राहुल गांधी बोले- वोट चोरी के विस्फोटक सबूत देंगे:रायबरेली में कहा- हाइड्रोजन बम आएगा तो सब साफ हो जाएगा
रायबरेली में गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा- हम गारंटी करके वोट चोरी के सबूत देने वाले हैं। हम और डायनामिक एक्सप्लोसिव (विस्फोटक) सबूत देंगे। भाजपा के लोग इरिटेट हो रहे हैं। मैं कहना चाहता हूं कि इरिटेट मत होइए। क्योंकि, हाइड्रोजन बम आएगा तो सब साफ हो जाएगा।
उन्होंने कहा-
पूरे देश में वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा चल रहा है। यह आग जैसा फैल रहा है। ये सच्चाई है। वोट चोरी करके सरकारें बन रही हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा के इलेक्शन में वोट चोरी हुई है। हमने कर्नाटक सेंट्रल का ब्लैक एंड व्हाइट सबूत दिया।

राहुल गांधी दो दिवसीय रायबरेली दौरे में बुधवार को आए थे। यहां उन्होंने दिशा (जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति) की बैठक के बाद मीडिया से बात की।
राहुल गांधी के बगल में बैठे मंत्री दिनेश प्रताप
मीटिंग में राज्य मंत्री दिनेश प्रताप राहुल गांधी के बगल में बैठे नजर आए। दिनेश प्रताप वही मंत्री हैं, जिन्होंने बुधवार को राहुल गांधी के दौरे का विरोध किया था। वह राहुल के रास्ते पर बैठ गए थे, जिस वजह से कुछ देर के लिए काफिले को रोक दिया गया था।
सपा से निष्कासित विधायक ने किया राहुल की बैठक का बहिष्कार
राहुल गांधी की इसी बैठक का विधायक मनोज पांडेय ने बहिष्कार कर दिया। ‘दिशा’ बैठक में उन्होंने पीएम मोदी की मां को गाली देने वाले मामले में निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की। राहुल ने इसका समर्थन नहीं किया। इसके बाद मनोज पांडेय बैठक बीच में छोड़कर बाहर आ गए।
उन्होंने कहा- राहुल गांधी का रवैया बहुत अड़ियल है। देश के पीएम की मां को बिहार में उनके मंच से गाली दी गई। ये देश की मांओं का अपमान है। मनोज पांडेय रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक हैं। सपा ने हाल ही में उनको पार्टी से निष्कासित कर दिया।
इससे पहले, सरेनी से सपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह और उनकी ब्लाक प्रमुख बहू शिवानी सिंह बैठक से वापस चली गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने पहले इनवाइट किया, लेकिन जब वह पहुंचे तो गाड़ी को अंदर नहीं जाने दिया गया।
जनता दरबार में 1000 लोगों से मिले
राहुल गांधी ने सुबह NTPC गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाया। 1000 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक दिव्यांग भाई की पीठ पर लदकर राहुल से मिलने पहुंचा। उसने सांसद से ट्राइसाइकिल मांगी।
राहुल के दौरे से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए….
