नया अपडेट
LIVE
हरियाणा में पूर्व विधायकों को 10 हजार मिलेंगे:CM का 121 परिवारों को सरकारी नौकरी देने का ऐलान; CET पर हंगामा
हरियाणा विधानसभा में मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही जारी है। सदन में हरियाणा विधानसभा सदस्य (वेतन, भत्ते एवं पेंशन सदस्य) संशोधन विधेयक, 2025 पारित किया गया। जिसके बाद अब पूर्व विधायकों को 10 हजार रुपए का मेडिकल अलाउंस दिया जाएगा। सरकार ने यह फैसला छोटे मेडिकल बिलों के लिए किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों में जान गंवाने वाले 121 लोगों के परिवारों के सदस्यों को हरियाणा सरकार में उनकी सहमति से प्राथमिकता के आधार पर नौकरी दी जाएगी। दंगों में 20 गुरुद्वारों, 221 मकानों, 154 दुकानों, 57 फैक्ट्रियों, 3 रेल डिब्बों और 85 वाहनों को जला दिया गया था।
कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने CET को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि सरकार CET एग्जाम में अनियमितताओं और पेपर लेवल में असमानता से संबंधित सवालों पर जवाब दे।
इस पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि जब कोई प्रतियोगी परीक्षा कई सत्रों में कराई जाती है तो बहुत दिक्कत आती है। पहले दिन कुछ जगह बायोमेट्रिक मशीन की दिक्कत आई, लेकिन परीक्षा से पहले उनका समाधान करा दिया गया। मैंने एग्जाम के दिन कई यूट्यूबर्स को देखा, लेकिन एक भी बच्चे ने एग्जाम को लेकर कोई भी दिक्कत नहीं होने की बात कही। एक-दो दिन में करेक्शन पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद कांग्रेस ने हंगामा शुरू कर दिया।
दूसरे दिन की कार्यवाही के बड़े अपडेट्स…
- मंत्री श्रुति-हुड्डा आमने-सामने: विधायकों के सप्लीमेंट्री सवालों के जवाब देते हुए सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा- कोई ऐसा गांव है, जहां पंपिंग सेट नहीं पहुंचे हैं, मैं उस समस्या का समाधान करा दूंगी। इस पर पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि ये विषय बहुत ही गंभीर है। तुम ये पोर्टल-वोर्टल छोड़ दो, सरकार ये बताए कि कितना मुआवजा दिया जाएगा।
- अर्जुन चौटाला ने जलभराव पर प्रस्ताव रखा: रानियां से INLD विधायक अर्जुन चौटाला ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जलभराव की समस्या है, जिससे फसलें खराब हो गई हैं और पशुओं के लिए चारा भी नहीं बचा। सरकार ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने सरकार से सदन में इस समस्या का समाधान करने की मांग की। मांग की कि जिन जिलों में फसलें खराब हुई हैं, वहां पर किसानों को राहत नहीं दी गई।
- दांगी बोले- महम विधानसभा हरियाणा में नहीं आती: शून्यकाल में महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी ने कहा कि महम में सड़कों का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि सीएम नायब सैनी ने सदन में छह महीने पहले यह घोषणा की थी कि 6 महीने के भीतर सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा, लेकिन मुझे लगता है कि महम विधानसभा शायद हरियाणा में नहीं आती, इसलिए यहां की गड्ढे वाली सड़कें अभी तक सही नहीं की गई हैं।
- पूजा बोलीं- प्रदेश में दहशत का माहौल: शून्यकाल में मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने कहा कि प्रदेश में खुलेआम मर्डर हो रहे हैं, फिरौतियां मांगी जा रही हैं। बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। मौजूदा सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल है। प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है। 21 हजार पुलिस के पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक एक भी भर्ती नहीं की है। उन्होंने मांग की कि इन पदों पर जल्द से जल्द भर्ती की जाए।
