नारेबाजी के बाद लोकसभा सोमवार तक स्थगित:केंद्रीय मंत्री बिट्टू बोले- राहुल PM की पाठशाला जाएं तो कामयाब होंगे; राहुल ने उन्हें गद्दार कहा था
संसद में शुक्रवार को भी लोकसभा में हंगामा और नारेबाजी हुई। पहली बार 3 मिनट और दूसरी बार 7 मिनट तक ही कार्यवाही चल सकी। इसके बाद लोकसभा 9 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा को भी सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा- उन्हें कल सबने बालक कहा। आज PM की पाठशाला थी, जिसमें बच्चों को कामयाब होना बताया गया। अगर राहुल भी पीएम की पाठशाला में चले जाएं तो जिंदगी में कामयाब हो जाएंगे।
गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव हंगामे के बीच पास कर दिया गया। लोकसभा में 2004 के बाद पहली बार यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री के भाषण के बिना पास हुआ है। वहीं राज्यसभा में पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद प्रस्ताव पास हुआ था।
अपडेट्स
राज्यसभा 9 फरवरी तक स्थगित
राज्यसभा की कार्यवाही को 9 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
राज्यसभा की कार्यवाही शुरू, प्राइवेट मेंबर बिल पेश हो रहे
राज्यसभा कार्यवाही दोपहर 2 बजे शुरू हुई। सदन में प्राइवेट मेंबर बिल पेश किए जा रहे हैं।
राहुल बोले- जो उचित समझो वही करो
राहुल गांधी ने शुक्रवार को राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर तंज कसते हुए कहा, “जो उचित समझो वही करो”।
निशिकांत बोले- देश की समस्याएं नेहरू-गांधी परिवार की देन हैं
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, “हम जब 2014 में सरकार में आए तब पारदर्शिता है। लेकिन इस देश के बच्चों को ये नहीं पता कि इस देश में आज जो भी समस्याएं हैं वो नेहरू, गांधी परिवार की देन हैं। जो नेहरू गांधी परिवार ने किया है उसे जानने का अधिकार लोगों को है। इसलिए मैं लाइब्रेरी बनाऊंगा। मैंने देशभर के लोगों से आग्रह किया है कि आपके पास जो किताबें हैं उनकी जानकारी दीजिए, हम वो सब किताबें खरीदेंगे और सब जनता को बताएंगे। वो वन रिसर्च सेंटर होगा।”
2 घंटे चली राज्यसभा, दोपहर 2 बजे तक स्थगित
लोकसभा में जहां दो बार सदन शुरू होने के के बावजूद काम नहीं हो पाया। वहीं राज्यसभा 2 घंटे तक चली। फिलहाल इसे 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
कांग्रेस सांसद बोले- पीएम 56 के सीने वाले, ड्रामा क्यों कर रहे
स्पीकर ओम बिरला के सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पीएम मोदी से लोकसभा में भाषण न देने के लिए कहने पर, कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा- हम विश्वगुरु हैं। हमारे प्रधानमंत्री 56 इंच सीने वाले नेता हैं और पाकिस्तानियों का उनके घर में भी सामना कर सकते हैं। वे ऐसा ड्रामा क्यों कर रहे हैं और ऐसा झूठ क्यों फैला रहे हैं? लोकसभा वह जगह है जहां से उन्हें चुना गया है। वह उसके सदस्यों में से एक हैं। वे सांसदों पर आरोप लगा रहे हैं।
शिवसेना सांसद बोले- विपक्ष पोस्टर दिखाकर सुर्खियों में रहना चाहता है
शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने कहा- हमें लोकसभा में आकर अपनी बात रखने के लिए चुना गया है, लेकिन वे (विपक्ष) सदन में चिल्लाते हैं। वे सिर्फ पोस्टर दिखाकर सुर्खियों में रहना चाहते हैं।”
दोबारा 7 मिनट चली लोकसभा, सोमवार तक स्थगित की
लोकसभा 12 बजे शुरू हुई। चेयर पर स्पीकर कृष्ण प्रसाद तेन्नेटी थे। विपक्ष की नारेबाजी जारी रही। इसके बाद सदन सोमवार 9 फरवरी सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू, विपक्ष का हंगामा जारी
दोपहर 12 लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। इस बार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, अर्जुनराम मेघवाल ने बिल रखे।
विपक्षी सांसदों ने सदन में हंगामा जारी रखा। वे तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगा रहे हैं।
कांग्रेस सांसद बोले- पीएम ने सभी सांसदों को भी असुरक्षित महसूस कराया
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने स्पीकर ओम बिरला के पीएम मोदी से सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए लोकसभा भाषण छोड़ने के लिए कहने पर कहा, “खुद को लोकसभा में असुरक्षित मानकर, आपने सभी सांसदों को भी असुरक्षित महसूस कराया।”