अपडेट्स
अजय राय ने दोहराया राहुल गांधी का नारा, बोले- काशी की हर गली में यही गूंज रहा
वाराणसी में पीएम मोदी का विरोध करने की तैयारी कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को बीती रात को होटल में नजरबंद कर लिया गया। इस दौरान अजय राय ने राहुल गांधी का नारा दोहराया। अजय राय ने दैनिक भास्कर से कहा- रायबरेली में राहुल गांधी ने फिर से नारा दोहराया है। अब उसी नारे की चर्चा काशी के अंदर गली-गली में हो गई है। हर गली, हर मोहल्ले, हर इलाके में एक ही नारा है- वोट चोर-गद्दी छोड़। जनता जान गई है कि जहां हम जीतते थे वहां मोदी कैसे जीतने लगे। मोदी वोट चोरी करके चुनाव जीते हैं। काशी की जनता ने हम लोगों को प्यार-सम्मान दिया और मोदी जीत गए। मैं जौनपुर जा रहा था, मुझे पुलिस ने रोक लिया है। यहां से बाहर नहीं जाने दे रहे हैं। हम लोगों ने कार्यालय जाने का प्रयास किया था। वहां भी नहीं जाने दिया और अगर नहीं जाने देंगे तो यहीं अन्न-जल त्यागकर अमरण अनशन पर बैठ जाऊंगा।
मंत्री को चाय न मिलने पर राहुल गांधी ने ली चुटकी
दिशा बैठक के दौरान राहुल गांधी ने मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की चुटकी ली। दिशा के नामित सदस्य गौरव द्विवेदी ने बताया- बैठक में एक घंटे बाद राहुल गांधी के लिए चाय आई। लेकिन मंत्री के लिए चाय नहीं पहुंची। इस पर दिनेश प्रताप सिंह ने डीएम हर्षिता माथुर की तरफ इशारा करते हुए पूछा कि दिशा बैठक की गाइडलाइन में क्या सिर्फ अध्यक्ष को ही चाय पिलाई जाएगी? इसपर राहुल गांधी ने चुटकी लेते हुए दिनेश प्रताप सिंह की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इनको दो चाय पिलाइये। इसके बाद दिनेश प्रताप सिंह के लिए भी चाय मंगाई गई। इस दौरान राहुल गांधी ने मंत्री को बिस्किट की प्लेट बढ़ाई। इस पर दिनेश प्रताप सिंह ने दो बिस्किट ले लिए।
बैठक में उठा खाद और बिजली का मुद्दा
रायबरेली में केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की 102 विकास की योजनाओं के बारे में राहुल गांधी ने जानकारी ली। दिशा कमेटी के नामित सदस्य गौरव द्विवेदी ने बताया- सरकार की 102 विकास की योजनाओं में 20 योजनाएं रायबरेली में क्रियान्वित नहीं हैं, इन्हें छोड़कर 82 योजनाओं की जानकारी ली गई। पिछली बैठक में 10 समस्याएं सामने आई थीं जिनमें से 8 निस्तारित हो चुकी हैं। आज की बैठक में सड़क, खाद की समस्या और बिजली जैसे मूलभूत मुद्दों पर चर्चा हुई।
IMA के पूर्व सदस्य के परिजनों से मिलकर जताया शोक
रायबरेली में दिशा की बैठक समाप्त होने के बाद राहुल गांधी ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के पूर्व सदस्य दिवंगत डॉ राजेंद्र शर्मा के परिवार वालों से मुलाकात की। 15 दिन पहले डॉ राजेंद्र का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। परिजनों से मुलाकात कर उन्होंने शोक जताया। इस दौरान उनके साथ अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहे।
रायबरेली से राहुल गांधी की दिशा बैठक की अपडेट देते भास्कर रिपोर्टर आशीष श्रीवास्तव
मंत्री दिनेश बोले- मेरी लंबाई राहुल गांधी से ज्यादा, उनसे लंबा दिखता हूं
दिशा बैठक के बाद यूपी सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप ने कहा- आज अच्छा काम हुआ है। दिशा के अध्यक्ष राहुल गांधी और सह अध्यक्ष व अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा दिल्ली और लखनऊ से तीन चार लोगों को लेकर आए थे। रायबरेली में सरकार के कामों में कोई कमी वो नहीं पकड़ा पाए। सरकार की मंशा के अनुरूप ही काम हो रहा है।
