रायबरेली में राहुल गांधी बोले- चुनाव आयोग तानाशाह:भाजपा-आरएसएस वाले OBC को बढ़ने नहीं दे रहे, मंत्री दिनेश सिंह ने रुकवाया काफिला
रायबरेली में राहुल गांधी ने प्रजापति समाज के सम्मेलन में भाजपा और आरएसएस को निशाने पर लिया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा- देश में 90 फीसदी आबादी ओबीसी, दलित और आदिवासियों की है, लेकिन ये भाजपा-आरएसएस के लोग नहीं चाहते कि ये कभी आगे बढ़ें।
ये चाहते हैं कि दलित वहीं पर रहे, अंबानी जहां हैं वहीं पर रहें। प्रधानमंत्री मोदी खुद ओबीसी हैं, लेकिन जाति जनगणना पर कुछ नहीं बोलते। मैंने संसद में इस पर सवाल किया तो वे डेढ़ घंटे तक भाषण देते रहे, लेकिन जाति जनगणना पर एक भी शब्द नहीं बोले।
बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे राहुल गांधी दिल्ली स्थित अपने आवास से रायबरेली के लिए रवाना हुए। दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट लेकर लखनऊ पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से रायबरेली पहुंचे। रास्ते में राहुल गांधी के काफिले को विरोध का सामना करना पड़ा।
पीएम को गाली देने के मामले को लेकर योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह अपने समर्थकों के साथ राहुल के रास्ते में धरने पर बैठ गए। राहुल वापस जाओ के नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन के चलते राहुल का काफिला करीब 1 किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया।
पुलिस, मंत्री दिनेश सिंह को उठाने पहुंची तो भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ धक्कामुक्की भी हुई। इस दौरान राहुल का काफिला 5 मिनट रुका रहा। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह वही हैं, जिन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा था।
राहुल, बटोही रिसॉर्ट में अपने पहले कार्यक्रम में पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- पहले लोग कहते थे कि दाल में जरूर कुछ काला है, लेकिन किसी के पास कोई सबूत नहीं थे। अब सबूत हैं। वोट चोरी हो रही है। इसे रोकना होगा। विरोध के बाद भी चुनाव आयोग तानाशाही कर रहा है।
राहुल आज और कल यानी 10 और 11 सितंबर को रायबरेली में रहेंगे। लोकसभा चुनाव जीतने के बाद यह उनका छठा रायबरेली दौरा है।
सपा नेता ने राहुल गांधी को पोस्टर में बताया ब्रह्मा
इधर, रायबरेली में राहुल गांधी के दौरे को लेकर सपा लोहिया वाहिनी प्रदेश सचिव राहुल निर्मल बागी का एक पोस्टर चर्चा में हैं। इसमें राहुल-अखिलेश और तेजस्वी को ब्रह्मा, विष्णु, महेश के रूप में दर्शाया गया है।
पोस्टर को लेकर राहुल निर्मल बागी ने कहा- जिस तरह राहुल, अखिलेश और तेजस्वी दबे-कुचले लोगों की आवाज बनकर उभरे हैं। निश्चित रूप से वे कलयुग के ब्रह्मा, विष्णु और महेश का अवतार हैं।
पोस्टर को लेकर भाजपा प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा- राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव राजनीति के इच्छाधारी हिंदू हैं, जो चुनाव आते ही अपना रूप और रंग बदल लेते हैं।
राहुल के दौरे से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
ऊंचाहार में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अपडेट देते भास्कर रिपोर्टर आशीष श्रीवास्तव
बोले- अगर ऐसे चलता रहा तो राजनीति समाप्त हो जाएगी
