पंजाब में AAP विधायक हिरासत से फिल्मी स्टाइल में फरार:थाने लाते वक्त फायरिंग की, पुलिसकर्मी को कुचला; रेप केस में हरियाणा से ला रहे थे
पंजाब की सन्नौर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पुलिस हिरासत से फरार हो गए हैं। मंगलवार सुबह उन्हें हरियाणा के करनाल के डाबरी गांव से हिरासत में लिया था।
पुलिस उन्हें पटियाला के रास्ते पंजाब के थाने ले जा रही थी, जहां रास्ते में पठानमाजरा और उनके साथियों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी और गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिससे एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
पठानमाजरा और उनके साथी एक स्कॉर्पियो और एक फॉर्च्यूनर में फरार हो गए। इनमें से पुलिस ने फॉर्च्यूनर समेत एक युवक को पकड़ लिया है। फॉर्च्यूनर से 3 पिस्टल मिली हैं। पुलिस टीम स्कॉर्पियो में फरार विधायक का पीछा कर रही है।
हिरासत में लेने से पहले पठानमाजरा ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि पंजाब पुलिस ने मेरी पूर्व पत्नी से जुड़े एक पुराने मामले में IPC की धारा 376 (रेप) के तहत केस दर्ज किया है। दिल्ली की AAP टीम पंजाब पर हावी होने की कोशिश कर रही है और मेरी आवाज दबाई जा रही है।
पठानमाजरा पर 2022 में उनकी दूसरी पत्नी ने पहली शादी छिपाने और मारपीट का आरोप लगाया था। इसके अलावा एक कथित अश्लील वीडियो के वायरल होने के बाद भी वे सुर्खियों में रहे थे।
AAP नेता पन्नू की पठानमाजरा पर 3 बातें…
- 2021 से रिश्ते में थे विधायक: आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता बलतेज पन्नू ने कहा कि पठानमाजरा को हिरासत में इसलिए लिया गया, क्योंकि एक महिला ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि 2021 से विधायक उसके साथ रिश्ते में थे और उन्होंने गुरुद्वारे में शादी की थी। उन्होंने 2022 में भी शादी की थी, जिसका जिक्र विधायक ने चुनाव के हलफनामे में भी किया था।
- पानी के मुद्दे से ध्यान भटकाया: पन्नू ने आगे कहा कि महिला का आरोप है कि कुछ समय से विधायक उस पर संबंध बनाने का दबाव डाल रहे थे। अगस्त महीने में जब उसने विधायक को पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो पठानमाजरा ने पार्टी के सीनियर नेताओं से संपर्क किया। विधायक को पता चल गया था कि उन पर कार्रवाई हो सकती है, इसलिए उन्होंने दो दिन पहले से पानी के मुद्दे को उठाकर लोगों का ध्यान भटकाना शुरू कर दिया था, लेकिन इस मामले पर पार्टी का रुख स्पष्ट है।
- लोकेशन से हरियाणा पहुंची पुलिस: AAP नेता ने आगे कहा कि महिला ने अपनी शिकायत में धमकियां मिलने की बात भी कही है। महिला का आरोप है कि विधायक के पास उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हैं, जिसके बाद रेप की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने घर गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले। लोकेशन ट्रेस करने के बाद उन्हें हरियाणा से हिरासत में लिया गया, जिसके बाद भी वह फरार हो गए।
पठानमाजरा के एडवोकेट की 3 बातें…
- 1 सितंबर को दर्ज हुआ मामला: हरमीत सिंह पठानमाजरा के वकील बिक्रमजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 1 सितंबर 2025 को पटियाला पुलिस ने पठानमाजरा के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह केस जीरकपुर की एक महिला की शिकायत पर हुआ है। महिला ने कहा है कि वह और पठानमाजरा 2013-14 में सोशल मीडिया पर मिले थे और 2021 में शादी कर ली थी।