बैठक में राहुल गांधी को ऊंची कुर्सी और मंत्री को छोटी कुर्सी देने के सवाल पर मंत्री ने कहा- ईश्वर की कृपा है, मैं राहुल गांधी से लंबा हूं, इसलिए कुर्सी चाहे जैसी हो जब वो मेरे बगल में बैठते हैं तो मैं उनसे ऊंचा ही दिखता हूं। वो बड़े नेता हैं, अपनी पार्टी के मालिक हैं, मैं पार्टी का छोटा कार्यकर्ता हूं।
राहुल गांधी बोले- वोट चोरी करके सरकारें बन रहीं
दिशा की बैठक के बाद राहुल गांधी ने मीडिया बात करते हुए वोट चोरी का मुद्दा उठाया। कहा- हम गारंटी करके वोट चोरी के सबूत देने वाले हैं। हम और डायनामिक एक्सप्लोसिव (विस्फोटक) सबूत देंगे। भाजपा के लोग इरिटेट हो रहे हैं। मैं कहना चाहता हूं कि इरिटेट मत होइए। क्योंकि, हाइड्रोजन बम आएगा तो सब साफ हो जाएगा।
उन्होंने कहा- पूरे देश में वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा चल रहा है। यह आग जैसा फैल रहा है। ये सच्चाई है। वोट चोरी करके सरकारें बन रही हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा के इलेक्शन में वोट चोरी हुई है। हमने कर्नाटक सेंट्रल का ब्लैक एंड व्हाइट सबूत दिया।
सपा की ब्लॉक प्रमुख बोलीं- बेइज्जती हुई, शांत नहीं बैठूंगी
सपा समर्थित ब्लॉक प्रमुख शिवानी सिंह को राहुल गांधी की अध्यक्षता में हो रही दिशा बैठक में जाने से रोक दिया गया। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा- पहले बुलाया गया, दो बार गाड़ी से उतारकर फिर बैठाया गया। बाद में अंदर जाने से रोक दिया गया। ये कहां का न्याय है।
एक तरफ सरकार बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का नारा देती है, महिलाओं के सम्मान की बात करती है। देश के पीएम की मां का अपमान हुआ तो सभी लोग विरोध करने लगे।
मैं भी एक महिला हूं। मेरे लिए कौन खड़ा होगा। मेरी इतनी बेइज्जती की गई, मैं शांत नहीं बैठने वाली हूं। इस मुद्दे को लेकर डीएम-एसपी से मिलूंगी। लेटर लिखूंगी।
सपा विधायक बोले- प्रशासन ने बुलाया फिर जाने नहीं दिया
पुलिस ने सरेनी से सपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह और ब्लॉक प्रमुख बहू शिवानी सिंह को कलेक्ट्रेट में चल रही दिशा की बैठक में जाने से रोक दिया, जिसका विधायक ने कड़ा विरोध जताया।
उन्होंने कहा- मुझे और मेरी बहू को जिला प्रशासन ने निमंत्रण देकर बुलाया था। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर ही सीओ और इंस्पेक्टर ने हमारी गाड़ियां रुकवा दीं। कहने लगे गाड़ी नहीं जाएगी। पैदल जाना है तो जाइए।
ये कैसा रवैया है विधायक और ब्लॉक प्रमुख को पैदल जाने को कहा जा रहा, इसलिए हमने बैठक का बहिष्कार कर दिया। इस सरकार में अफसर अपनी मनमानी कर रहे हैं। महिलाओं का सम्मान भी नहीं किया जा रहा है।
मनोज पांडेय बाेले- राहुल के अड़ियल रवैये से छोड़ी बैठ
ऊंचाहार से विधायक मनोज पांडेय राहुल गांधी की बैठक छोड़कर बाहर निकल आए। कहा- बैठक में मैं शामिल हुआ था। बैठक में मैंने बिहार में पीएम मोदी की मां को गाली देने वाले मामले को लेकर निंदा प्रस्ताव रखा, जिसका राहुल गांधी ने समर्थन नहीं किया।
वो अपने अड़ियल रवैये पर अड़े रहे। इसके चलते मैंने बैठक बीच में छोड़ दी। बिहार में सिर्फ पीएम की मां को ही गाली नहीं दी गई, बल्कि देश की 135 करोड़ की जनता की माताओं का अपमान है।
सपा विधायक और ब्लॉक प्रमुख एंट्री न मिलने पर लौटीं
सरेनी से समाजवादी पार्टी के विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह और उनकी ब्लाक प्रमुख बहू शिवानी सिंह दिशा की बैठक से वापस चली गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन द्वारा पहले बैठक के लिए उन्हें निमंत्रण दिया गया। लेकिन जब हम पहुंचे तो काफिले को रोक दिया गया, इसलिए दिशा की बैठक का बहिष्कार कर वापस जा रहे हैं।