- भुक्कल बोलीं- स्कूलों की बिल्डिंग जर्जर: प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि राज्य में कई ऐसे स्कूल हैं जिनकी बिल्डिंग जर्जर हो चुकी हैं। मैंने पहले भी ऐसे स्कूल की बिल्डिंग का मुद्दा उठाया था। क्या सरकार राजस्थान जैसी घटना का इंतजार कर रही है? इसका जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ने बताया कि सरकार ऐसे स्कूल को गिरवा रही है। नए भवन के लिए निविदाएं निकाली जा रही हैं।
- कांग्रेस का स्थगन प्रस्ताव मंजूर: स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने काम रोको प्रस्ताव रखा था, जो नियमों के मुताबिक सही नहीं पाया गया। इस कारण से इसे अस्वीकार कर दिया गया। हालांकि सर्वदलीय बैठक में फैसला किया गया कि सदस्य के द्वारा फिर से एक स्थगन प्रस्ताव दिया गया, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इस पर कल चर्चा की जाएगी।
सदन की कार्यवाही के पल-पल के अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
CM का 121 परिवारों को नौकरी का ऐलान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान जान गंवाने वालों के परिजनों को हरियाणा सरकार में यथोचित नौकरी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सिख विरोधी दंगों के दौरान हरियाणा के 121 लोगों की मृत्यु हुई थी। सभी 121 परिवारों के वर्तमान सदस्य को उनकी सहमति से प्राथमिकता के आधार पर नौकरी दी जाएगी।
सीएम ने कहा कि 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों में 20 गुरुद्वारों, 221 मकानों, 154 दुकानों, 57 फैक्ट्रियों, 3 रेल डिब्बों और 85 वाहनों को जला दिया गया था।
पूर्व विधायकों को 10 हजार अलाउंस मिलेगा
सदन में हरियाणा विधानसभा सदस्य (वेतन, भत्ते एवं पेंशन सदस्य) संशोधन विधेयक, 2025 पारित किया गया। जिसके बाद अब पूर्व विधायकों को 10 हजार रुपए का मेडिकल अलाउंस दिया जाएगा। सरकार ने यह फैसला छोटे मेडिकल बिलों के लिए किया है।
गीता भुक्कल बोलीं- आयोग मजबूत करे सरकार
हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग (संशोधन) विधेयक, 2025 को लेकर सदन में कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि ये आयोग और कमीशन सरकार को आर्थिक रूप से मजबूत करने चाहिए। साथ ही, चेयरमैन और सदस्यों को सरकार को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने ये बात तब कही जब सदन में संशोधन एक्ट को लेकर सुझाव मांगे जा रहे थे।
अरोड़ा की गुरु तेग बहादुर के नाम पर यूनिवर्सिटी की मांग
थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने सदन में गुरु तेग बहादुर के नाम पर एक यूनिवर्सिटी का नाम रखने की मांग की।
सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए बढ़ी
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही को आधे घंटे के लिए बढ़ाने का ऐलान किया।
2 नए बिल पेश किए गए
हरियाणा में आज सदन में दो नए बिल पेश किए गए। हरियाणा प्रबंधन का नागरिक सुविधाएं और बुनियादी ढांचे की कमी नगर निगम क्षेत्र (विशेष प्रावधान) संशोधन विधेयक, 2025 और हरियाणा का सामान और सेवा कर (संशोधन) बिल, 2025।
इसके अलावा, 3 बिलों को पुनर्स्थापित करने के लिए सदन पटल पर रखा गया। इनमें हरियाणा विधान विधानसभा (वेतन, भत्ते एवं पेंशन सदस्य) संशोधन विधेयक, 2025, हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग (संशोधन) विधेयक, 2025, और हरियाणा प्रबंधन का नागरिक सुविधाएं और बुनियादी ढांचे की कमी वाले क्षेत्र नगरपालिका क्षेत्र के बाहर (विशेष प्रावधान) संशोधन विधेयक, 2025 शामिल हैं।
CM बोले- विपक्ष पोर्टल को बदनाम करता है
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिन गांवों में जलभराव की समस्या आई है, उन गांवों के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल खुला है। पोर्टल के माध्यम से किसान अपनी खराब फसल की जानकारी अपलोड करते हैं। किसान द्वारा अपलोड की गई जानकारी को हमारे अधिकारी वेरीफाई करते हैं, जिसके बाद मुआवजा दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उन्होंने किसानों को 78.50 करोड़ का मुआवजा दिया है। 2004 से 2014 तक किसानों को केवल 1158 करोड़ का मुआवजा दिया गया था, जबकि उनकी सरकार में 15500 करोड़ का मुआवजा अब तक दिया जा चुका है।
