PM मोदी ने पंजाब को ₹1600 करोड़ दिए:AAP बोली- ये मजाक, जख्मों पर नमक छिड़का; हिमाचल को ₹1500 करोड़ मिलेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के बाद पंजाब में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। इसके बाद वह गुरदासपुर पहुंचे। यहां उन्होंने 19 किसानों, NDRF और SDRF टीम से बातचीत की। इसके बाद मंत्रियों और अधिकारियों से मीटिंग की। PM ने पंजाब को 1600 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया।
इस पैकेज पर पंजाब के मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि यह बहुत बड़ा मजाक है। वहीं, AAP के प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि केंद्र ने पंजाबियों के जख्मों पर नमक छिड़का है।
इससे पहले PM ने हेलिकॉप्टर से कुल्लू, मंडी और चंबा में हुए नुकसान का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद कांगड़ा में आपदा को लेकर एक बैठक की, जिसमें अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से उन्हें नुकसान की जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने 1500 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया। पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार हर संभव मदद करेगी। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मीटिंग में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहे। इसके बाद प्रधानमंत्री ने मंडी, कुल्लू और चंबा जिले के 18 प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी आपबीती सुनी। उन्होंने एक साल की नितिका से भी मुलाकात की, जिसके माता, पिता और दादी की 30 जून को मंडी में बादल फटने से आई बाढ़ में मौत हो गई थी। प्रधानमंत्री ने नितिका को पहले टॉफी दी और फिर उसे गोद में उठा लिया।
PM के पंजाब-हिमाचल दौरे के PHOTOS…
पंजाब और हिमाचल में हुए नुकसान के बारे में जानिए..
PM मोदी के दौरे के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
PM ने जख्मों पर नमक छिड़का: अरोड़ा
पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान अमन अरोड़ा ने बताया कि शुरूआती अनुमान के मुताबिक 20 हजार करोड़ का नुकसान बाढ़ से हुआ है। प्रधानमंत्री ने पंजाबियों के जख्मों पर नमक छिड़का है। जब उनसे पूछा गया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि 12 हजार करोड़ पहले ही पैकेज दिया है। इस पर उन्होंने कहा कि पंजाब सीएम ने दस दिन पहले ही इस फंड के प्रयोग बारे में नियम सरल करने के लिए पीएम को पत्र लिखा था।
सरकार का पैकेज ऊंट के मुंह में जीरा: वड़िंग
पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि हम सोच रहे थे कि देश के प्रधानमंत्री आ रहे हैं, पंजाब को बड़ी राहत मिलेगी। लेकिन ये ऊंट के मुंह में जीरे वाली बात है। उन्होंने कहा कि 1600 करोड़ अनाउंस हुआ है। पता नहीं कब मिलेगा। इस बार नुकसान बहुत ज्यादा हुआ है। उन्होंने कहा कि मीडिया में आया है कि 2.53 लाख पशु प्रभावित हुए हैं। लेकिन कुछ नहीं मिला है। वड़िंग ने कहा कि करोड़ों रुपए तो हमारे यहां कलाकारों, धार्मिक संस्थाओं ने खर्च कर दिए हैं।
PM ने किसानों से मुलाकात के फोटो शेयर किए
राहत पैकेज पर मंत्री गोयल बोले- ये मजाक
पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने राहत पैकेज पर कहा कि यह बहुत बड़ा मजाक है। इन्होंने जमीन पर जाकर देखा नहीं, हवाई सर्वे किया। इसका मतलब यह है कि एक गांव को एक करोड़ रुपए दिया है। एक करोड़ से एक किलोमीटर सड़क नहीं बनती है। जो यह व्यवहार करते आए हैं, इन्होंने पंजाब के साथ आज भी वैसे ही किया है। वहीं, जो 12 हजार करोड़ रुपए की यह बात कर रहे हैं, उसे हमें प्रयोग करने की अनुमति नहीं देते हैं। उस पर भी यह कुंडली मारकर बैठे हुए हैं।
गोयल ने कहा कि हमने केंद्र से 3 मांगें की थी। पहली में 20 हजार करोड़ रिलीफ फंड मांगा था। दूसरी में 60 हजार करोड़ रुपए बकाया मांगा था। जबकि तीसरी में 12 हजार करोड़ रुपए खर्च करने संबंधी कुछ शर्तों में राहत देने की मांग की थी। लेकिन यह नई चीज लेकर आए।
किसान बोले- 2023 का मुआवजा नहीं मिला
पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने बताया कि करीब 30 मिनट तक प्रधानमंत्री ने किसानों से मीटिंग की। किसानों ने PM को बताया कि उन्हें 2023 का अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पंजाब के सीएम भगवंत मान ठीक होते, तो वह मजबूती से अपना पक्ष रख सकते थे। अब पीएम अधिकारियों से मीटिंग कर रहे हैं। उसके बाद ही पीएम द्वारा राशि का ऐलान किया जाएगा।
जाखड़ ने बताया कि कुछ लोगों ने प्रधानमंत्री से कहा कि मदद पंजाब सरकार के माध्यम से न भेजी जाए। किसानों को विश्वास नहीं है कि वह पैसा उन्हें मिल पाएगा या नहीं।
चीफ सेक्रेटरी ने PM को बाढ़ को लेकर प्रेजेंटेशन दी
पंजाब के 19 किसानों से मिले PM
पंजाब बीजेपी के नेता तरूण चुघ ने बताया कि PM ने पंजाब के 19 किसानों की समस्याएं सुनीं। इसमें फाजिल्का, अजनाला समेत अन्य इलाकों के किसान शामिल थे। किसानों ने बाढ़ आने की वजह बताई। उन्होंने बताया कि अब पीएम अफसरों और पंजाब सरकार के मंत्रियों से मीटिंग कर रहे हैं।
चुघ ने कहा कि लोगों ने खुद बताया कि हमारे यहां अवैध माइनिग हो रही है। धुस्सी बांधों की रिपेयर तक नहीं हुई। रेत और बजरी निकाली।
NDRF और SDRF टीम से PM की मुलाकात
बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर रहे PM