राहुल गांधी ने कहा- कर्नाटक विधानसभा चुनाव में एक लाख फर्जी वोटर बनाए गए थे, जिनकी रिपोर्ट मांगी गई है। इलेक्शन कमिशन आज तक रिपोर्ट नहीं दे पाया। भाजपा सरकार इलेक्शन कमीशन के माध्यम से लगातार चुनाव में वोट चोरी का काम कर रही है। अगर इसी तरह चलता रहा तो देश की पूरी राजनीति समाप्त हो जाएगी। आपके पूरे हक को नरेंद्र मोदी जी अडानी और अंबानी को देना चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अडानी और अंबानी की पूरी तरीके से मदद करते हैं और आपका जो हक है उसे लगातार अडानी अंबानी को दे रहे हैं। मैंने इसीलिए यह वोट चोर का नारा आप लोगों को दिया है। हम आपका अधिकारों का हनन नहीं होने देंगे।
राहुल गांधी ने कहा- गरीबों के अधिकार और दलितों के अधिकार के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार लड़ाई लड़ेगी। हिंदुस्तान के वोटर का अधिकार है वोट डालना। कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी की सबसे बड़ी शक्ति हैं। आप लोग पोलिंग बूथ पर हमारा झंडा ऊंचा रखते हैं, कांग्रेस पार्टी का झंडा ऊंचा रखते हैं। पूरे देश में आरएसएस और नरेंद्र मोदी ने वोट चोरी का अभियान चलाया है। हम आपको सबूत के साथ आने वाले समय में सबकुछ दिखाएंगे। अंत में जय भारत, जय हिंद, जय कांग्रेस…का नारा लगाकर संबोधन समाप्त किया।
राहुल गांधी बोले- भाजपा वोट चोरी करके चुनाव जीती है
राहुल गांधी ने बटोही रिजॉर्ट में कार्यकर्ताओं से कहा-2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरा दम लगाकर जीत दिलाई है। आप लोग सभी पोलिंग बूथ में कांग्रेस के कार्यकर्ता कांग्रेस का और मेरा झंडा ऊंचा रखते हैं। अभी जो काम करता हूं उसमें आप लोग शामिल रहते हैं। लोगों ने वोट चोरी का नारा सुना है। अगर आपके वोट को घटा दिया जाए तो संविधान का मतलब क्या रह गया। उन्होंने कहा कि बीजेपी वोटों की चोरी करके जीती है। लोकसभा चुनाव के बाद तकरीबन पूरे भारत में इलेक्शन कमीशन ने एक करोड़ वोटर बनाए। इलेक्शन कमीशन से इस बारे में जवाब मांगा गया लेकिन जवाब नहीं दिया गया।
बटोही रिजॉर्ट पहुंचे राहुल गांधी, कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
मुलिहा मऊ गांव में पौधरोपण के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 35 किमी दूर ऊंचाहार के बटोही रिजॉर्ट में बूथ स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करने पहुंचे। उनके साथ अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व कांग्रेस विधायक विधायक अजय पाल सिंह व उप्र कांग्रेस कमेटी के सचिव अतुल सिंह मौजूद रहे।
मुलिहा मऊ गांव में राहुल गांधी ने पौधा रोपा
सांसद राहुल गांधी भुएमऊ गेस्ट हाउस में लंच करने के बाद ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के मुलिहा मऊ गांव में पौधरोपण करने पहुंचे। जहां उन्होंने पीपल का पौधा रोपा और पानी डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पौधे की सेवा करने के लिए भी कहा। इसके बाद वो ऊंचाहार के बटोही रिजॉर्ट में बूथ स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सभा करेंगे। यहां 500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को वो संबोधित करेंगे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अतुल सिंह ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर बातचीत की
राहुल गांधी ने काफिला रुकवाकर बच्ची को टाॅफी दी
