कुल्लू-मंडी में 2 इमारतें गिरीं:लैंडस्लाइड और दीवार गिरने से 2 की मौत, बिलासपुर में घर कराए खाली; कुंजम टॉप पर बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से तबाही नहीं थम रही। कुल्लू के ढालपुर में आज सुबह 11.30 बजे एक मकान लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया। इसमें 2 लोग दब गए। इसमें से एक महिला की मौत हो गई।
सोलन जिला के बरोटीवाला में मकान की दीवार गिरने से घर पर सो रही महिला की मौत हो गई। मृतक की पहचान हेमलता निवासी बस्तला गांव के तौर पर हुई है। हेमलता की 3 बेटी, एक बेटा और पति पीछे छूट गए हैं। सोलन के ही अर्की में भी भारी बारिश से एक मकान जमींदोज हो गया।
कुल्लू जिला के आनी बस स्टेंड में आज पौने 10 बजे 2 मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। मंडी के करसोग में भी दोपहर 1 बजे के करीब 12 कमरों का मकान 2 सेकेंड में जमींदोज हो गया। बिलासपुर में भी आज 7 मकान बड़ी बड़ी दरारें पड़ने के बाद खाली कराए गए।
वहीं, मंडी में गुरुद्वारा के पास सोमवार देर रात पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने से 3 मकान को नुकसान पहुंचा है। पत्थर गिरने की आवाजें सुनकर कॉलोनी के 200 से ज्यादा लोग अपने घरों को छोड़कर भागे। इससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मची रही। इन लोगों ने रिश्तेदारों के घर और मंदिर में रात बिताई।
प्रदेश के अन्य भागों में भी रात भर भारी बारिश हुई। जगह-जगह लैंडस्लाइड के बाद 4 नेशनल हाईवे समेत 1277 सड़कें, 3207 बिजली के ट्रांसफॉर्मर और 790 पेयजल योजनाएं ठप पड़ी हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन भी बंद पड़ा है।
उधर, किन्नौर जिला की अधिक ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। किन्नौर के नाथपा में रात डेढ़ बजे पहाड़ी से बड़े बड़े पत्थर गिरने से पांच गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी (HPU) शिमला, सेंटर यूनिवर्सिटी धर्मशाला समेत शिमला, सोलन, चंबा, ऊना, बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर, किन्नौर और कुल्लू जिलों के शिक्षण संस्थान आज बंद रहेंगे। DC ने सभी स्कूलों में टीचरों को ऑनलाइन कक्षाएं लेने के निर्देश दिए हैं।
बारिश के नुकसान के PHOTOS…
