Headlines

PM बोले- RJD-कांग्रेस से बिहार के सम्मान–पहचान को खतरा:इन्होंने राज्य की तुलना बीड़ी से की; नीतीश ने कहा- खड़े होकर प्रधानमंत्री को प्रणाम कीजिए

PM बोले- RJD-कांग्रेस से बिहार के सम्मान–पहचान को खतरा:इन्होंने राज्य की तुलना बीड़ी से की; नीतीश ने कहा- खड़े होकर प्रधानमंत्री को प्रणाम कीजिए

आशुतोष, आकाश कुमार। पूर्णिया3 मिनट पहले

PM नरेंद्र मोदी ने सोमवार यानी 15 सितंबर को बिहार के लिए 40 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू किए। उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया।

एयरपोर्ट के बाद पूर्णिया के SSB ग्राउंड में प्रधानमंत्री ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- कांग्रेस और राजद से बिहार के सम्मान के साथ पहचान को भी खतरा है। ये लोग बिहार की तुलना बीड़ी से करते हैं।’

SIR का जिक्र किए बिना PM ने कहा- ‘राजद और कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने के लिए यात्राएं निकाल रही हैं। प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन घुसपैठियों पर ताला लगाना NDA की पक्की जिम्मेदारी है।’

बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘जो मेरे पहले यहां के चक्कर काटकर गए, उन्हें मखाना का नाम भी नहीं पता होगा।’

वे मंच तक खुली गाड़ी से लोगों का अभिवादन करते हुए पहुंचे। इस दौरान उनके साथ CM नीतीश कुमार और डिप्टी CM सम्राट चौधरी भी थे।

इससे पहले नीतीश कुमार का संबोधन हुआ। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से PM को खड़े होकर प्रणाम करने को कहा। मुख्यमंत्री के कहने पर लोग खड़े हुए और उन्हें प्रणाम किया

PM मोदी की 5 बड़ी बातें

  • SIR पर विपक्ष को घेरा: कांग्रेस और राजद से न सिर्फ बिहार के सम्मान को खतरा है। बिहार की पहचान को भी खतरा है। वोट बैंक का स्वार्थ है कि कांग्रेस और राजद के लोग घुसपैठियों को बचाने में लगे हैं। नारे लगा रहे हैं। यात्राएं निकाल रहे हैं। ये बिहार के संसाधन और सुरक्षा दोनों को दांव पर लगाना चाहते हैं।
  • जंगलराज की याद दिलाई: कांग्रेस और राजद बीते 2 दशकों से सत्ता से बाहर है। इसमें अहम भूमिका बिहार माताओं-बहनों की है। राजद के राज में हत्या, बलात्कार होते थे। हमारी सरकार में वही महिलाएं लखपति दीदी और ड्रोन दीदी बन रही हैं।
  • परिवारवाद पर निशाना साधा: कांग्रेस और राजद को सिर्फ अपने परिवार की चिंता करते हैं। मोदी के लिए आप सब ही मोदी का परिवार हैं, इसलिए मोदी कहता है, सबका साथ-सबका विकास। ये लोग क्या कहते हैं। अपने परिवार का साथ, अपने परिवार का विकास।
  • 22 सितंबर से GST एकदम कम हो जाएगी: इस साल दिवाली और छठ से पहले हमारी सरकार में बड़ा उपहार दिया है। आज से ठीक 7 दिन बाद नवरात्र के पहले दिन 22 सितंबर से देश में GST एकदम कम हो जाएगी। आपकी रोजमर्रा के जरूरत की चीजों पर GST कम की गई है। इससे माताओं बहनों का रसोई का खर्च बहुत कम होने वाला है।
  • RJD-कांग्रेस के कुशासन से सीमांचल पिछड़ा: देश के विकास के लिए बिहार का विकास जरूरी है। बिहार के विकास के लिए पूर्णिया और सीमांचल का विकास जरूरी है। RJD-कांग्रेस के कुशासन का सबसे ज्यादा नुकसान सीमांचल को उठाना पड़ा है। बिहार की डबल इंजन की सरकार किसानों की आय बढ़ाने का काम कर रही है।

PM के पूर्णिया दौरे से जुड़ी 4 तस्वीरें

PM ने पूर्णिया एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद एयरपोर्ट का डिजाइन देखते PM मोदी।
एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद PM मोदी खुली गाड़ी से लोगों का अभिवादन करते हुए मंच पर पहुंचे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने PM को मखाने की माला पहनाई।

नीतीश बोले- हमारी पार्टी के कुछ नेताओं ने गड़बड़ की थी

इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने PM मोदी के सामने कहा , ‘पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। बीच में गड़बड़ हो गया था। अब ये कभी संभव नहीं है कि गड़बड़ हो जाए। हमारी पार्टी के कुछ नेता गड़बड़ कर देते थे। अब मेरे इधर-उधर जाने का सवाल ही नहीं उठता है।’

नीतीश बोले- खड़े होकर PM को प्रणाम करो

संबोधन के दौरान नीतीश ने PM की तारीफ की। इस दौरान उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से खड़े होकर PM मोदी को प्रणाम करने के लिए कहा। नीतीश ने कहा, ‘बिहार के लिए प्रधानमंत्री जी ने इतना काम किया है, ज्यादा संख्या में खड़े होकर इनको एक बार प्रणाम कीजिए, खड़ा होकर प्रणाम कीजिए।’

इस दौरान नीतीश लोगों से कहने लगे, ‘काहे बैठे हुए हो, ए खड़ा हो…वहां बैठे हुए हो, खड़ा हो…खड़ा होकर प्रणाम करो। इसके बाद लोग खड़े होकर प्रधानमंत्री को प्रणाम करने लगे। PM भी खड़े हुए और हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024