Headlines

सैम पित्रोदा ने कहा- पाकिस्तान में मुझे घर जैसा लगा:नेपाल-बांग्लादेश में भी विदेश जैसा नहीं लगता, भारत पड़ोसी देशों से संबंध मजबूत करे

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने फिर विवादास्पद बयान दिया है। शुक्रवार को न्यूज एजेंसी IANS को दिए एक इंटरव्यू में पित्रोदा ने कहा- ‘मैं पाकिस्तान गया। मुझे वहां घर जैसा महसूस हुआ।’

उन्होंने नेपाल से लेकर बांग्लादेश तक की तारीफ की है। कहा- ‘मैं बांग्लादेश गया, नेपाल गया, मुझे वहां भी घर जैसा महसूस होता है। मुझे ऐसा नहीं लगा कि मैं विदेशी धरती पर हूं। वे मेरे जैसे दिखते हैं, मेरे जैसे ही बात करते हैं, उन्हें हमारे गाने पसंद हैं, हम सबका खाना एक जैसा है। हमें उनके साथ शांति और सौहार्द के साथ जीना सीखना चाहिए।’

उन्होंने केंद्र सरकार से कहा कि अपने पड़ोसियों के साथ बातचीत को प्राथमिकता दी जाए। पित्रोदा ने कहा कि भारत की विदेश नीति की शुरुआत पाकिस्तान समेत पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों को मजबूत करने से होनी चाहिए।

पित्रोदा ने कहा- Gen-Z राहुल के साथ खड़े हों

राहुल गांधी की Gen-Z से अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए पित्रोदा ने कहा कि मैं देश के युवाओं से अनुरोध करना चाहता हूं कि वे राहुल गांधी के साथ खड़े हों। उनकी आवाज के साथ अपनी आवाज मिलाएं।

राहुल गांधी ने Gen-Z से अपील की थी कि वे आगे आएं और देश के लोकतंत्र की रक्षा करें।

भाजपा बोली- कांग्रेस पाकिस्तान की चहेती

पित्रोदा के इस बयान पर भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व पर भारत के राष्ट्रीय हितों को कमजोर करने का आरोप लगाया। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा- राहुल गांधी के चहेते और कांग्रेस के विदेश प्रमुख सैम पित्रोदा कहते हैं कि उन्हें पाकिस्तान में ‘घर जैसा महसूस’ हुआ।

कोई आश्चर्य नहीं कि यूपीए ने 26/11 के बाद भी पाकिस्तान के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। पाकिस्तान का चहेता, कांग्रेस का चुना हुआ।

पित्रोदा के पिछले 3 चर्चित बयान…

27 फरवरी 2025- ‘भारत में मेरी प्रॉपर्टी नहीं, राजीव-मनमोहन सरकार में सैलरी नहीं ली’

राहुल गांधी के करीबी और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा पर कर्नाटक के एक भाजपा नेता ने 150 करोड़ रुपए की सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया है। इस पर पित्रोदा ने बुधवार को जवाब दिया। उन्होंने कहा- भारत में मेरे पास कोई जमीन, घर या शेयर नहीं है।

पित्रोदा करीब 40 साल से कांग्रेस से जुड़े हैं, वे गांधी परिवार के करीबी माने जाते हैं।

4 सितंबर 2024- ‘राहुल गांधी पिता राजीव से ज्यादा समझदार’

सैम ने 4 सितंबर 2024 को कहा था कि राजीव गांधी की तुलना में उनके बेटे राहुल गांधी ज्यादा समझदार हैं। वे बौद्धिक होने के साथ-साथ एक बेहतर रणनीतिकार भी हैं। राजीव थोड़ा ज्यादा मेहनती थे। दोनों का DNA एक जैसा है। दोनों नेता आइडिया ऑफ इंडिया के संरक्षक

8 मई 2024- ‘दक्षिण भारतीय अफ्रीकी दिखते हैं, फिर इस्तीफा दिया’

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने 8 मई 2024 को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत में ईस्ट के लोग चाइनीज और साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं।

पित्रोदा का यह बयान जब सामने आया, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेलंगाना के वारंगल में सभा कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘शहजादे के फिलॉसफर ने चमड़ी के आधार पर देशवासियों का अपमान किया। गाली दी।’

कांग्रेस ने पित्रोदा के बयान से किनारा कर लिया था। कांग्रेस ने कहा कि भारत की विविधता की ये परिभाषा मंजूर नहीं है। विरासत टैक्स पर बयानबाजी को लेकर पित्रोदा पहले से विवादों में थे। हालांकि 26 जून को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सैम पित्रोदा को फिर से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024