राहुल गांधी अपने पैतृक आवास भुएमऊ गेस्ट हाउस से चिल्हिया गांव में पौधरोपण करने जा रहे थे। रास्ते में अचानक उन्होंने गाड़ी रोकी और सड़क किनारे उनके काफिले को देख रही बच्ची को बुलाया और टॉफी दी। राहुल ने बच्ची से बात भी की। बच्ची का नाम लक्ष्मी है, वो 8 साल की है। इससे पहले भी रायबरेली में राहुल गांधी ने प्रोटोकॉल तोड़कर लालगंज में बारबर मिथुन के यहां पहुंचकर बाल कटवाए थे।
प्रजापति सम्मेलन में राहुल गांधी के निशाने पर रहे भाजपा-RSS
प्रजापति सम्मेलन में राहुल गांधी ने कहा- मैं खुलकर बोलता हूं कि आप सभी जगह ब्लॉक किए जा रहे हैं। सिर्फ कॉर्पोरेट इंडिया ही नहीं सभी जगह ब्लॉक किया जा रहा है। पिछड़ा, ईबीसी, अति पिछड़ा, दलित, आदिवासी समेत 90 प्रतिशत भारतीयों को रोका जा रहा है। आप लोगों को कॉर्पोरेट इंडिया, ब्यूरोक्रेसी और सरकार को चलाने से रोका जा रहा है। बड़े बड़े अस्पताल अपोलो, एस्कॉर्ट में से किसी एक मालिका का नाम बता दो। इनमें कोई ओबीसी नहीं मिलेगा। आपकी जमीन छीनी जा रही है। आपको बचाने का सिर्फ एक तरीका है वो है सवाल उठाना। राहुल गांधी ने कहा- आरएसएस 90 फीसदी ओबीसी आबादी को रोक रही है। मैं यही सवाल सरकार से करता हूं। ये लोग ये सवाल करने से रोकते हैं। इन लोगों ने 50 फीसदी के आरक्षण की दीवार बना रखी है। मोदी खुद को ओबीसी कहते हैं। मैंने लोकसभा में उनसे सवाल किया कि आप ओबीसी हैं तो जाति जनगणना करानी चाहिए। मेरे सवाल करने पर मोदी ने डेढ़ घंटा भाषण दिया लेकिन पूरे भाषण में जाति जनगणना का नाम नहीं लिया। राहुल गांधी ने आगे कहा- कॉर्पोरेट इंडिया की किसी कंपनी की सीनियर मैनेजमेंट की सूची निकाल लीजिए, इसमें एक भी ओबीसी का नाम नहीं मिलेगा। टाटा, अंबानी, अडानी, बिड़ला। इसमें एक भी व्यक्ति आपको ओबीसी का नहीं मिलेगा। जब आप मनरेगा की सूची निकालेंगे तो आपको इसमें ओबीसी का नाम मिल जाएगा। आपका कर्जा कोई माफ नहीं करेगा। अंबानी अडानी का कर्ज सरकार माफ कर देती है। हजारों करोड़ों का कर्म माफ हो जाता है। प्रजापति समाज 9 करोड़ की आबादी में हैं। आपने इतिहास पढ़ा है लेकिन उसमें आप कहीं पर नहीं हैं। प्रजापति समाज भारत के इतिहास में नहीं है।
मैंने प्रजापति नाम शब्द इतिहास में नहीं पढ़ा। आरएसएस चाहता है कि समाज में जो व्यक्ति जहां है वो वहीं रुका रहे। वो चाहते हैं दलित हैं वहीं रहें, ओबीसी जहां हैं वहीं रहें। लेकिन हम चाहते हैं कि प्रजापति समाज, ओबीसी समाज का बच्चा अंबानी जैसा बिजनेसमैन बने। यही मेरी लड़ाई है। आप लोग मेरी प्रेरणा हैं, मैं आप लोगों से काफी कुछ सीखता हूं। आपको कभी कोई जरूरत हो तो मेरे दरवाजे हमेशा आपके लिए खुले हैं।
राहुल बोले- देश में एक ही नारा चल रहा है
राहुल गांधी ने अशोक स्तंभ का लोकार्पण करने के बाद कहा- इस समय का एक ही नारा देश में चल रहा है वोट चोर, गद्दी छोड़। ये पूरे देश में साबित हो गया है। इसे हम हमेशा ऐसे साबित करते रहेंगे।
राहुल गांधी के रायबरेली दौरे की अपडेट दे रहे भास्कर रिपोर्टर आशीष श्रीवास्तव
राहुल बोले- पूरे देश में भाजपाई कर रहे कांग्रेस का विरोध
प्रजापति सम्मेलन में शामिल होने के बाद राहुल गांधी दोपहर 1:05 बजे गोरा बाजार चौराहे पर स्थित अशोक स्तंभ का लोकार्पण किया। जिसके बाद उन्होंने कहा- पूरे भारत में कांग्रेस की बढ़ती हुई लोकप्रियता के चलते हर प्रदेश में भाजपा पार्टी के कार्यकर्ता लगातार कांग्रेस का विरोध कर रहे हैं। कहीं ना कहीं उनको लग रहा है कि भविष्य उनके घर में है।
राहुल गांधी के विरोध पर पूर्व MLC बोले-अपनी गली में कौन ललकारता है?
