तेजस्वी बोले- नीतीश हाईजैक हैं, दो गुजराती सरकार चला रहे:कभी मुख्यमंत्री ने मोदी की थाली छीन ली थी, आज उनके पैर छू रहे
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ नालंदा पहुंच गई है। नालंदा के इस्लामपुर के खानकाह हाई स्कूल के मैदान में तेजस्वी ने सभा को संबोधित किया और CM नीतीश पर निशाना साधा।
तेजस्वी ने कहा, ‘नीतीश चाचा को बीजेपी ने हाईजैक कर लिया है और अब बिहार की सरकार नीतीश जी नहीं, बल्कि दो गुजराती दिल्ली से चला रहे हैं। यह वो नीतीश कुमार नहीं हैं, जिन्होंने कभी मोदी जी की थाली खींच ली थी। आज ऐसी स्थिति आ गई है कि उन्हें मोदी जी के पैर छूने पड़ रहे हैं।’
इससे पहले जहानाबाद में तेजस्वी ने लोगों को संबोधित करते हुए नीतीश सरकार को नकलची सरकार बताया। साथ ही ये भी दावा किया कि भाजपा बिहार से नीतीश कुमार को भगाना चाहती है।
जहानाबाद निकलने से पहले पटना में उन्होंने महागठबंधन में CM फेस को लेकर अपनी बात रखी और कहा कि महागठबंधन में CM फेस को लेकर कोई कंफ्यूजन नहीं है।
तेजस्वी की यात्रा से जुड़ी कुछ तस्वीरें…
बिहार अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी की 5 बड़ी बातें
- बीजेपी ने नीतीश को हाईजैक किया- ‘नीतीश चाचा को बीजेपी ने हाईजैक कर लिया है और अब बिहार की सरकार नीतीश जी नहीं, बल्कि दो गुजराती दिल्ली से चला रहे हैं। यह वो नीतीश कुमार नहीं हैं, जिन्होंने कभी मोदी जी की थाली खींच ली थी। आज ऐसी स्थिति आ गई है कि उन्हें मोदी जी के पैर छूने पड़ रहे हैं।’
- हम अपराध मुक्त बिहार बनाएंगे- ‘हमारी सरकार बनेगी तो भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनेगी। अपराध मुक्त सरकार बनेगी। हम अपराध मुक्त बिहार बनाएंगे। कोई गड़बड़ी करेगा तो तेजस्वी उसे हटा देगा, छोड़ेगा नहीं।’
- ये सरकार नकलची सरकार है- ‘ये सरकार नकलची सरकार है। तेजस्वी जो कहता, वही ये सरकार करती है। हमने कहा पेंशन बढ़ाएंगे। इन लोगों ने पेंशन बढ़ा दी। हमने कहा माई बहिन योजना लाएंगे। इन लोगों ने महिलाओं के लिए योजना का ऐलान कर दिया।
- महागठबंधन में CM फेस को लेकर कन्फ्यूजन नहीं- पटना में तेजस्वी ने कहा, ‘महागठबंधन में CM फेस को लेकर कोई कन्फ्यूजन नहीं है, चाहे तो जनता से पूछ लीजिए। बीजेपी नीतीश कुमार को भगाना चाहती है। चुनाव है, इसलिए अभी साथ रखा है।’
- घुसपैठिया सिर्फ चुनावी मुद्दा- ‘घुसपैठियों को बाहर भगाने से किसने रोका है आपको। आप कर क्या रहे हैं 11 साल से। चुनाव में भाषण देने से नहीं होता है। घुसपैठिया सिर्फ मुद्दों से भटकाने की बातें हैं।
गिरिराज बोले- परिवार को भी साथ ले जाएं और विकास दिखाएं
तेजस्वी की यात्रा पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तंज कसा है। उन्होंने कहा, ‘तेजस्वी यादव यात्रा पर निकलें और पूरे परिवार के साथ निकलें। लालू यादव को दिखाएं कि विकास किसको कहते हैं।
लालू यादव गरीब को कहते थे कि बिजली का क्या करोगे? सड़क का क्या करोगे? उन्हें सड़क से पूरे बिहार की यात्रा कराई जाए तब पता चलेगा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की जोड़ी ने बिहार में क्या विकास किया है।’
5 दिन में इन 10 जिलों से गुजरेगी तेजस्वी की यात्रा
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 16 सितंबर यानी आज से ‘बिहार अधिकार यात्रा’ पर हैं। उन्होंने इसे बेरोजगारी, महंगाई, किसानों-मजदूरों के सम्मान और महिलाओं की सुरक्षा की लड़ाई बताया है।
उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत जहानाबाद से की। 5 दिनों तक चलने वाली तेजस्वी की यह यात्रा 11 जिलों से होकर गुजरेगी। 20 सितंबर को वैशाली में इस यात्रा का समापन होगा।
