राहुल के प्रजेंटेशन में वोटर्स डिलीट कराने का दावा:जिनके नाम कटे, उन्हें स्टेज पर बुलाया; EC बोला- आरोप झूठे, नाम ऑनलाइन डिलीट नहीं होते
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को ‘वोट चोरी’ पर दूसरी बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इससे पहले उन्होंने 7 अगस्त को मीडिया से बात की थी।
राहुल ने 31 मिनट के प्रजेंटेशन में वोट चोरी के आरोप लगाए और सबूत दिखाने का दावा किया। उन्होंने कहा- चुनाव आयोग जानबूझकर कांग्रेस के वोटों को निशाना बना रहा है और उनके नाम डिलीट कर रहा है।
राहुल इस बार अपने साथ कर्नाटक के ऐसे वोटर्स को भी लेकर आए, जिनके नाम वोटर्स लिस्ट से डिलीट किए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार उन लोगों की रक्षा कर रहे हैं, जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने फिर कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और यूपी में यही हो रहा है।
चुनाव आयोग ने राहुल के आरोपों को गलत और निराधार बताया।
कहा-
कोई भी आम नागरिक ऑनलाइन किसी का भी वोट डिलीट नहीं कर सकता। किसी का वोट डिलीट करने से पहले संबंधित व्यक्ति को अपनी बात रखने का मौका दिया जाता है।

राहुल ने 4 बड़े आरोप…
राहुल का दावा- कर्नाटक के आलंद में 6018 वोटर्स को डिलीट करने की कोशिश हुई
राहुल ने ‘कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा 2023 के चुनाव में किसी ने 6,018 वोट डिलीट करने की कोशिश की। इसकी संख्या ज्यादा भी हो सकती है। हमें नहीं पता कि कुल कितने वोट डिलीट किए गए। इन्हें डिलीट करते समय गलती से मामला पकड़ में आ गया।
उन्होंने कहा- हुआ यूं कि वहां की एक बूथ-लेवल अधिकारी ने देखा कि उसके चाचा का वोट डिलीट हो गया है। उसने जांच की तो पाया पड़ोसी ने वोट डिलीट किया था। बीएलओ ने उससे बात की। जब उसने अपने पड़ोसी से पूछा तो उसने कहा कि मैंने कोई वोट डिलीट नहीं किया। यानी न तो जिस व्यक्ति ने वोट डिलीट किया और न ही जिसका वोट डिलीट हुआ- दोनों को इस बारे में कुछ पता था। असल में किसी और ताकत ने सिस्टम को हाईजैक करके ये वोट डिलीट किए थे।
गोदाबाई के लॉगिन का इस्तेमाल कर 12 लोगों का नाम हटाने का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 63 साल की गोदाबाई का वीडियो दिखाया गया। इसमें उन्होंने कहा- मेरा वोट डिलीट किया गया। मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। गोदाबाई के नाम से फेक लॉगिन बनाया गया। 12 वोटर्स के नाम डिलीट किए गए।
मोबाइल नंबर्स जिनका इस्तेमाल वोटर्स को हटाने के लिए किया गया
राहुल ने दावा किया कि आलंद में जिन वोटर्स के नाम डिलीट किए गए उनको हटाने के लिए दूसरे राज्यों में ऑपरेट हो रहे मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया। राहुल ने प्रजेंटेशन में उनके नंबर भी बताए। गोदावाई के 12 पड़ोसी के नाम भी हैं, जिन्हें इन मोबाइल नंबर्स से डिलीट किया गया।
कर्नाटक CID ने चुनाव आयोग को 18 बार रिमाइंडर लेटर्स भेजे