विपक्ष केवल बिना आधार के पोर्टल को बदनाम करता है, जबकि पोर्टल के आधार पर ही किसानों के घर तक उनका पैसा पहुंचना सुनिश्चित हुआ है।
CM सैनी की CET पर अहम बातें…
- पूरे हरियाणा में CET परीक्षा और उसके सफल संचालन की प्रशंसा हुई।
- पूरे हरियाणा ने इस पेपर को उत्सव के तौर पर मनाया।
- CET परीक्षा के सफल संचालन के लिए HSSC, अधिकारियों, रोडवेज, सभी अध्यापकों और हरियाणा की जनता को धन्यवाद।
- 13,48,893 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया, जिसमें से 12,46,797 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
- कई जिलों में 92 प्रतिशत से ज्यादा परीक्षार्थियों की हाज़िरी रही।
- जब कई सत्रों में परीक्षा होती है तो नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
- 2022 में NTA द्वारा आयोजित परीक्षा में भी नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया अपनाई गई थी।
- पहले दिन कुछ जगहों पर बायोमेट्रिक मशीन में दिक्कत की बात आई, लेकिन परीक्षा से पहले उनका समाधान करा दिया गया।
- फिर भी किसी छात्र को परेशानी हुई, तो उनको फोटो/सीसीटीवी से मिलान कर रिज़ल्ट निकाल दिया जाएगा।
- कोई बच्चा या परीक्षार्थी कहीं नहीं भटका, अगर कोई भटका तो केवल विपक्ष के नेता।
- अगर कोई परीक्षार्थी गलत सेंटर पर पहुंच भी गया, तो हमारे अधिकारियों ने अपने वाहन से उन बच्चों को सेंटर तक पहुंचाया।
- हमने CET की वैलिडिटी 3 साल रखी है, उसी हिसाब से CET कराया गया।
- 1,87,000 BC समाज के बच्चों ने अपने जाति प्रमाण पत्र पोर्टल से डाउनलोड कराएं।
- 1-2 दिन में करेक्शन पोर्टल खोला जाएगा।
बीबी बत्रा ने एजी ऑफिस को लेकर सवाल उठाए
रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने एजी ऑफिस को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऑफिस कोर्ट के स्टे के बावजूद काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण कई सालों तक काम अटके रहते हैं। उन्होंने सरकार से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
बीबी बत्रा ने रोहतक की समस्याओं को सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि रोहतक में कूड़ा नहीं उठने के कारण सड़ता रहा, जिस पर स्पीकर ने आपत्ति जताई। उन्होंने बताया कि शहर में 25 कॉलोनियां ऐसी हैं, जहां दूषित पानी आता है। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे प्रदेश में सड़कों का बुरा हाल है और सीवरेज की समस्या बनी हुई है। उन्होंने सरकार से रोहतक की इन दिक्कतों को दूर करने का आग्रह किया। इसका जवाब देते हुए मंत्री रणवीर गंगवा ने कहा कि वे इस पर काम कर रहे हैं।
कांग्रेस विधायक ने CET एग्जाम के लेवल पर सवाल उठाए
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि कॉन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) में ध्यानाकर्षण सूचना के लिए शीशपाल केहरवाला को आमंत्रित किया। केहरवाला ने कहा कि सीईटी परीक्षा में अनियमितताओं तथा पेपर लेवल में असमानता से संबंधित सवालों पर सरकार जवाब दे।
सीएम नायब सैनी ने इसका जवाब देते हुए कहा कि सीईटी एग्जाम की हरियाणा के लोगों ने खूब प्रशंसा की है। सीईटी एग्जाम के लिए हमने जो व्यवस्था की है, वह छोटी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि साढ़े तेरह लाख युवाओं ने इस एग्जाम के लिए आवेदन किया था, जिसमें से 12 लाख से अधिक युवाओं ने एग्जाम दिया। उन्होंने इस एग्जाम के लिए सभी का आभार प्रकट किया।
सीएम ने कहा कि पहली बार सभी बच्चों को परीक्षा में कोई दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने खुशी जताई कि कई जिलों में 92% तक युवाओं ने एग्जाम दिया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने संकल्प पत्र में जो वादा किया था, वह हमने इस सीईटी एग्जाम को कराकर पूरा किया है।
