Headlines

इंदौर आ रही एअर-इंडिया फ्लाइट लौटी, दिल्ली में सेफ लैंडिंग:एयरलाइन बोली- पायलट को इंजन में फायर इंडीकेशन मिला था; 90 यात्री सवार थे

दिल्ली से इंदौर पर जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2913 (ए-320 नियो विमान) को दिल्ली लौटा लिया गया। पायलट को दाहिने इंजन में आग लगने की सूचना मिली थी।

एअर इंडिया ने कहा- रविवार सुबह 6.15 बजे 90 यात्रियों के साथ प्लेन ने उड़ान भरी थी। करीब आधे घंटे बाद इंजन में फायर इंडिकेशन मिला। स्टैंडर्ड प्रोसेस के तहत पायलट ने इंजन बंद किया। बाद में प्लेन की एयरपोर्ट पर सेफ लैंडिंग हुई।

एयरलाइन ने कहा कि प्लेन का ग्राउंड इंस्पेक्शन कराया जाएगा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भी घटना की जानकारी दी गई है।

29 अगस्त को भी दिल्ली से श्रीनगर आ रही स्पाइसजेट की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। अधिकारियों ने बताया था कि फ्लाइट SG 385 में प्रेशराइजेशन की समस्या के कारण दोपहर 3.27 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया था।

स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 385 में प्रेशराइजेशन की समस्या आई थी।

28 अगस्त: अहमदाबाद लैंड हुआ था दुबई जा रहा विमान

28 अगस्त को सूरत से दुबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को बीच उड़ान में तकनीकी खराबी के कारण अहमदाबाद एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। विमान में करीब 150 यात्री सवार थे।

अधिकारियों ने बताया था कि फ्लाइट सुबह 9.30 बजे सूरत से रवाना हुई थी। करीब 11 बजे अहमदाबाद में सुरक्षित उतरी भी थी। हालांकि यह आपात लैंडिंग नहीं थी, बल्कि एहतियातन डायवर्ट किया गया था।

बाद में एयरलाइन ने यात्रियों को दुबई भेजने के लिए दूसरा विमान उपलब्ध कराया, जो दोपहर 1.45 बजे दुबई के लिए उड़ा था। जिस विमान में दिक्कत आई थी, उसकी तकनीकी जांच की गई।

मंत्री नायडू बोले- 5 साल में 50 नए एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य

वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने 30 अगस्त को कहा था कि सरकार अब हवाई अड्डों के पास इमारतों की ऊंचाई पर लगी पाबंदी के मुद्दे का हल निकालने के लिए अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद लेगी।

नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि इसके लिए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ICAO (इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गेनाइजेशन) से स्टडी कराई जाएगी।

मंत्री ने कहा कि हवाई सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है, लेकिन इसके साथ ही एयरपोर्ट के आसपास रियल एस्टेट विकास भी जरूरी है। नई तकनीक की मदद से दोनों के बीच संतुलन बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि पिछले 11 साल में देश में हवाई अड्डों की संख्या 88 से बढ़कर 162 हो गई है। सरकार का लक्ष्य अगले 5 साल में 50 नए एयरपोर्ट बनाने का है। भारत में भविष्य में 350 से ज्यादा एयरपोर्ट बनाने की क्षमता है।

नायडू ने यह भी कहा कि सरकार एयरपोर्ट्स के आसपास एरो-ट्रोपोलिस (एयरपोर्ट सिटी) विकसित करने की योजना पर भी काम कर रही है।

————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024