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरों की मदद का आरोप लाया। उन्होंने कहा- ज्ञानेश कुमार जी वोट-चोरों की रक्षा कर रहे हैं। इसके साफ सबूत हैं। इसमें कोई कन्फ्यूजन नहीं है।
राहुल ने कहा- मैं ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इतने सीधे आरोप क्यों लगा रहा हूं। कर्नाटक में इस मामले की जांच जारी है। कर्नाटक CID ने 18 महीनों में चुनाव आयोग को 18 पत्र भेजे। कुछ बहुत ही सरल तथ्य मांगे हैं।
पहला- हमें वह डेस्टिनेशन IP दीजिए, जिससे ये फॉर्म भरे गए। दूसरा- हमें उन डिवाइस डेस्टिनेशन पोर्ट्स दीजिए, जिनसे ये आवेदन दाखिल किए गए। तीसरा- सबसे महत्वपूर्ण, OTP ट्रेल्स दीजिए, क्योंकि आवेदन दाखिल करने के लिए OTP लेना पड़ता है।
कर्नाटक CID ने 18 बार चुनाव आयोग से जानकारी मांगी, लेकिन ECI ने नहीं दी। ऐसा क्यों किया जा रहा है, क्योंकि इससे हमें पता चल जाएगा कि यह ऑपरेशन कहां से चल रहा है। हमें पूरी तरह यकीन है कि यह हमें उसी जगह तक ले जाएगा।
बूथ के पहले वोटर को सॉफ्टवेयर के जरिए डिलीट किया गया
राहुल ने कहा कि सेंट्रलाइज्ड तरीके से नामों को वोटर लिस्ट से डिलीट किया गया। इसके लिए सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल हुआ। उदाहरण देते हुए कहा- इन सीरियल नंबर को देखिए, हर जगह सीरियल नंबर वन है। इसका मतलब है कि ये बूथ का पहला वोटर है। सॉफ्टवेयर बूथ के पहले नंबर के वोटर को चुन रहा है और डिलीट कर रहा है। सॉफ्टवेयर प्रोग्राम कह रहा है कि सीरियल नंबर 1 को निकालो और उसकी ओर से डिलीट करो।
राहुल ने 7 अगस्त को दिल्ली में कहा था- EC ने BJP के साथ चुनाव चुराया
राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाएं……
अपडेट्स
अनुराग ठाकुर ने कहा- राहुल धमाका करने आए थे, ड्रामा करके चले गए
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की हताशा बढ़ती जा रही है। ऑनलाइन किसी का नाम नहीं काटा जा सकता है। बिना किसी की बात सुने किसी का वोट नहीं काटा जाता, उस पर फैसला नहीं लिया जाता। कर्नाटक की आलंद विधानसभा सीट पर वोट काटने का आरोप राहुल गांधी लगा रहे हैं। बता दें चुनाव आयोग ने पहले ही इसकी जानकारी दे दी थी। EC ने मोबाइल नंबर दे दिया है। IP एड्रेस दिए हैं। जब सब कुछ दे दिया है तो कर्नाटक सीआईडी ने अब तक क्या किया। 2023 में 48 वोट से आलंद विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार जीता था। क्या वोट चोरी कर चुनाव जीता था। राहुल ने गलत आरोप लगाए हैं। कभी EC पर तो कभी VVPT पर, SIR पर सवाल खड़े करते हैं। ये सब करके राहुल गांधी क्या चाहते हैं। राहुल गांधी इन आरोप पर शपथ पत्र क्यों नहीं देते। वे धमाका करने आए थे, ड्रामा करके चले गए।
चुनाव आयोग बोला- आलंद में वोट डिलीट की नाकाम कोशिशें हुई थीं
चुनाव आयोग ने X पोस्ट में कहा- साल 2023 में आलंद विधानसभा क्षेत्र में वोट डिलीट करने की नाकाम कोशिशें हुई थीं। इस मामले में चुनाव आयोग ने खुद FIR दर्ज कराई थी।