कैबिनेट मंत्री दिनेश प्रताप के राहुल गांधी के विरोध करने को लेकर कांग्रेस नेता व पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने कहा – बड़ी ओछी हरकत है। छोटी हरकत है। आप लोगों ने एक देसी कहावत सुनी होगी कि अपनी गली में कौन ललकारता है? ऐसी ही कहावत को ही दिनेश प्रताप सिंह द्वारा की गई हरकत दर्शाती है। जिस तरीके से दिनेश प्रताप सिंह ने 40 लफंडरों को लेकर सांसद राहुल गांधी के काफिले को रोकने की कोशिश की वह नितांत निंदनीय है। पूर्व एमएलसी ने कहा- दिनेश प्रताप सिंह चारों धाम की यात्रा कर चुके हैं, जब बसपा में थे उन्होंने तब उन्होंने कहा कि बहन मायावती ने मुझे बचाया है, और बाद में उनको भी गालियां दीं। उसके बाद मुलायम सिंह यादव की शरण में गए तो मुलायम सिंह यादव को भी अपना सर्वेसर्वा बताते हुए बाद में उनको भी गालियां दीं। उसके बाद कांग्रेस में आए और प्रियंका गांधी सोनिया गांधी को बहन और मां भगवान का दर्जा देने के बाद आज उन्हीं के बेटे के विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह उनकी छोटी और तुक्ष मानसिकता को दर्शाता है। दिनेश प्रताप सिंह को रायबरेली में मजबूत करने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है। दीपक ने कहा- जब इनको कोई भी पार्टी शरण नहीं दे रही थी तब कांग्रेस पार्टी ने दिनेश प्रताप सिंह को शरण देते हुए रायबरेली में मजबूत किया और आज दिनेश प्रताप सिंह ने अपनी ऊंची हरकत दिखाना शुरू कर दिया है। ये कुछ नहीं बल्कि अपने मंत्री पद को बचाए रखने के उनके द्वारा ऐसी हरकत की गई है।
राहुल गांधी का काफिला होटल ग्रांडइन पहुंचा
राहुल गांधी ने बटोही रिसॉर्ट में कार्यकर्ताओं के साथ 45 मिनट तक रहे। इस दौरान उन्होंने ढाई मिनट का संबोधन दिया। इसके बाद उनका काफिला प्रजापति समाज की बैठक में शिरकत करने के लिए होटल ग्रांडइन के लिए रवाना हुआ। 4 किमी दूर चलकर उनका काफिला 12:14 बजे होटल ग्रांडन इन पहुंचा है।
मंत्री दिनेश बोले- राहुल रास्ता बदलकर भाग गए
राहुल के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दैनिक भास्कर कहा- राहुल गांधी प्रधानमंत्री की मां को गाली दिलवा रहे हैं। प्रधानमंत्री तो हम सबके प्रधानमंत्री हैं, राहुल गांधी के भी प्रधानमंत्री हैं। राहुल गांधी कम से कम माफी मांगते।
वह यह भी नहीं कह रहे कि जिन्होंने गाली दी, कि उसे ये ठीक काम नहीं है, ये मैसेज स्वीकार नहीं करूंगा, तो सबको अच्छा लगता।
राहुल को चाहिए था कि उन लोगों को पार्टी से निष्कासित कर दें या खुद माफी मांग लें, लेकिन ऐसा नहीं किया। यह हर किसी का अपमान है।
इसी मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ता राहुल गांधी का विरोध करने पहुंचे थे। लेकिन राहुल गांधी रास्ता बदलकर भाग गए।
राहुल गांधी बोले- चुनाव आयोग तानाशाही कर रहा
राहुल गांधी ने कहा- विरोध के बाद भी चुनाव आयोग तानाशाही कर रहा है। आप लोगों (कांग्रेस कार्यकर्ता) ने ऐसी विषम स्थिति में कांग्रेस पार्टी का साथ नहीं छोड़ा है। जिसके लिए आप धन्यवाद के पात्र हैं।
सपा नेता के पोस्टर पर भाजपा बोली- राहुल-अखिलेश राजनीति के इच्छाधारी हिंदू
बीजेपी प्रवक्ता आनंद दुबे ने सपा नेता के पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव राजनीति के इच्छाधारी हिंदू हैं, जो चुनाव आते ही अपना रूप और रंग बदल लेते हैं।जहां तक इस पोस्टर की बात है, इससे साफ है कि सपा के नेताओं का एजेंडा सनातन धर्म का अपमान करना ही है। अब तो ऐसा लग रहा है कि सपा के लोग अपने घरों में ब्रह्मा, विष्णु और महेश की जगह राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव की पूजा करने लगे हैं।
बटोही रिसॉर्ट पहुंचे राहुल गांधी, बोले- दाल में जरूर कुछ काला