सीएम ने कहा कि जब कोई प्रतियोगी परीक्षा कई सत्रों में कराई जाती है तो बहुत दिक्कत आती है। सीएम ने कहा कि इसको देखते हुए हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के द्वारा नॉर्मलाइजेशन फार्मूला लागू करने की सूचना दी गई है। मैं सदन में ये सूचना देना चाहता हूं कि 26 तारीख को कुछ एग्जाम सेंटरों में इंटरनेट की दिक्कत आई थी, लेकिन उसको सही होने के बाद युवाओं का वेरिफिकेशन कर दिया गया।
विधायक केहरवाला ने नॉर्मलाइजेशन को लेकर सवाल खड़े किए। यह कई युवाओं के लिए हितकारी नहीं होगा। फ्री बस सेवा पर उन्होंने कहा कि इससे सरकार का लाखों रुपए का रेवेन्यू खराब हुआ है। महेंद्रगढ़ जिले के एक कॉलेज में इंटरनेट को लेकर बहुत दिक्कत आई। इस पर सत्ता पक्ष के विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर ने कहा कि विधायक जी आप सिर्फ सप्लीमेंट्री सवालों तक ही सीमित रहें।
कांग्रेस विधायक ने सवाल किया कि इस बार का एग्जाम तीन साल बाद कराया गया, क्या अब सरकार हर साल इसको कराएगी। विधायक ने कहा कि हमारे एससी और बीसी के युवाओं को अपना प्रमाण पत्र अपलोड नहीं करने दिया। आयोग ने कहा था कि हम इसके लिए पोर्टल खोलेंगे, लेकिन अभी तक वह शुरू नहीं हो पाया है।
सीएम ने कहा, क्योंकि आज हरियाणा प्रदेश ने इस सीईटी एग्जाम की प्रशंसा की है। मैं देख रहा था कि सोशल मीडिया पर एक एक बच्चे को जा रहे थे पूछने कि आपको कोई दिक्कत तो नहीं हुई। मैंने एग्जाम के दिन कई यूट्यबर्स की खबरें देखीं, लेकिन एक भी बच्चे ने एग्जाम को लेकर कोई भी दिक्कत नहीं होने की बात कही।
सीएम की इस बात को सुनकर विपक्षी दल के विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। सीएम ने कहा कि मैं आपकी एक एक बात का जवाब दूंगा। स्पीकर ने कहा कि यदि चीफ मिनिस्टर जवाब दे रहे हैं, तो आपको सुनना ही होगा।
हुड्डा बोले- पोर्टल-वोर्टल छोड़ो, मुआवजा दो
विधायकों के सप्लीमेंट्री सवालों के जवाब देते हुए सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा- कोई ऐसा गांव है, जहां पंपिंग सेट नहीं पहुंचे हैं, मैं उस समस्या का समाधान करा दूंगी। इस पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि ये विषय बहुत ही गंभीर है। तुम ये पोर्टल-वोर्टल छोड़ दो, सरकार ये बताए कि कितना मुआवजा दिया जाएगा।
फिर सीएम नायब सैनी ने कहा- हमारे विपक्ष के साथी ये पोर्टल को बदनाम करते रहे हैं, लेकिन आज इन्ही के जरिए असली लाभार्थियों को लाभ मिल रहा है। पहले पैसा आता था, लेकिन कहां चला जाता था, पता ही नहीं चलता था। इन्होंने चुनाव से पहले ही कहा कि हमारी सरकार आते ही पोर्टल बंद कर देंगे, लेकिन यहां के लोगों ने इनकी दुकानदारी बंद कर दी। हम अब तक किसानों को साढ़े 15 हजार करोड़ रुपए इन्हीं पोर्टल के जरिए से भेज चुके हैं।
इस पर हुड्डा ने कहा कि हां, हमने कहा था, लेकिन हम वही पोर्टल बंद करेंगे, जिनका यूज नहीं है। मेरा सवाल ये था कि स्पेशल गिरदावरी कराओगे, कब कराओगे, कितना मुआवजा दिया जाएगा। ये बताओ।
सीएम ने कहा कि 78 करोड़ रुपए किसानों के मुआवजे का पैसा जारी किया है। पहले सरकार वेरिफाई करती है, फिर पैसा लाभार्थियों को जारी किया जाता है।
अर्जुन चौटाला ने जलभराव पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा
रानियां से INLD विधायक अर्जुन चौटाला ने अपना ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में जलभराव की समस्या है, जिससे किसानों की फसलें खराब हो गई हैं और पशुओं के लिए कोई चारा भी नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने सरकार से सदन में इस समस्या का समाधान करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि जिन जिलों में फसलें खराब हुई हैं, वहां पर सरकार की ओर से किसानों को कोई राहत नहीं दी गई है।