आयोग के रिकॉर्ड के मुताबिक 2018 में आलंद सीट भाजपा के सुभाष गुट्टेदार ने जीती थी और 2023 में कांग्रेस के बीआर पाटिल ने जीत हासिल की थी।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे बोले- ये सब राहुल की साजिश
राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा- क्या राहुल गांधी जी ने 2023 की अमेरिका यात्रा में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन के उन सलाहकारों से व्हाइट हाऊस में मुलाकात की थी, जिन्होंने 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित किया था? क्या राहुल गांधी जी उस सलाह यानि संविधान बचाओ की झूठी कहानी गढ़कर हारने के बाद उन्हीं लोगों के कहने पर अब चुनाव आयोग पर प्रश्नचिह्न लगा कर लोकतंत्र खत्म करना चाहते हैं? सभी जानकारी प्रमाण के साथ संसद के शीतकालीन सत्र में दूंगा। साजिश साजिश ओर चन्द्रकांता उपन्यास।
राहुल बोले- देश की डेमोक्रेसी हाईजैक हो गई
राहुल ने कहा, “अब चुनाव आयोग के अंदर से जानकारी आ रही है, जो पहले नहीं आ रही थी। क्योंकि भारत की जनता ये सही मानेगी, क्योंकि जब देश के युवा को एक बार ये पता लगा कि चोरी हो रही है तो वो नहीं सहेंगें। मैं सब कुछ सबूत के साथ दिखाऊंगा, मैं अभी नीव तैयार कर रहा हूं, हाइड्रोजन बम में सब कुछ ब्लैक-व्हाइट है। देश की डेमोक्रेसी हाईजेक हो गई है।”
राहुल ने कहा- मैं सिर्फ सबूत दे रहा हूं
दूसरा सवाल: ज्ञानेश कुमार को पता है कि ये कौन कर रहा हैं, कांग्रेस का वोटर हटाए जा रहे हैं। 1 हफ्ते में अगर जबाव नहीं दिया गया तो आपका क्या करेंगे, क्या कोर्ट का रुख लेंगे। राहुल का जवाब- ये मेरा काम नहीं है, ये काम देश के लीगल इंस्टीट्यूशन का है, मैं आपको सबूत दे रहा हूं, आपको इस पर एक्शन लेना होगा। भारत में लोकसभा वाय लोकसभा वोट चोरी हो रही है। भारत के युवाओं को मेरा काम सच्चाई दिखाई का है। ये संविधान भारत का रखवाला है, मैं इसकी रखवाली कर रहा हूं जो कि मेरा काम नहीं है, ये काम लीगल इंस्टीट्यूशन का है।
राहुल बोले- हमारा काम सच्चाई सामने लाना है
पहला सवाल न्यूज एजेंसी PTI ने किया। पूछा- आपने नया खुलासा किया, पहले भी महादेव पुरा का बताया था, लेकिन ECI इस पर एक्शन हीं ले रहा, पूरे देश में SIR लाने की तैयारी है। आपका क्या स्टैंड है।
राहुल का जवाब- हमारा काम आपके सामने सच्चाई रखने का है। देश में लीगल सिस्टम भी है, उनके भी इसे देखना चाहिए, हम सच्चाई दिखाई, पहले मैंने एडिशन दिखाया, अब डिलीशन दिखाया, दोनों का स्ट्रक्चर दिखाया, सिस्टिम दिखाया, जो जोड़ रहा है और हटा रहा है, हमने सारे पते दिखाए, कर्नाटक-महाराष्ट्र-बिहार में हर जगह एक ही तरह से वोट डिलीट किए गए।
राहुल ने कहा, ज्ञानेश कुमार जी आप अपना काम कीजिए
राहुल ने कहा, “हमारी सलाह है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जी आप अपना काम कीजिए, कर्नाटक CID को एक हफ्ते में आप जबाव दें। नहीं तो देश साफ होगा कि आप हिंदुस्तान के कंस्टिट्यूशन की हत्या में शामिल हैं। युवा आपसे जवाब मांगेंगे।”
राहुल ने ‘वोट चोरी’ पर कहा- हाइड्रोजन बॉम्ब आ रहा है
