Headlines

दिल्ली CM रेखा गुप्ता पर घर में हमला:भाजपा ने AAP विधायक के साथ आरोपी की फोटो जारी की, पार्टी का जवाब- ये एडिटेड है

दिल्ली CM रेखा गुप्ता पर घर में हमला:भाजपा ने AAP विधायक के साथ आरोपी की फोटो जारी की, पार्टी का जवाब- ये एडिटेड है

नई दिल्ली1 घंटे पहले
आरोपी का नाम राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया है। वह गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। सीएम हाउस के बाहर CCTV में नजर आया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह CM आवास में जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। दिल्ली CM ने शाम करीब 6 बजे X पर लिखा, ‘जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के संकल्प पर कायराना प्रयास है। हमले के बाद सदमे में थी। अब बेहतर महसूस कर रही हूं।’

वहीं, भाजपा विधायक हरीश खुराना ने घटना में आम आदमी पार्टी (AAP) के शामिल होने का दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट X पर गुजरात के AAP विधायक गोपाल इटालिया के साथ आरोपी की फोटो शेयर की।

इस पर इटालिया ने कहा कि पुराने वीडियो से स्क्रीनशॉट्स लेकर उसे एडिट किया गया है। उन्होंने वीडियो का लिंक भी शेयर किया।

आरोपी राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया (41) गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। उस पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया है।

गुजरात की विसावदर सीट से AAP विधायक गोपाल इटालिया (बाएं) के साथ आरोपी खीमजीभाई की यह तस्वीर हरीश खुराना ने X पर शेयर की।

CCTV वीडियो में दिखा आरोपी

सोशल मीडिया में CCTV भी वायरल हो रहा है। इसमें खीमजीभाई 19 अगस्त को CM के शालीमार बाग निवास का रेकी करता हुआ दिख रहा है।

सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में खीमजीभाई CM के शालीमार बाग निवास का वीडियो बना रहा है।
इस दौरान आरोपी वहां पर एक घर में अंदर घुसते हुए भी दिखाई दे रहा है।
यह CCTV फुटेज 19 अगस्त को मुख्यमंत्री के निजी आवास शालीमार बाग की है। आरोपी घर के अंदर की वीडियो बनाता दिख रहा है।

प्रवेश वर्मा का दावा- आरोपी ने पहले रेकी की थी दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा- दिल्ली को एक ऐसी मुख्यमंत्री मिली है जो रोजाना अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही हैं। दिल्ली-NCR से रोजाना 1000-2000 लोग CM के पास आते थे। आज जो हुआ वह बेहद निंदनीय है। हम मुख्यमंत्री से मिले, वह घायल थीं। उनकी MLC की गई।

उन्होंने कहा- हमें पता चला है कि आरोपी व्यक्ति पिछले 24 घंटों से सीएम की रेकी कर रहा था, उसने गुप्ता के शालीमार बाग स्थित घर की भी रेकी की। रात सिविल लाइंस में भी गुजारी, ताकि वह मुख्यमंत्री से मिल सके। आज जब वह आया, तो उसके हाथ में कोई कागज नहीं था। उसने सीएम से मिलते ही हमला किया। CM के हाथ-पैर और सिर में चोट आई है।

2 स्केच में समझें घटना कैसे हुई…

आरोपी ने जनसुनवाई के दौरान CM का हाथ पकड़कर खींचा और धक्का-मुक्की की।
CM इस दौरान मेज के कोने से टकराईं। उनके सिर पर चोट लग गई।

प्रत्यक्षदर्शी बोले- हमलावर मौके की तलाश में था

  • शैलेंद्र कुमार- मैं उत्तम नगर से सीवर की शिकायत लेकर आया था। जैसे ही CM आवास के गेट पर पहुंचा, वहां अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा गया। यह गलत हुआ।
  • अंजली- अगर कोई फर्जी व्यक्ति मुख्यमंत्री को थप्पड़ मार सकता है, तो यह गंभीर बात है। वह व्यक्ति बात कर रहा था और अचानक उसने थप्पड़ मार दिया। पुलिस उसे पकड़कर ले गई है।
सीएम आवास पर बुधवार को सुनवाई की जा रही थी। इसमें सैकड़ों लोग पहुंचे थे।
घटना के बाद दिल्ली दिल्ली सीएम आवास के बाहर सिक्योरिटी टाइट कर दी गई।

पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दें…

BJP, कांग्रेस, AAP नेताओं के बयान

  • दिल्ली BJP के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर: 35 साल का कोई व्यक्ति जनसुनवाई में आया था। उसने CM को कोई दस्तावेज दिया। इसके बाद कुछ कहासुनी हुई। उसने हमला करने की कोशिश की। यह किसी ऐसी पार्टी का हो सकता है, जो हताश हो चुकी है।
  • दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख देवेंद्र यादव: घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। रेखा गुप्ता पूरी दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं। इस तरह की घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, कम है। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को उजागर कर दिया है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं तो सामान्य पुरुष या महिला की सुरक्षा कैसे हो सकती है?
  • दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता और AAP नेता आतिशी: रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
  • पूर्व भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी- रेखा जी को जनता से मिलने से रोकने के लिए यह एक साजिश के तहत किया गया। प्रधानमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से जनता से जुड़ने को कहा है। इससे विपक्ष में हताशा है। मुझे 100% यकीन है कि जांच से पता चलेगा कि आरोपी कांग्रेस, AAP या CPI से जुड़ा कार्यकर्ता था।
राजकोट के कोठारिया इलाके में आरोपी राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया का घर।

आरोपी रिक्शा चालक, मां बोली- मेरा बेटा पशु प्रेमी

राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया राजकोट के कोठारिया इलाके का रहने वाला है और रिक्शा चलाता है। राजकोट पुलिस उसके घर पहुंची। वहां उसकी मां मिली। उन्होंने कहा- मेरा बेटा पशु प्रेमी है। सुप्रीम कोर्ट के दिल्ली में कुत्तों को पकड़ने के आदेश दिए जाने के बाद से वह दुखी था। इसलिए वो दिल्ली गया था।

20 फरवरी 2025 को दिल्ली की CM बनी थीं रेखा गुप्ता

20 फरवरी 2025 को रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी थीं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने AAP की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया। रेखा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से लंबे समय से जुड़ी हैं। वे दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रही हैं।

दिल्ली के पूर्व CM केजरीवाल पर हमले हुए थे

1. 2024: पदयात्रा के दौरान पानी फेंका

पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर शख्स ने लिक्विड फेंका था।

30 नवंबर 2024 को दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में केजरीवाल पर एक शख्स ने पानी फेंका था। समर्थकों ने मौके पर ही आरोपी की पिटाई कर दी थी। दिल्ली पुलिस ने बताया था कि आरोपी का नाम अशोक झा है और वह खानपुर डिपो में बस मार्शल के पद पर तैनात है।

2. 2022: गुजरात में हुआ अटैक

मार्च 2022 में गुजरात दौरे पर गए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर किसी ने प्लास्टिक की बोतल फेंकी थी। हालांकि, केजरीवाल को बोतल लगी नहीं थी। पीछे से फेंकी गई बोतल उनके ऊपर से होते हुए दूसरी तरफ निकली थी। जिस जगह यह घटना हुई, वहां भीड़ थी इसलिए बोतल फेंकने वाले का पता नहीं चल सका था।

गरबा कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल के ऊपर फेंकी गई बोतल (लाल घेरे में)।

2019: दिल्ली में रोड शो के दौरान थप्पड़ मारा

पूर्व सीएम को रोड शो के दौरान एक युवक ने थप्पड़ मार दिया था।

6 साल साल 2019 में पहले केजरीवाल को रोड शो के दौरान एक युवक ने थप्पड़ मार दिया था। वे दिल्ली के मोती नगर में प्रचार करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक ने केजरीवाल की गाड़ी पर चढ़कर उन्हें थप्पड़ मार दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024