पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का एक्सीडेंट:हिमाचल में बाइक से सिर के बल गिरे, अस्पताल पहुंचने से पहले हार्टअटैक, ब्रेन डेड, हालत गंभीर
मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का हिमाचल प्रदेश के बद्दी में एक्सीडेंट हो गया है। उन्हें गंभीर घायल हालत में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जवंदा हिमाचल में बाइक पर बद्दी से शिमला जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ है।
बाइक चलाते वक्त वह सड़क पर गिर गए। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। जिसके बाद उनके ब्रेन डेड होने की भी सूचना है। इसके बाद जब उन्हें लाया जा रहा था तो अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्हें हार्ट अटैक भी आया है, जिस वजह से उनकी हालत गंभीर मानी जा रही है।
हादसे का पता चलते ही सिंगर कंवर ग्रेवाल, कुलविंदर बिल्ला व एक्टर कर्मजीत अनमोल भी फोर्टिस अस्पताल पहुंच गए हैं। अभी तक डॉक्टरों की टीम लगातार जवंदा की जांच कर रही है। जवंदा की नाजुक स्थिति को लेकर अब डॉक्टरों के बयान का इंतजार किया जा रहा है।
सिंगर राजवीर जवंदा से जुड़ी अहम बातें…
- लुधियाना के पोंना गांव में हुआ जन्म: राजबीर जवंदा एक प्रसिद्ध पंजाबी गायक, अभिनेता, मॉडल और लेखक हैं। वे पंजाबी संगीत उद्योग में अपनी अनोखी गायकी शैली और अभिनय के लिए जाने जाते हैं। उनका जन्म 1990 में पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं तहसील के पोंना गांव में एक सिख जट्ट परिवार में हुआ था।
- पंजाब पुलिस में भी काम किया: राजबीर का परिवार पंजाब पुलिस से जुड़ा हुआ है। उनके पिता का नाम करम सिंह जवंदा है, जो एक पुलिस अधिकारी थे। मां का नाम परमजीत कौर है। बचपन से ही संगीत के प्रति उनकी रुचि थी। उन्होंने स्कूल के दिनों में गुरु लल्ली खान से गायकी सीखी और गुरदास मान के गीत सुनकर प्रेरित हुए। जवंदा ने खुद भी कुछ समय तक पंजाब पुलिस में काम किया लेकिन उसके बाद सिंगिंग को करियर बना लिया।
- 2016 में शुरू हुआ गायिकी का सफर: राजबीर का 2016 में डेब्यू सिंगल “कली जवंदे दी” से शुरुआत की। अगले ही साल “मुकाबला” ने उन्हें लोकप्रियता दिलाई। उनके हिट गानों में “पटियाला शाही पग”, “केसरी झंडे”, “शौकीन”, “लैंडलॉर्ड”, “सरनेम” है। 2017 में “कंगणी” (माही शर्मा के साथ) ने यूट्यूब पर 40 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल किए, जो उनका ब्रेक थ्रू हिट साबित हुआ। वे लोक वाद्ययंत्रों जैसे तुंबी बजाने में भी कुशल हैं।
- सूबेदार जोगिंदर सिंह से एक्टिंग में डेब्यू: 2018 में पंजाबी फिल्म “सूबेदार जोगिंदर सिंह” से डेब्यू किया, जहां उन्होंने सिपाही बहादुर सिंह का किरदार निभाया। अन्य फिल्में: “काका जी” (2019), “जिंद जां” (2019), “मिंदो तहसीलदारनी” (2019) में भी शानदार भूमिका निभाई। इसके अलावा सिकंदर 2 व जिंद जान में भी एक्टिंग की।
पंजाब ने नेताओं ने राजवीर के साथ हुए हादसे पर जताया दुख
शिक्षा मंत्री ने भी की जल्द ठीक होने की कामना राजवीर जवंदा के हादसे की सूचना मिलने पर पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने भी उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की। एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- अभी-अभी राजविंदर जवंदा के हादसे के बारे में सुना। परमात्मा से उनकी सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। गुरु साहिब सहाई हों।
