पंजाब के CM भगवंत मान ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। ये मुलाकात करीब 25 मिनट तक चली। इसके बाद बाहर आकर सीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
उन्होंने कहा कि अमित शाह से अच्छे माहौल में मुलाकात हुई। मैंने उन्हें बताया कि 2300 से ज्यादा गांव डूब गए। 2 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए। 8500 किमी सड़कें मलबा बन गईं। 3200 स्कूल टूट गए।
उन्होंने कहा कि 60 के करीब जानें चली गईं। छोटे बच्चों के सिलेबस की किताबें तक बह गईं। अभी तक 13 हजार 800 करोड़ का नुकसान का आकलन किया है।
सीएम ने कहा कि अभी नीचे जाएंगे तो और बढ़ेगा। यह 20 हजार करोड़ तक जा सकता है। हर संकट में पंजाब देश के साथ खड़ा रहा। अब पंजाब पर संकट है तो देश को भी पंजाब के साथ खड़ा होना चाहिए। यह कोई क्रेडिट वार नहीं है।
भगवंत मान ने कहा कि मैंने गृह मंत्री को कहा कि 1600 करोड़ ऊंट के मुंह में जीरा है। शाह ने कहा कि वह सिर्फ टोकन मनी थी। गृह मंत्री ने भरोसा दिया है कि हम पंजाब की और मदद करेंगे।
मान ने कहा कि अश्विनी शर्मा भाजपा के चुने हुए विधायक हैं। वह विधानसभा में आएं और हिसाब दें और हिसाब लें। वह मॉक विधानसभा में चले गए। ऐसा नहीं कि कहीं भी विधानसभा लगा लो। सीएम के साथ पंजाब के चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा समेत और अधिकारी भी गए।
हालांकि इससे पहले CM मान लगातार PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए टाइम मांग रहे थे। मगर, प्रधानमंत्री ऑफिस (PMO) की तरफ से टाइम नहीं मिला। जिसके लिए बाढ़ के लिए बुलाए स्पेशल सेशन में PMO का निंदा प्रस्ताव तक पास कर दिया गया।
मोदी पंजाब आए तो CM अस्पताल में थे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर को पंजाब के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करने पहुंचे थे। हालांकि उस वक्त सीएम भगवंत मान बीमार थे। इसलिए उनकी पीएम से मुलाकात नहीं हो पाई। इसका विरोधी दलों ने मुद्दा भी बनाया। हालांकि भाजपा नेता यह भी सवाल उठा रहे हैं कि अगर सीएम बीमार थे तो उनकी जगह नंबर टू मिनिस्टर यानी वित्त मंत्री हरपाल चीमा को पीएम से मिलने के लिए जाना चाहिए था। मगर, पंजाब सरकार ने मंत्री हरदीप मुंडियां को भेज दिया।
1988 से बड़ी बाढ़, केंद्र ने अब तक क्या-क्या किया पंजाब सरकार का कहना है कि राज्य में 1988 से भी बड़ी बाढ़ आई है। जिससे सभी 23 जिले चपेट में आए। लगभग 3.89 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। 59 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा 2 लाख एकड़ फसल खराब हुई है।
गृहमंत्री ने फोन पर ली थी हालात की जानकारी बाढ़ का पता चलते ही रेस्क्यू के लिए NDRF और आर्मी की टीमें भेजी गईं। करीब 25 हेलिकॉप्टर रेस्क्यू में लगे रहे। बाढ़ के दौरान 1 सितंबर को गृहमंत्री शाह ने सीएम मान को फोन कर बाढ़ के हालात जाने। पीएम ने 2 सितंबर को विदेश दौरे से लौटकर सीएम से हालात जाने थे।
3 टीमें भी नुकसान का जायजा लेने पंजाब पहुंची 5 सितंबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने पंजाब का दौरा किया। इसी दौरान केंद्र से 3 टीमें भी नुकसान का जायजा लेने पंजाब पहुंची। 9 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब का दौरा किया। गुरदासपुर में उन्होंने किसानों और पंजाब के मंत्रियों से मुलाकात की। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने पंजाब के लिए 1,600 करोड़ रुपए राहत पैकेज का ऐलान किया।
CM भगवंत मान द्वारा केंद्र को लिखा गया पत्र…