सपा से निष्कासित MLA मनोज पांडेय ने बैठक का बहिष्कार किया
सपा से निष्कासित MLA मनोज पांडेय दिशा बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे थे। बैठक में शामिल होने से पहले ही उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर दिया।
उन्होंने कहा – देश के प्रधानमंत्री की मां को बिहार में राष्ट्रीय पार्टी के मंच से गाली दी गई। ये सिर्फ पीएम की मां का नहीं बल्कि देश की मांओं का अपमान है। इसके विरोध में मैं बैठक का बहिष्कार करता हूं।
कलेक्ट्रेट पहुंचे राहुल गांधी, दिशा बैठक में लेंगे हिस्सा
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायबरेली में दिशा की बैठक में भाग लेने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। डीएम हर्षिता माथुर और एसपी यशवीर सिंह ने राहुल गांधी का स्वागत किया।
दिशा की बैठक में यूपी सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश सिंह, सपा से निष्कासित विधायक मनोज पांडेय, विधायक अदिति सिंह भी बैठक में शामिल होने पहुंची हैं।
सरेनी विधानसभा से विधायक देवेंद्र सिंह, सालोन विधानसभा से विधायक अशोक कोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी बैठक में हिस्सा लेने पहुंची हैं। इसके अलावा नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख बैठक में मौजूद हैं।
ऊंचाहार के लोगों ने NTPC से मांगी डायरेक्ट बिजली सप्लाई, राहुल ने GM को सौंपा पत्र
उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रार्थना पत्र देकर ऊंचाहार अंडर पास में बारिश के दौरान पानी भरने का मुद्दा उठाया। जिसपर ऊंचाहार एसडीएम राजेश कुमार श्रीवास्तव को राहुल गांधी ने निर्देशित किया कि एक महीने के अंदर इस समस्या का समाधान कराएं। इसमें एनएचएआई की मदद भी लें।
इसके अलावा स्थानीय लोगों ने राहुल गांधी से मुलाकात कर एनटीपीसी से डायरेक्ट बिजली सप्लाई की मांग की। इस पर राहुल गांधी ने एनटीपीसी के जीएम को पत्र देकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जनता दरबार में ऊंचाहार ब्लॉक के उमरन गांव की रहने वाली रामरती ने राहुल गांधी से मिलकर प्रधानमंत्री आवास की मांग की। जिसपर राहुल गांधी ने खंड विकास अधिकारी (BDO) सुनील कुमार सिंह को पत्र देकर आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जनता दरबार समाप्त होने के बाद राहुल गांधी दिशा की बैठक में शामिल होने के लिए गेस्ट हाउस से कलेक्ट्रेट के लिए साढ़े 11 बजे रवाना हो गए।
गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा के लिए कॉरिडोर की मांग की
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा रायबरेली के अध्यक्ष हरमिंदर सिंह सलूजा राहुल ने राहुल गांधी से मुलाकात की। कहा- हमारी मुलाकात सार्थक रही। हमने गुरुदेव बहादुर जी महाराज के साढ़े 300 वर्ष शहादत के पूरे होने पर आगामी नवंबर माह में गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा के लिए कॉरिडोर की मांग की है।
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा से उन्होंने सहयोग करने के लिए कहा है। हम आशा करते हैं कि गुरु सिंह सभा की मांगों को तत्काल प्रभाव से पूरा कराया जाएगा।
कांग्रेस यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता राहुल गांधी से मिले
कांग्रेस यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने जनता दरबार में राहुल गांधी से मुलाकात कर युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाया। किसान विंग के जिलाध्यक्ष ने राहुल गांधी से मिलकर खाद की समस्या उठाई। राहुल गांधी ने इसे लेकर दिशा की बैठक में उठाने की बात कही है।
