Headlines

तेजप्रताप की नई पार्टी, पोस्टर में गांधी-कर्पूरी की फोटो,लालू-राबड़ी गायब:अखिलेश सिंह बोले- नीतीश को बीजेपी ने कठपुतली बनाकर रखा है

बिहार पॉलिटिकल LIVE

तेजप्रताप की नई पार्टी, पोस्टर में गांधी-कर्पूरी की फोटो,लालू-राबड़ी गायब:अखिलेश सिंह बोले- नीतीश को बीजेपी ने कठपुतली बनाकर रखा है

पटना11 मिनट पहले

बिहार में 6 अक्टूबर के बाद चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। इस बीच पॉलिटिकल पार्टियों ने अपनी एक्टिविटी तेज कर दी है। बड़े सियासी चेहरे चुनावी सभा कर रहे हैं

चुनाव को करीब आता देख लालू यादव के बेटे तेजप्रताप ने अपनी नई पार्टी का ऑफिशियल ऐलान किया है। इधर, लालू यादव ने कहा है कि किसानों को रुलाने वाली 20 सालों की निर्दयी NDA सरकार को बदलने का वक्त आ गया है।

बिहार में चुनावी माहौल के बीच सियासी उठापटक, बयानबाजी से जुड़ी हर अपडेट्स जानिए…

तेजप्रताप की नई पार्टी, पोस्टर में लालू-राबड़ी की तस्वीर नहीं ​​​​

RJD से निकाले गए लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी बना ली है। नाम रखा है ‘जनशक्ति जनता दल’। तेजप्रताप ने अपने X हैंडल पर पार्टी का पोस्टर शेयर किया।

वो इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। खास बात ये है कि, तेजप्रताप की पार्टी के पोस्टर में महात्मा गांधी, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, कर्पूरी ठाकुर, लोहिया और जेपी नारायण की तस्वीर है, लेकिन पिता लालू यादव और मां राबड़ी देवी की तस्वीर नहीं है।

पार्टी का चुनाव चिन्ह ब्लैक बोर्ड है। साथ ही पोस्टर के जरिए ‘सामाजिक न्याय, सामाजिक हक और संपूर्ण बदलाव’ का नारा दिया गया है।

तेजप्रताप ने शुक्रवार को अपने X हैंडल पर पार्टी का पोस्टर शेयर किया।

बिहार BJP का पोस्ट-संजय यादव की नई चाल, लालू की बेटी को करो बदनाम

बिहार की सियासत में इन दिनों आरजेडी परिवार के अंदरूनी विवाद पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के बीच अब उनकी बहन और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य और तेजस्वी के करीबी सांसद संजय यादव के बीच हुए विवाद को लेकर बीजेपी ने तंज कसा है। बीजेपी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, ‘रणनीतिकार संजय यादव की नई रणनीति – लालू जी की बिटिया को करो बदनाम।’

बिहार बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल से ये पोस्ट किया गया है।

दरअसल, बिहार अधिकार यात्रा के दौरान बस में तेजस्वी यादव की सीट पर बैठने को लेकर रोहिणी आचार्य ने नाराजगी जताई थी। इस घटना के बाद रोहिणी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर साझा करते हुए लिखा, ‘कोई यह साबित कर दे कि मैंने अपने पिता को किडनी डोनेट नहीं की है, तो मैं राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से दूर हो जाऊंगी।

24 सिंतबर को रोहिणी आचार्य ने अपने सोशल मीडिया पर ये पोस्ट किया था।

कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा है कि, बिहार में सत्ता परिवर्तन लाजमी है। नीतीश कुमार को भाजपा ने कठपुतली बनाकर रखा है। एक तरफ भाजपा नीतीश कुमार का चेहरा आगे करके लड़ती है, लेकिन ये नहीं कह रही कि नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। महागठबंधन के सीएम फेस पर उन्होंने कहा कि सिर्फ मैं ही नहीं, VIP पार्टी, वामपंथी लोग, सब कहते हैं कि तेजस्वी यादव के अलावा कोई चेहरा(मुख्यमंत्री के लिए) नहीं है।

पटना में बीजेपी और JDU नेताओं के खिलाफ पोस्टर बाजी

पटना में बीजेपी और JDU के मंत्रियों को लेकर पोस्टर बाजी की गई है। पटना के विकास भवन के पास ये पोस्टर लगाया गया है। हालांकि, पोस्टर किसने लगाया है, ये स्पष्ट नहीं है।

पोस्टर में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी, मंगल पांडे, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और सांसद संजय जायसवाल की तस्वीर लगाई गई है। पोस्टर में ऊपर लिखा गया है, NDA का चाल, चरित्र और चेहरा।

पटना में NDA सरकार के खिलाफ लगा पोस्टर।

AAP 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, पर केजरीवाल की अब तक जनसभा नहीं

आम आदमी पार्टी (आप) बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अब तक एक भी जनसभा नहीं की है।

हालांकि, पार्टी के सांसद और बिहार प्रभारी जनसभा में शामिल हो रहे हैं। केजरीवाल के बिहार में चुनावी सभाएं नहीं करने पर सवाल उठ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा कि आप महागठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ने जा रही है। अरविंद केजरीवाल जल्द ही बिहार आने वाले हैं।

बिहार की राजनीति से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

लाइव अपडेट्स

11 मिनट पहले

कैमूर की 3 सीटों पर BSP ने उतारे प्रत्याशी

कैमूर की 3 सीटों पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भभुआ विधानसभा से घोषित प्रत्याशी विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल हैं। मोहनिया सीट से ओमप्रकाश दीवाना पहली बार चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से सतीश यादव उर्फ पिंटू यादव को प्रत्याशी बनाया गया है।