इसका जवाब देते हुए सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया, जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए काम चल रहा है। बाढ़ नियंत्रण के लिए सरकार की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। बाढ़ और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं पूरी कर ली गई हैं।
अर्जुन चौटाला ने आगे कहा कि सरकार ने किसानों के लिए एक पोर्टल बनाया है, लेकिन मेरा सवाल यह है कि किसानों को मुआवजा कब दिया जाएगा? यमुनानगर में प्रधानमंत्री की एक रैली की गई थी, इस रैली के लिए किसानों की फसलों को 50 हजार रुपया एकड़ की दर से मुआवजा दिया गया। मेरा सवाल यह है कि क्या इस बार किसानों की बाढ़ से खराब हुई फसलों को इतना मुआवजा देगी?
कांग्रेस का काम रोको प्रस्ताव नहीं माना गया
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने सदन में कहा कि मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने काम रोको प्रस्ताव रखा था, जो नियमों के मुताबिक सही नहीं पाया गया। इस कारण से इसे अस्वीकार कर दिया गया। इसको लेकर सदन में विपक्षी विधायकों के द्वारा हंगामा किया गया। इस दौरान कई बार सदन स्थगित करना पड़ा। हालांकि सर्वदलीय बैठक में फैसला किया गया कि सदस्य के द्वारा फिर से एक स्थगन प्रस्ताव दिया गया, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इस पर कल चर्चा की जाएगी, लेकिन इससे पहले सभी विधायी कार्य पूरे किए जाएंगे।
CM बोले- 26 अगस्त को सभी विधायकों से मिलेंगे गर्वनर
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि गवर्नर प्रोफेसर असीम घोष ने सभी विधायकों से मिलने की इच्छा जाहिर की है। इसलिए, 26 अगस्त को दोपहर एक बजे एक कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा में ही रखा गया है। सभी से अनुरोध है कि सभी विधायक इस कार्यक्रम में शामिल हों।
शून्यकाल की समाप्ति
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने शून्यकाल समाप्ति की घोषणा की।
कलायत विधायक बोले- 8 गांवों में पानी की कमी
कलायत से कांग्रेस विधायक विकास सहारण ने शून्यकाल के दौरान रामगढ़ में स्टेडियम बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि 2017 में जो घोषणाएं की गई थीं, उन्हें अभी तक पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि उनकी विधानसभा के आठ गांव ऐसे हैं, जहां पानी की बहुत दिक्कत है और लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में एक कॉलेज बनाने की भी मांग रखी।
आदित्य देवीलाल विधायक बोले- डबवाली को जिला बनाए सरकार
डबवाली से INLD विधायक आदित्य देवीलाल ने कहा कि डबवाली को पुलिस जिला तो घोषित कर दिया गया है, और इसके लिए कमेटी भी बनाई गई है। उनकी पहले से ही मांग रही है कि डबवाली को जिला बनाया जाए, और सरकार को उनकी इस मांग को जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके गांव में जलभराव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से बार-बार इसकी शिकायत की है, लेकिन अभी तक इस समस्या से निजात नहीं मिल पाई है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द इस समस्या को दूर करने की मांग की।
मुलाना विधायक बोलीं- खुलेआम मर्डर हो रहे
मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा ने कहा कि सरकार की यह जिम्मेदारी होती है कि वह सूबे में कानून व्यवस्था को बनाए रखे। आज प्रदेश में खुलेआम मर्डर हो रहे हैं, फिरौतियां मांगी जा रही हैं, और पूरे प्रदेश में दहशत का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आज कितने लोग अपनी शिकायत पुलिस स्टेशन में दर्ज कराते हैं। बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, और मौजूदा सरकार कानून व्यवस्था को बनाए रखने में विफल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है। प्रदेश में 21 हजार पुलिस के पद खाली पड़े हुए हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक एक भी भर्ती नहीं की है। उन्होंने मांग की कि इन पदों पर जल्द से जल्द भर्ती की जाए।
