केजरीवाल बोले-लोग आज मेरी जेल वाली सरकार याद कर रहे:शाह ने कहा था- पूर्व सीएम ने जेल जाकर भी इस्तीफा नहीं दिया था
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह के उनके जेल जाकर भी इस्तीफा नहीं देने वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली वाले उनकी जेल वाली सरकार को याद कर रहे हैं। क्योंकि पिछले सात महीनों में भाजपा ने दिल्ली का बुरा हाल कर दिया है।
केजरीवाल ने कहा- राजनीतिक षड्यंत्र के तहत झूठे केस में फंसाकर जब केंद्र ने मुझे जेल भेजा तो मैंने जेल से 160 दिन सरकार चलाई। कम से कम जेल वाली सरकार के वक्त बिजली नहीं जाती थी, पानी आता था। उन्होंने कहा,
अस्पतालों और मोहल्ला क्लिनिक में फ्री दवाईयां मिलती थीं, फ्री टेस्ट होते थे, एक बारिश में दिल्ली का इतना बुरा हाल नहीं होता था, प्राइवेट स्कूलों को मनमानी और गुंडागर्दी करने की इजाजत नहीं थी।

AAP के संयोजक केजरीवाल ने PM-CM और मंत्री को गिरफ्तारी के बाद हटाने वाले बिल पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शाह से सवाल किया कि अगर किसी पर झूठा केस लगाकर उसे जेल में डाला जाए और बाद में वो दोषमुक्त हो जाए, तो उस पर झूठा केस लगाने वाले मंत्री को कितने साल की जेल होनी चाहिए?
शाह बोले- जेल जाने के बाद भी दिल्ली के सीएम ने इस्तीफा नहीं दिया
शाह ने कहा था कि अगर कोई पांच साल से ज्यादा सजा वाले केस में जेल जाता है और उसे 30 दिन में बेल नहीं मिलती तो उसे पद छोड़ना पड़ेगा। कोई छिटपुट आरोप के लिए पद नहीं छोड़ना पड़ेगा। मगर जिन पर करप्शन के आरोप हैं, या पांच साल से ज्यादा सजा के आरोप हैं, ऐसे मंत्री, CM या PM जेल में बैठकर सरकार चलाएं ये कितना उचित है?
आजकल नई परंपरा आ गई है। दो साल पहले ऐसा कोई मामला नहीं था। दिल्ली के सीएम और गृहमंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया था। राजनीति को बदनाम करने और सामाजिक नैतिकता को इस स्तर तक गिराने के लिए हम इससे सहमत नहीं हैं।
