Headlines

बंगाल विधानसभा- भाजपा चीफ-व्हिप को मार्शलों ने घसीटकर निकाला:बेहोश हुए; 5 विधायक सस्पेंड, ममता ने सदन में मोदी चोर-वोट चोर के नारे लगाए

बंगाल विधानसभा- भाजपा चीफ-व्हिप को मार्शलों ने घसीटकर निकाला:बेहोश हुए; 5 विधायक सस्पेंड, ममता ने सदन में मोदी चोर-वोट चोर के नारे लगाए

कोलकाता1 घंटे पहले
पश्चिम बंगाल विधानसभा में मार्शल ने भाजपा चीफ व्हिप शंकर घोष को जबरदस्ती सदन से बाहर निकाला।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में गुरुवार को बंगाली प्रवासियों पर हो रहे अत्याचारों पर चर्चा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रस्ताव पर बोल रहीं थीं। तभी विपक्ष (भाजपा) ने नारेबाजी शुरू कर दी।

भाजपा विधायक 2 सितंबर को विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के निलंबन का विरोध कर रहे थे। TMC विधायकों ने इन्हें रोकने की कोशिश की। जब विपक्ष के विधायक वेल तक पहुंच गए तो स्पीकर बिमान बनर्जी ने अव्यवस्था फैलाने के आरोप में भाजपा के चीफ व्हिप शंकर घोष को विधानसभा से सस्पेंड कर दिया।

घोष के बाहर जाने से इनकार करने पर मार्शलों को बुलाया गया। शंकर घोष को घसीटकर सदन से बाहर निकाला गया। बाहर निकालते समय वो गिरकर बेहोश हो गए, उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। घोष के अलावा चार अन्य भाजपा विधायक अग्निमित्र पॉल, मिहिर गोस्वामी, बंकिम घोष और अशोक डिंडा को भी सदन से निलंबित कर दिया गया है।

वहीं, स्पीच के दौरान सीएम ममता बनर्जी ने मोदी चोर और वोट चोर के नारे लगाए। पश्चिम बंगाल विधानसभा का तीन दिन का विशेष सत्र 1 सितंबर को शुरू हुआ था। 3 सितंबर को करम पूजा के कारण राजकीय छुट्टी थी। आज सत्र का आखिरी दिन है।

जब हंगामा होने लगा तब सीएम ममता बनर्जी ने भी मोदी चोर और वोट चोर के नारे लगाए।

ममता ने कहा- भाजपा बंगाल विरोधी

  • बंगाल भाजपा प्रवासियों पर हमलों पर विधानसभा में चर्चा के खिलाफ है, क्योंकि ये घटनाएं भगवा पार्टी शासित राज्यों में हो रही हैं। हम हिंदी या किसी अन्य भाषा के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन भाजपा बंगाली विरोधी है।
  • भाजपा की तानाशाही और औपनिवेशिक मानसिकता है, वह बंगाल को अपना उपनिवेश बनाना चाहती है। भाजपा ने विदेशी ताकतों के सामने भारत का सम्मान बेच दिया है। केंद्र कभी अमेरिका के सामने, तो कभी चीन के सामने भीख मांगता है।
  • भाजपा भ्रष्ट लोगों की पार्टी है। हमने संसद में देखा कि कैसे भाजपा ने हमारे सांसदों को परेशान करने के लिए CISF का इस्तेमाल किया। एक दिन ऐसा आएगा जब भाजपा का एक भी विधायक विधानसभा में नहीं बैठेगा। बस कुछ दिन इंतजर कीजिए, लोग आपको सत्ता से बाहर कर देंगे।

भाजपा नेता बोले- ममता ने पूरे मोदी समुदाय को गाली दी भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि ममता ने सदन में पूरे मोदी समुदाय को गाली दी है। उनके खिलाफ केस करेंगे। सुवेंदु विधानसभा के सत्र से पहले ही सस्पेंड किए जा चुके हैं।

2 सितंबर को बहस के दौरान सुवेंदु ने टीएमसी पार्टी को पाकिस्तान का एजेंट कहा था। इसके बाद उन्हें कार्यवाही बाधा डालने के आरोप में विशेष सत्र के बचे हुए एक दिन लिए सस्पेंड कर दिया गया था।

पूरे घटनाक्रम को तस्वीरों से समझें…

स्पीकर बिमान बनर्जी ने खड़े होकर विपक्ष के कुछ विधायकों को सदन से बाहर निकालने का आदेश दिया।
विधानसभा के मार्शल चीफ व्हिप शंकर घोष को घसीटकर सदन से बाहर ले गए।
भाजपा के चीफ व्हिप शंकर घोष सदन से बाहर किए जाने के दौरान गिर गए।
भाजपा ने कहा- चीफ व्हिप बाहर निकलते ही बेहोश हो गए। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

पश्चिम बंगाल में अगले साल मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव

भाजपा 2021 में पहली बार बंगाल में विपक्षी पार्टी बनी थी। वह 2026 में TMC को कांटे की टक्कर देने की कवायद में है। हालांकि, भाजपा के लिए यह सब अकेले करना आसान नहीं होगा। ऐसे में हरियाणा और दिल्ली की तरह RSS बंगाल में भी उसकी ढाल बनने की कोशिश कर रहा है।

एक्सपर्ट कहते हैं कि भाजपा ने अगर TMC के वोट बैंक में 4% की सेंध लगा दी, तो यह 2026 के चुनाव में गेम चेंजर साबित हो सकता है।

भाजपा 70% हिंदू आबादी को साधने में जुटी बंगाल में 70% हिंदू और 30% मुस्लिम आबादी है। मुस्लिम वोटरों की एकजुटता के कारण TMC हर चुनाव में मजबूत खड़ी होती है। हालांकि हिंदुओं का वोट TMC और भाजपा में बंट जाता है।

2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 50% हिंदुओं और 7% मुस्लिमों को वोट मिला था। वहीं, TMC को 39% हिंदुओं और 75% मुस्लिमों ने वोट दिया। ऐसे में भाजपा 2026 चुनाव से पहले हिंदुओं को एकजुट करने की कोशिश कर रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा हिंदू वोट उसे मिलें।

दूसरी तरफ, सत्ताधारी पार्टी इस उहापोह में रही कि खुद को हिंदू विरोधी न दिखने दिया जाए। एंटी-हिंदू इमेज से बचने के लिए TMC को भी रामनवमी पर रैलियां निकालकर यह बताना पड़ा कि वह हिंदू विरोधी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024