राहुल गांधी से ट्राइसाइकिल मांगने पीठ पर लदकर पहुंचा दिव्यांग
जनता दरबार में ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र का रहने वाला एक दिव्यांग शख्स राहुल गांधी से ट्राइसाइकिल मांगने अपने भाई की पीठ पर बैठकर पहुंचा है। उसने प्रार्थना पत्र देकर राहुल गांधी से ट्राई साइकिल मांगी है।
राहुल गांधी को फरियादी ने बताई समस्या
जनता दरबार में राहुल गांधी को लोग अपनी समस्याएं बता रहे हें। इस दौरान राहुल गांधी उनकी बातों को सुनकर समाधान का भरोसा देते नजर आए।
फारूक बोले- विदेश नीति में बदलाव को लेकर राहुल गांधी से हुई बात
रायबरेली सांसद राहुल गांधी से मिलने के बाद मोहम्मद फारूक ने बताया- राहुल गांधी से मुलाकात करके हमने बताया कि विदेश नीति पर बदलाव किया जाए।
भारत के अंदर बेरोजगारी है, जिसके चलते युवा गल्फ कंट्रीज का रास्ता देख रहे. ऐसी स्थिति में विदेश नीति के चलते वीजा उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इस पर कुछ न कुछ कार्रवाई कराई जाए।
वही, सरेनी विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से मुलाकात करते हुए लोकल मुद्दों को उठाया। कहा- कई बार मुद्दों को लेकर अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सिर्फ और सिर्फ आश्वासन मिला।
गेट पर जुटी भीड़, पुलिस से युवक की हॉट-टॉक
एनटीपीसी गेस्ट हाउस में राहुल गांधी के जनता दरबार में 1000 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ पहुंची है। गेट पर लोगों को रोका गया है।
इस दौरान युवक को पुलिस ने रोका तो वो विरोध करने लगा। उसकी हॉट-टॉक भी हुई। हालांकि, बाद में पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर किनारे किया।
जनता दरबार में बदहाल सड़क की समस्या लेकर पहुंचे स्कूल संचालक
राहुल गांधी ने ऊंचाहार में NTPC गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाया। जहां स्कूल संचालक बदहाल सड़क की समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा- मेरे रायबरेली तीन स्कूल संचालित हैं, कहीं पर भी सड़क अच्छी नहीं है। मैं राहुल गांधी से मिलकर खराब सड़क का मुद्दा बताने आया हूं। ये सड़कें 12 साल से खराब हैं। अफसर सिर्फ आश्वासन देते हैं।
सुरक्षा में लगाए गए 600 पुलिसकर्मी
रायबरेली कलेक्ट्रेट परिसर में दिशा की बैठक होने से पहले राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। क्षेत्राधिकार नगर अमित सिंह ने बताया कि 600 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें लगभग 200 महिला पुलिस कर्मचारी और 400 पुरुष पुलिसकर्मी हैं।
राहुल के दौरे के पहले दिन के 2 बयान
राहुल ने बटोही रिसॉर्ट में बूथ सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा था- पहले लोग कहते थे कि दाल में जरूर कुछ काला है, लेकिन किसी के पास कोई सबूत नहीं था। अब सबूत है। वोट चोरी हो रही है। इसे रोकना होगा। विरोध के बाद भी चुनाव आयोग तानाशाही कर रहा है।
एक होटल में प्रजापति समाज के सम्मेलन में शामिल हुए। यहां कहा- देश में 90 फीसदी आबादी ओबीसी, दलित और आदिवासियों की है, लेकिन भाजपा-आरएसएस के लोग नहीं चाहते कि ये कभी आगे बढ़ें। ये चाहते हैं कि दलित वहीं पर रहे। प्रधानमंत्री मोदी खुद ओबीसी हैं, लेकिन जाति जनगणना पर कुछ नहीं बोलते।
गुरुवार को दिशा की बैठक के बाद राहुल सड़क मार्ग से लखनऊ आएंगे। फ्लाइट से दिल्ली जाएंगे। लोकसभा चुनाव जीतने के बाद यह उनका 6वां रायबरेली दौरा है।
राहुल आज जनता दरबार लगाएंगे, दिशा की बैठक में शामिल होंगे
राहुल गांधी NTPC गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) बैठक में भाग लेंगे।
राहुल के कल के दौरे की 3 तस्वीरें-