राहुल गांधी हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के बटोही रिसॉर्ट पहुंच गए हैं। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। राहुल ने कहा- पहले लोग कहते थे कि दाल में जरूर कुछ काला है। लेकिन किसी के पास कोई सबूत नहीं थे। अब सबूत हैं। वोट चोरी हो रही है। इसे रोकना होगा।
रायबरेली से राहुल के दौरे का अपडेट दे रहे रिपोर्टर आशीष
राहुल के काफिल के रास्ते पर बैठे मंत्री दिनेश सिंह
रायबरेली में राहुल गांधी के काफिले को विरोध का सामना करना पड़ा। योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह अपने समर्थकों के साथ राहुल गांधी के रास्ते में धरने पर बैठ गए। राहुल वापस जाओ के नारे लगाए।
विरोध प्रदर्शन के चलते राहुल का काफिला करीब 1 किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया।
पुलिस मंत्री दिनेश सिंह को उठाने पहुंची तो भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ धक्कामुक्की भी हुई। हालांकि बाद में पुलिस ने कैबिनेट मंत्री दिनेश प्रताप को समझाकर हाईवे से उठाया। उसके बाद राहुल गांधी का काफिला बटोही रिसॉर्ट पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान पांच मिनट उनका काफिला रुका रहा।
हरचंदपुर में सपा नेता भी राहुल गांधी से मिलने पहुंचे
हरचंदपुर में राहुल गांधी का काफिला 11:09 बजे पहुंचा। यहां राहुल गांधी ने गाड़ी रुकवाकर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान सपा नेता भी राहुल गांधी से मिलने को उत्साहित दिखे। हरचंदपुर के सपा के ब्लॉक अध्यक्ष ने राहुल गांधी से मुलाकात कर अपने कार्यकर्ताओं से उनकी मुलाकात कराई।
राहुल गांधी बछरावां पहुंचे, बैंड-बाजों के साथ वेलकम
राहुल गांधी रायबरेली के बछरावां पहुंच गए हैं। यहां उनका बैंड-बाजों के साथ स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाए। 5 मिनट रुकने के बाद उनका काफिला सीधे हरचंदपुर के लिए रवाना हो गया है।
राहुल का काफिला चुरुवा मंदिर हनुमान मंदिर नहीं रुका
राहुल का काफिला चुरुवा मंदिर हनुमान मंदिर नहीं रुका। वह सीधे बछरावां जा रहे हैं। पहले चर्चा थी कि राहुल हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे।
लखनऊ एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के स्वागत की तस्वीरें
प्रजापति समाज से मिलेंगे राहुल, अपडेट दे रहे रिपोर्टर आशीष
राहुल गांधी होटल ग्रैंड इन में प्रजापति समाज के लोगों से मुलाकात और बैठक करेंगे। इस दौरान समाज के लोग उनका आभार भी व्यक्त करेंगे। वहीं, प्रजापति समाज की ओर से राहुल गांधी के स्वागत के लिए अभिनंदन के पोस्टर लगाए गए हैं।
राहुल गांधी लखनऊ पहुंचे, एयरपोर्ट से निकलकर सीधे कार में बैठे
राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट के अंदर अजय राय, आराधना मिश्रा समेत कुछ चुनिंदा नेताओं ने उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट से निकलकर राहुल सीधे गाड़ी में बैठे और रायबरेली के लिए रवाना हो गए। बाहर राहुल के स्वागत के लिए हजारों कार्यकर्ता खड़े थे।
राहुल का लखनऊ एयरपोर्ट पर स्वागत करेंगे अजय राय
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी के रायबरेली दौरे पर कहा- राहुल गांधी आ रहे हैं और हम सब उनका स्वागत करते हैं। निश्चित तौर से वह आज रायबरेली जाएंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
राहुल गांधी, अखिलेश, तेजस्वी को सपा कार्यकर्ता ने बताया ब्रह्मा विष्णु महेश
रायबरेली में राहुल के दौरे से पहले प्रदेश सचिव लोहिया वाहिनी राहुल निर्मल बागी का एक पोस्टर चर्चा में हैं। इस पोस्टर में राहुल-अखिलेश और तेजस्वी को भगवान के रूप में ब्रह्मा, विष्णु, महेश बताया गया है।
इस पोस्टर को लेकर राहुल निर्मल बागी ने कहा- जिस तरह राहुल, अखिलेश और तेजस्वी दबे कुचले लोगों की आवाज बनकर उभरे हैं। वो पिछड़े दलित और अल्पसंख्यकों की लड़ाई लड़ रहे हैं। वोट चोरी का विरोध कर रहे हैं। निश्चित रूप से वे कलयुग के ब्रह्मा विष्णु और महेश का अवतार हैं।