पानीपत विधायक बोले- रुके काम पूरे कराए सरकार
पानीपत के बीजेपी विधायक प्रमोद विज ने शहर में बढ़ती जनसंख्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यहां बहुत बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक आ रहे हैं। हालांकि सरकार पानीपत में बहुत विकास कार्य करवा रही है। अब तक कई ऐसे काम हुए हैं, जिससे लोगों को बहुत राहत मिली है। मेरी सदन में मांग है कि अब तक जो भी काम शहर के रुके हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
बेरी विधायक बोले- 9 हजार एकड़ में जलभराव
बेरी से कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने पूरे प्रदेश में जलभराव की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा के गांवों में 9 हजार एकड़ कृषि भूमि में जलभराव हो रखा है, जिससे किसानों ने जो फसलें बोई थीं, वे खराब हो चुकी हैं। उन्होंने सरकार से किसानों को इस समस्या से निजात दिलाने और उनकी खराब हुई फसलों का मुआवजा देने की मांग की।
इसके साथ ही, उन्होंने पूरे प्रदेश में दलित समाज के लिए चौपालें बनाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री 9 साल पहले लड़कियों के कॉलेज बनाने की घोषणा करके आए थे, लेकिन यह घोषणा अभी तक पूरी नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इसे जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की।
महम विधायक बोले- विधानसभा की सड़क राज्य में नहीं आती
महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी ने कहा कि महम में सड़कों का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि सीएम नायब सैनी ने सदन में छह महीने पहले यह घोषणा की थी कि 6 महीने के भीतर सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा, लेकिन मुझे लगता है कि महम विधानसभा शायद हरियाणा में नहीं आती, इसलिए यहां की गड्ढे वाली सड़कें अभी तक सही नहीं की गई हैं।
बाढड़ा विधायक बोले- खनन से प्रदूषण हो रहा
बाढड़ा से विधायक उमेद सिंह ने खनन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गांवों में खनन से काफी प्रदूषण हो रहा है और ग्रामीणों को इस समस्या से निजात दिलाई जाए। इसके अलावा, उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में गिरते भू जल स्तर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके क्षेत्र के किसानों को अभी तक बीमा क्लेम का पैसा नहीं मिला है, और सरकार को उन्हें यह दिलाने का काम करना चाहिए। उन्होंने खेतों में बिजली के तारों के काफी नीचे आ जाने की समस्या भी उठाई, जिससे हादसे हो रहे हैं और किसानों की मौत हो रही है। उन्होंने सरकार से इस समस्या को सही करने का आग्रह किया।
गन्नौर विधायक बोले- पुरानी समस्याएं ठीक नहीं हुईं
सोनीपत की गन्नौर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि मैंने पिछले सत्र में अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा था, लेकिन अभी वह पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने गन्नौर के अस्पताल की बिल्डिंग अप्रूव नहीं होने का मुद्दा उठाया। साथ ही उन्होंने शहर में लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन में मांग की कि उन्होंने जो मांग सदन में रखी हैं, उन्हें सरकार जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
कांग्रेस विधायक जरनैल बोले- दिव्यांगों को 5 हजार पेंशन मिले
रतिया से कांग्रेस के विधायक जरनैल सिंह ने सदन में दिव्यांग पेंशन का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से मांग की कि दिव्यांगों को 5 हजार रुपए मासिक पेंशन दी जाए। इसके साथ ही उन्हें रोडवेज बसों में मुफ्त सफर करने के लिए पास दिए जाएं। इसके अलावा, उन्होंने मनरेगा स्कीम को दोबारा शुरू करने और मिड डे मील वर्करों का बकाया पैसा सरकार द्वारा जारी करने की मांग की।