राज्यसभा में शून्यकाल, खड़गे बोले- 10 साल में सिर्फ कांग्रेस को गाली दी
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- हम सिख समुदाय का सम्मान करते हैं, मनमोहन सिंह हमारी सरकार में वित्त मंत्री थे। बीजेपी सिखों, दलितों, आदिवासियों का सम्मान नहीं करती, पिछले 10 सालों में कांग्रेस को गाली देने के अलावा कुछ नहीं किया।
खड़गे का यह बयान पीएम की राज्यभा में स्पीच पर आया है। जब पीएम ने कहा था कि कांग्रेस के अंदर सिखों के प्रति कूट-कूट करके नफरत भरी पड़ी है।
निलंबित 8 सांसदों का संसद के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी
विपक्षी निलंबित सांसदों ने संसद परिसर में एक पोस्टर के साथ विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को ‘ट्रैप डील’ बताया गया है।
शिवसेना सांसद बोलीं- नेहरू-इंदिरा के योगदान को भी स्वीकार करें
शिवसेना(UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्रियों के ऊपर जो व्यक्तिगत टिप्पणी की गई वो निंदनीय हैं। मैं उम्मीद करती हूं कि भाजपा और RSS की विचारधारा रखने वाले लोग पूर्व प्रधानमंत्रियों का जो योगदान रहा है उसे स्वीकार करना भी सीखें।”
बिट्टू बोले- पीएम की पाठशाला में जाएं राहुल तो कामयाब हो जाएंगे
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, “राहुल गांधी को कल सबने ‘बालक’ कहा। आज सुबह से प्रधानमंत्री की पाठशाला थी, जिसमें बच्चों को बता बताया कि कैसे कामयाब होना है। अगर राहुल गांधी भी पीएम की पाठशाला में चले जाएं तो जिंदगी में कामयाब हो जाएं।”
भाजपा सांसद बोले- बिट्टू को गद्दार कहने पर माफी मांगे राहुल
भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा- “1984 से कांग्रेस ने सिख समुदाय को नजरअंदाज किया है। राहुल गांधी को केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू के खिलाफ ‘गद्दार’ शब्द इस्तेमाल करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। कल विपक्ष का वॉकआउट करना निंदनीय है।”
SP सांसद राजीव बोले- नेहरू-इंदिरा के चरित्र पर उंगली उठाना दुर्भाग्यपूर्ण
समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा, “सदन के अंदर बैठकर हमारे देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, उनके चरित्र पर उंगली उठाना और नेहरू को ‘गद्दार’ कहना, अगर प्रधानमंत्री ने इसे मंजूरी दी है या इसे सही मानते हैं, तो यह इस देश के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।”
लोकसभा में विपक्ष की नारेबाजी, 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के सांसदों ने हंगामा किया। इसके बाद लोकसभा स्पीकर ने कहा- सदन की मर्यादा खत्म न करें।
नारेबाजी बंद न होने पर कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
बजट सत्र में इन बिलों पर चर्चा संभव
बजट सत्र 65 दिनों में 30 बैठकों तक चलेगा। यह 2 अप्रैल को खत्म होगा। 28 जनवरी से शुरू हुआ पहला चरण 13 फरवरी को खत्म होगा। इसके बाद दूसर चरण 9 मार्च को शुरू होगा।
लोकसभा में 9 विधेयक लंबित हैं, जिनमें विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक 2025, प्रतिभूति बाजार संहिता 2025 और संविधान (129वां संशोधन) विधेयक 2024 शामिल हैं। इन विधेयकों की वर्तमान में संसदीय स्थायी या प्रवर समितियां जांच कर रही हैं।
शुक्रवार को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, कानून और न्याय, विदेश मंत्रालय, रक्षा और बंदरगाह, शिपिंग और वाटरवे मंत्रालयों सहित कई केंद्रीय मंत्रियों को सदन के पटल पर कागजात रखने हैं। दोपहर 3.30 बजे से लोकसभा में प्राइवेट मेंबर्स का कामकाज होगा।
बजट सत्र की पिछली 7 दिन की कार्यवाही पढ़ें…
5 फरवरी : लोकसभा में PM की स्पीच के बिना धन्यवाद प्रस्ताव पास, राज्यसभा में पीएम ने 97 मिनट का भाषण दिया
बजट सत्र के 7वें दिन लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव हंगामे के बीच पास हो गया। 2004 के बाद पहली बार यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री के भाषण के बिना पास हुआ है। वहीं प्रधानमंत्री ने गुरुवार को राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर करीब 97 मिनट का भाषण दिया। विपक्षी सांसदों ने स्पीच की शुरुआत में यहां भी हंगामा किया और फिर वॉकआउट कर गए।