- महिला पर 5 FIR दर्ज: भुल्लर ने आगे बताया कि पठानमाजरा को मार्च 2022 में पटियाला के सन्नौर से चुनाव लड़ने का मौका मिला था। इसके बाद, 23 अगस्त 2022 को उस महिला ने पंजाब हाईकोर्ट में अर्जी दी, जिसके बाद कोर्ट ने 2024 में रोपड़ पुलिस को इस मामले की जांच करने को कहा। भुल्लर ने यह भी बताया कि उस महिला के खिलाफ IT एक्ट के तहत 4-5 केस दर्ज हैं।
- गिरफ्तारी का पता नहीं: एडवोकेट भुल्लर ने कहा कि पटियाला में बाढ़ के कारण हालात खराब हैं और पठानमाजरा अपने क्षेत्र में लोगों की मदद कर रहे थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर एक IAS अफसर पर आरोप लगाए थे, जिसके बाद उनके खिलाफ 2013 के एक मामले में FIR दर्ज हो गई। अभी यह साफ नहीं है कि पठानमाजरा को गिरफ्तार किया गया है या नहीं।
हिरासत से पहले पठानमाजरा की 3 बातें…
- आवाज उठाने पर कार्रवाई की: हरमीत सिंह पठानमाजरा का जो वीडियो सामने आया है, उसमें वह कह रहे हैं कि हमने बीते दिन आवाज उठाई थी कि किशन कुमार बुरा अधिकारी है और जो ये बाढ़ की घटनाएं हुई, वे उसकी नालायकी से हुईं। कल उसके बाद मेरी वीडियो लाइव हुई थी कि मेरे गनमैन वापस लिए गए। अब 376 का मेरे पर पर्चा कर दिया है। अब पंजाब पुलिस मुझे हरियाणा से लेने आई है।
- नाजायज मामला दर्ज किया: पठानमाजरा ने कहा कि महिला के खिलाफ पहले से ही हाईकोर्ट में 2 मामले दर्ज हैं, जबकि मुझ पर नाजायज मामला दर्ज किया गया। मेरे साथ जो हुआ, वह पंजाब की आवाज उठाने के कारण हुआ है। उन्होंने उन लोगों को चुनौती दी जो दिल्ली वालों के खिलाफ आवाज उठाने की बात करते थे। कहा कि मैंने अपना करियर दांव पर लगाकर पंजाब के लिए मुद्दा उठाया है।
- AAP को सरकार चलानी नहीं आती: पठानमाजरा ने सभी मंत्रियों और विधायकों से जागने की अपील की और कहा कि अगर वे आज नहीं जागे तो उनका कुछ नहीं बनेगा। उन्होंने लोगों से उनके उठाए मुद्दे को सही लगने पर वीडियो को शेयर करने और पटियाला DC और SSP के कार्यालय को घेरने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली वाले पंजाब पर राज कर रहे हैं और उन्हें सरकार चलानी नहीं आती।
2022 में पठानमाजरा के खिलाफ दी शिकायत पठानमाजरा के खिलाफ यह मामला 2022 में आप की सरकार बनने के बाद सामने आया था। विधायक की दूसरी पत्नी होने का दावा करने वाली महिला ने जीरकपुर थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि विधायक उन्हें अश्लील वीडियो भेज रहे हैं। पठानमाजरा ने पहली पत्नी से बिना तलाक के उससे शादी कर ली और उसे गुमराह करते रहे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक लगातार धमकी दे रहा है।
14 अगस्त 2022 को महिला ने फेसबुक पर विधायक से शादी की तस्वीरों को भी अपलोड कर दिया था। महिला की शिकायत पर ही अब कार्रवाई करते हुए जीरकपुर पुलिस ने पठानमाजरा पर रेप का मामला दर्ज किया है।
अश्लील वीडियो पर कहा था- इन्फेक्शन दिखा रहा था दूसरी पत्नी से विवाद के बाद पठानमाजरा का एक कथित अश्लील वीडियो सामने आया था, जिसमें वह वीडियो कॉलिंग के दौरान प्राइवेट पार्ट दिखा रहे थे। तब पठानमाजरा ने सफाई देते हुए कहा था कि वह पत्नी से प्राइवेट बात कर रहे थे। उन्हें इन्फेक्शन हुआ था और पत्नी के मानने और घर बुलाने पर उन्होंने इन्फेक्शन दिखाया था। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच की बातचीत को अश्लील और गलत तरीके से पेश कर उन्हें बदनाम किया गया।
उन्होंने आगे कहा था कि पत्नी ने ही यह वीडियो वायरल किया है और उनका विश्वास तोड़ा है। उन्होंने सवाल किया कि वीडियो बनाने वाली पत्नी गलत है या वह। पठानमाजरा ने बताया कि पत्नी ने पारिवारिक लड़ाई-झगड़े के बाद इसे वायरल किया और उन्हें पता भी नहीं था कि वीडियो बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह 2012-13 से उस महिला के साथ थे और शायद उन्हें पहली पत्नी का श्राप लगा है।
