय लिया। तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा- ये मस्जिद बहुत पहले चिन्हित की गई थी। 2 सितंबर को नोटिस दिया गया था।
मैरिज हॉल को गिराते समय मस्जिद कमेटी के लोगों ने डीएम-एसपी से मिलकर मस्जिद को खुद हटाने के लिए 4 दिन का समय मांगा है। हालांकि, डीएम ने इस पर कोई आश्वासन नहीं दिया है।
दरअसल, बुधवार को ही प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन की तैयारी कर ली थी। गांव में बैठक की थी। लोगों ने अपील की थी कि ग्रामीण बेवजह अपने-अपने घरों में बाहर न निकलें। इससे पहले 13 सितंबर को तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने सरकारी भूमि पर बनी मैरिज हॉल और मस्जिद पर लाल निशान लगाया था।
पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
जनता मैरिज हाल पर चल रहा बुलडोजर
अभी बुलडोजर जनता मैरिज हॉल पर चल रहा है। अफसरों का कहना है कि मैरिज हॉल को पूरा तोड़ा जाएगा। करीब 4 से 5 घंटे या उससे ज्यादा का वक्त लग सकता है। क्योंकि, पूरा मैरिज हॉल करीब 30 हजार वर्गफीट में बना हुआ है।
पूरे गांव में पुलिस और पीएसी का फ्लैग मार्च
बुलडोजर एक्शन के दौरान गांव में पुलिस और पीएसी के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान ऐलान किया गया कि बेवजह अपने घर से बाहर न निकलें।
अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी
संभल DM डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने कहा- जिले भर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। यह तालाब की जमीन है, जिस पर एक बड़ा मैरिज पैलेस बना है। कोर्ट में सभी पक्षों को सुना गया। उसके बाद तहसीलदार कोर्ट ने आदेश जारी किया और हम उसी के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं। सभी की राय है कि अगर यह अवैध रूप से बना है, तो इसे गिरा दिया जाना चाहिए।
धारा 67 की कार्रवाई करने के लिए नोटिस दिया गया था
तहसीलदार संभल धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया- मस्जिद बहुत पहले चिह्नित की गई थी। राजस्व लेखपाल ने इसके खिलाफ धारा 67 की कार्रवाई करने को नोटिस दिया गया था। ये नोटिस 2 सितंबर को दिया गया था। इन लोगों से साक्ष्य मांगे गए थे, लेकिन कोई साक्ष्य हमें नहीं दिया गया, जिसके चलते ही आज ये बुलडोजर की कार्रवाई की जा रही है।
पीएसी के अलावा पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात
मैरिज हॉल को दो बुलडोजर से गिराया जा रहा है। एक कंपनी पीएसी के अलावा पांच थानों की पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।
मस्जिद को खुद हटाने के लिए 4 दिन का समय मांगा
मस्जिद 510 वर्ग मीटर में बनी हुई है, जबकि उससे सटा हुआ जनता मैरिज हॉल 2810 वर्ग मीटर बना हुआ है। दोनों ही अवैध रूप से कब्जा करके बनाए गए हैंं। आज मैरिज हॉल को गिराते समय मस्जिद कमेटी के लोगों ने डीएम-एसपी से मिलकर मस्जिद को खुद हटाने के लिए 4 दिन का समय मांगा है। इसके लिए एक नोटिस देते हुए चार दिन का समय देने की बात सामने आ रही है। हालांकि, डीएम ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया है।
अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी- संभल DM
संभल DM डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने कहा- जिले भर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। यह तालाब की जमीन है, जिस पर एक बड़ा मैरिज पैलेस बना है। तहसीलदार ने 30 दिन पहले इसे गिराने का आदेश जारी किया था। इसके बाद कोई अपील दायर नहीं की गई इसलिए आज ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। कोर्ट में सभी पक्षों को सुना गया। उसके बाद तहसीलदार कोर्ट ने आदेश जारी किया और हम उसी के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं। सभी की राय है कि अगर यह अवैध रूप से बना है, तो इसे गिरा दिया जाना चाहिए।
संभल एसपी बोले- 30 दिनों का वक्त दिया गया
संभल SP केके बिश्नोई ने कहा- यहां इन्हें 30 दिनों का समय दिया गया था। 30 दिन बाद भी जब इनके द्वारा इसे नहीं तोड़ा गया तो प्रशासन द्वारा निर्णय लिया गया कि इसे स्वयं तोड़ा जाएगा। यह एक अवैध निर्माण था। इन्हें पर्याप्त समय दिया गया था। यहां पुलिस की पूरी व्यवस्था है। यहां ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है… यह काफी बड़ा क्षेत्र है। इस जगह का निर्माण कई बीघा जमीन पर किया गया था।
संभल में बुलडोजर एक्शन शुरू, मैरिज हाॅल को तोड़ा जा रहा
संभल जिला प्रशासन ने संभल में तोड़फोड़ अभियान चलाया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। तालाब की जमीन पर बने जनता मैरिज हॉल को तोड़ा जा रहा है।
एक दिन पहले हुई थी बैठक
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई से एक दिन पहले गांव के लोगों के साथ एक बैठक आयोजित की गई थी। यह मस्जिद असमोली थाना क्षेत्र के राया बुजुर्ग गांव में 439 वर्गमीटर सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई थी।
ग्राम समाज की भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी, जिसकी विभागीय जांच में पुष्टि हुई। इसके बाद कब्जा करने वालों को 20 सितंबर तक स्वयं कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था।