34 मिनट पहले

दरभंगा में नीतीश बोले- केंद्र का सहयोग मिल रहा, बिहार बहुत आगे जाएगा

दरभंगा में नीतीश कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अभी केंद्र का भी सहयोग मिल रहा है। इसलिए बिहार बहुत आगे जाएगा। पहले रात में लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे। सब कुछ आप लोग ध्यान में रखिएगा। पहले हिंदू-मुस्लिम का भी झगड़ा होता था। रोड का भी बुरा हाल था। हालत बहुत खराब थी।

36 मिनट पहले

तेजस्वी बोले- 5 से 25 बहुत हुए नीतीश

बेगूसराय में तेजस्वी यादव ने कहा, ‘आने वाले चुनाव में ये सरकार जाने वाली है। मुद्दे पर हम चुनाव लड़ेंगे। हमारे चाचा-मुख्यमंत्री अब अचेत अवस्था में है। उनको नहीं पता है कि आगे क्या होगा। बेरोजगारी-महंगाई और गरीबी सबसे बड़ा मुद्दा है। जब मैं डिप्टी सीएम बना तो साढ़े 4 लाख नौकरी दी।

मेरी उम्र कच्ची है, पर जुबान पक्की है। माई बहन योजना से हर महीने माता-बहनों को रुपए मिलेगा। तेजस्वी 5 साल में डेढ़ लाख रुपए देकर वसूलेगा नहीं। मैं वादा करता हूं कि जिसके पास भी डिग्री है। वो खाली हाथ नहीं बैठेगा। नौकरी और रोजगार चाहिए तो सरकार बदलिए।

मुझ पर भरोसा है तो दोनों हाथ उठा कर बताएं। आज बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा है। अभी मंत्री नहीं, गरीबों पर कार्रवाई हो रही है। सरकार बनने पर कोई बेरोजगार नहीं रहेगा। 5 से 25 बहुत हुए नीतीश। अब उनकी ये स्थिति नहीं है कि बिहार चला पाए। अब नौजवानों को मौका मिलना चाहिए।’

03:01 PM26 सितम्बर 2025

दरभंगा में सीएम नीतीश ने 3976 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को दरभंगा पहुंचे। यहां कबराघाट स्थित मिथिला संस्कृत शोध संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में 3976 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसमें 3463 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से 94 विकास योजनाएं और 465 करोड़ 89 लाख की लागत से सिंचाई, भवन और अन्य विकास संबंधी 51 योजनाएं शामिल हैं।

शोध संस्थान परिसर में मुख्यमंत्री ने बहुमूल्य पांडुलिपियों का निरीक्षण किया। इस दौरान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, मंत्री संजय सरावगी, मंत्री मंगल पांडेय, सांसद गोपालजी ठाकुर और विधायक विनय चौधरी मौजूद रहे।

02:19 PM26 सितम्बर 2025

NDA पिछले 20 वर्षों से बिहार की सेवा कर रहा है- धर्मेंद्र प्रधान

12:54 PM26 सितम्बर 2025

नीतीश कुमार को भाजपा ने कठपुतली बनाकर रखा है- अखिलेश सिंह

12:35 PM26 सितम्बर 2025

तेजप्रताप यादव ने लालू जी का कलंकित चेहरा पोस्टर में नहीं लगाया- BJP

बीजेपी प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि, तेजप्रताप को डर था कि कि लालू जी का कलंकित चेहरा पोस्टर में दिखेगा तो बिहार की जनता भयाक्रांत हो जाएगी। आज राजद का जो हाल है, वही हाल उनका भी हो जाएगा। वैसे वो लालू जी के ही सुपुत्र हैं तो बिहार की जनता सब जानती है।

12:31 PM26 सितम्बर 2025

महिलाओं को ‘मोदी की गारंटी’ पर भरोसा हैः BJP

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने कहा, “विपक्ष अफवाहें फैलाकर कुछ लोगों और महिलाओं को बहकाने की कोशिश कर रहा, लेकिन महिलाओं को ‘मोदी की गारंटी’ पर भरोसा है।”

12:29 PM26 सितम्बर 2025

अरुण भारती बोले- तेजस्वी की इच्छा पूरी नहीं होगी

LJP (R) सांसद अरुण भारती ने कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार आ रहे हैं। उनका स्वागत है। वे विकास की सौगात लेकर और गठबंधन पर चर्चा करने बिहार आ रहे हैं। जैसा कि हम पहले भी कहते रहे हैं, हमारे गठबंधन में सीटों का बंटवारा बहुत अच्छे समन्वय के साथ होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे पूरी उम्मीद है कि जिस तरह से तेजस्वी यादव किसी भी तरह बिहार में अपनी सरकार बनाने के लिए आतुर हैं, उनकी यह इच्छा कभी पूरी नहीं होगी।”

10:57 AM26 सितम्बर 2025

बीजेपी का चुनावी अभियान

‘रफ्तार पकड़ चुका है बिहार’ अभियान के तहत बीजेपी ने 120 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर उप मुख्य मंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, विनोद तावड़े ने एलईडी प्रचार वाहन को झंडा दिखाकर किया रवाना।

इस दौरान सम्राट चौधरी ने प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर कहा, प्रियंका गांधी के आने से कोई फर्क नही पड़ेगा। पंद्रह साल लालू प्रसाद की सरकार रही इज महिला को सुविधा नही मिली। 55 साल तक कांग्रेस की सरकार रही लेकिन महिलाओं को कोई सुविधा नही मिली।

10:20 AM26 सितम्बर 2025

CM ने महिलाओं के विकास के लिए बहुत काम किया है- संजय झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024