कांग्रेस विधायक मामन खान ने पंचायतों का मुद्दा उठाया
फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान ने शून्यकाल में मेवात की पंचायतों और सरपंचों के साथ भेदभाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंचायतों के फिरनी के टेंडर रद्द कर दिए गए हैं। मैं सरकार से पूछना चाहता हूं कि ये टेंडर दोबारा कब शुरू होंगे। पंचायतों का फंड तक सरकार ने रोक दिया है। 42 पंचायतों का फंड सरकार कब जारी करेगी।
स्पीकर बोले- डिबेट नहीं होगी
स्पीकर हरविेंद्र कल्याण ने बताया कि शून्यकाल के दौरान हर विधायक को सिर्फ तीन मिनट में ही अपनी बात रखनी होगी। उन्होंने कहा कि पहले दिन की कार्यवाही को देखते हुए इस दौरान कोई भी डिबेट नहीं होगी।
अनिल विज के छोटे भाई को ब्रेन स्ट्रोक आया
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने बताया कि अनिल विज के छोटे भाई को ब्रेन स्ट्रोक (पैरालिसिस) आया है। वह मोहाली के फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती हैं। इस कारण से वह सदन की कार्यवाही में उपस्थित नहीं हो पाए हैं।
प्रश्नकाल खत्म, अब शून्यकाल शुरू होगा
हरियाणा विधानसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही समाप्त हुई। अब शून्य काल चलेगा।
गीता भुक्कल बोलीं- स्कूलों की बिल्डिंग जर्जर हो चुकी
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि राज्य में कई ऐसे स्कूल हैं जिनकी बिल्डिंग जर्जर हो चुकी हैं। मैंने पहले भी ऐसे स्कूल की बिल्डिंग का मुद्दा उठाया था। सरकार क्या राजस्थान जैसी घटना का इंतजार कर रही है। भुक्कल ने अपनी झज्जर विधानसभा के ऐसे स्कूल का नाम भी बताए। इसका जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ने बताया कि सरकार ऐसे स्कूल को गिरवा रही है। नए भवन के लिए निविदाएं निकाली जा रही हैं।
यमुना सफाई पर CM सैनी ने दिया जवाब
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में कहा कि अब दिल्ली सरकार हरियाणा के साथ मिलकर यमुना नदी की सफाई कर रही है। इस पर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय जल मंत्री की अध्यक्षता में दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ उनकी बैठक हुई थी। सैनी ने कहा कि मां यमुना की सफाई के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। पिछले चार महीने में 16,000 मीट्रिक टन कचरा साफ किया गया है।
मंत्री ढांडा बोले- नियम के तहत वोटर लिस्ट अपडेट
संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा ने सेशन से पहले कहा कि कांग्रेस संसदीय मर्यादा भूल चुकी है। चुनाव आयोग ने नियम के तहत वोटर लिस्ट अपडेट की है। घुसपैठियों के वोट काटे गए हैं। विपक्ष घुसपैठियों के वोट से सरकार बनाना चाहता है। कांग्रेस की मंशा देश को बर्बाद करने की है। उन्होंने सवाल किया कि क्या घुसपैठियों के वोट बनाना जरूरी है? कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में भी तमाशा किया। अपराध को 24 घंटे में ट्रेस किया जा रहा है। पहले तो FIR तक दर्ज नहीं होती थी।
कांग्रेस विधायक आफताब ने गुरुग्राम कैनाल का मुद्दा उठाया
कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने सदन में गुरुग्राम कैनाल में प्रदूषण का मुद्दा उठाया। उनके सवाल का कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने जवाब दिया। संतुष्ट नहीं होने पर कांग्रेस विधायक को सीएम नायब सैनी ने आश्वासन दिया कि कैनाल का प्रदूषण जल्द साफ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली के अंदर 16 हजार टन कचरा साफ हो चुका है। प्रधानमंत्री खुद इसको लेकर संकल्प ले चुके हैं। सरकार 11 और जगह यमुना में एसटीपी लगाने जा रही है।
भूपेंद्र हुड्डा बोले- कांग्रेस की सरकारी चुराई
कांग्रेस विधायकों को पुलिस ने विधानसभा में जाने से रोका
