Headlines

यूट्यूबर एल्विश के घर फायरिंग, भाऊ गैंग ने जिम्मेदारी ली:लिखा-सट्टा प्रमोट कर कई घर बर्बाद किए, बाकी सोशल मीडिया कीड़ों को भी वॉर्निंग

यूट्यूबर एल्विश के घर फायरिंग, भाऊ गैंग ने जिम्मेदारी ली:लिखा-सट्टा प्रमोट कर कई घर बर्बाद किए, बाकी सोशल मीडिया कीड़ों को भी वॉर्निंग

गुरुग्राम9 मिनट पहले
एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करते हुए दो बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए। इनसेट में एल्विश यादव की फाइल फोटो।

फेमस यूट्यूबर और बिग बॉस OTT विनर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर रविवार (17 अगस्त) की सुबह 6 बजे ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इसका एक VIDEO भी सामने आया है, जिसमें चेहरे ढंके और हेलमेट पहने दो युवक दिखाई दे रहे है। वे भागते हुए आते हैं और एल्विश के घर पर 24 गोलियां चलाते दिख रहे हैं।

ये गोलियां एल्विश के घर की बालकनी, दीवारों और खिड़की और दरवाजों पर लगीं। जिस वक्त फायरिंग हुई, घर में एल्विश नहीं थे। उनकी मां सुषमा यादव और केयरटेकर घर पर थीं। हालांकि घर के भीतर होने की वजह से उनकी जान बच गई।

फायरिंग का पता चलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीमें तुरंत एल्विश के घर पहुंचीं और गोलियों के खोल जब्त कर जांच शुरू कर दी। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि एल्विश को पिछले दिनों किसी तरह की धमकी मिलने की कोई जानकारी नहीं है।

एल्विश के घर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भाऊ गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पोस्ट में गैंगस्टर नीरज फरीदपुर और भाऊ रिटौलिया ने कहा कि एल्विश ने बैटिंग एप प्रमोट कर कई घर बर्बाद किए, इसलिए उस पर फायरिंग की गई।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए बदमाश, जो भागते हुए आए और एल्विश यादव के मकान पर फायरिंग की। दोनों ने सफेद कपड़े से चेहरे ढके हुए थे और हेलमेट भी पहन रखे थे।
पुलिस को घर के बाहर से मिले गोलियों के खोल।

गैंगस्टरों ने लिखा- सोशल मीडिया के कीड़ों को वॉर्निंग सोशल मीडिया पोस्ट में भाऊ गैंग ने लिखा- आज जो एल्विश यादव के घर गोली चली, वह नीरज फरीदपुर और भाऊ रिटौलिया ने चलवाई है। इसको हमने अपना परिचय दिया है। सट्‌टे का प्रमोशन कर इसने कई घर बर्बाद कर दिए। सोशल मीडिया के कीड़ों को वॉर्निंग है कि जो सट्‌टे का प्रमोशन करते मिल गया, उसके पास गोली या कॉल कभी भी आ सकती है। जो भी सट्‌टे वाले हैं, वे तैयार रहें।

भाऊ गैंग की सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट। दैनिक भास्कर इसकी पुष्टि नहीं करता।

घर पर 12 से ज्यादा गोलियों के निशान मिले एल्विश यादव के घर पर एक दर्जन से ज्यादा गोलियों के निशान मिले हैं। गोली लगने से शीशे का दरवाजा टूट गया है। छत की सीलिंग और दीवार, दरवाजों पर भी गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक जिस तरीके से फायरिंग की गई है, उससे हमलावरों के प्रोफेशनल शूटर होने का शक है। जो किसी बड़े गैंग से जुड़े हो सकते हैं।

गोलियों के निशान के PHOTOS…

फायरिंग में टूटा घर के गेट का शीशा।
बदमाशों ने घर के बाहर से की फायरिंग, कमरे के दरवाजे पर लाल घेरे में दिख रहा गोली का निशान।
घर के दूसरे कमरे के गेट पर दिख रहा गोली का निशान
घर की बालकनी पर भी गोलियों के कई निशान मिले हैं।

पिता ने कहा- 25 से 30 राउंड फायरिंग की एल्विश यादव के पिता राम अवतार यादव ने बताया कि पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। घटना के समय हमारा परिवार घर के अंदर ही था। हमें लग रहा है कि आरोपियों ने 25 से 30 राउंड फायरिंग की है। सीसीटीवी फुटेज में हमें तीन बदमाश दिख रहे हैं। उन्होंने घर के बाहर खड़े होकर पहले फायरिंग की, फिर वह मौके से फरार हो गए।

उन्होंने बताया- एल्विश घर पर नहीं था। वह अपने काम से बाहर गया है। हमलावर जान से मारने के इरादे से आए थे। उन्होंने ऊपर की मंजिल तक गोलियां मारी हैं। गनीमत रही कि हम सभी सुरक्षित हैं।

पिता राम अवतार यादव और मां सुषमा यादव के साथ यूट्यूबर एल्विश यादव।

एल्विश के घर पर हमले को लेकर पुलिस ने क्या कहा

  • घर के सेकेंड फ्लोर पर एल्विश रहता है: गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सुबह छह बजे पुलिस थाना सेक्टर–56 के इलाके में स्थित एक घर पर फायरिंग की गई। इसी मकान के सेकेंड फ्लोर पर एल्विश यादव रहता है।
  • ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर को टारगेट किया: फायरिंग करने की यह वारदात ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर की गई है। एल्विश किसी काम से बाहर गया हुआ था। घटना की जांच के लिए थाने की पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीमें पहुंचीं। अभी तक की जांच के मुताबिक एक बाइक पर आए 3 बदमाशों ने यह वारदात की है।

एल्विश यादव का विवादों से रहा है नाता

एल्विश यादव को 2023 में 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने वाला मैसेज मिला। उस वक्त वह लंदन में था और एक अनजान शख्स ने वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी थी। नवंबर 2023 में नोएडा में एक रेव पार्टी में सांप और सांप के जहर सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 9 सांप और 20 मिलीलीटर जहर बरामद किया था। 8 दिन जेल में रहने के बाद उन्हें जमानत मिल गई। ED भी उनसे पूछताछ कर चुकी है।

मार्च 2024 में एल्विश का यूट्यूबर मैक्सटर्न (सागर ठाकुर) से झगड़ा हो गया। एल्विश ने खुद माना कि उन्होंने उसे थप्पड़ मारा, क्योंकि मैक्सटर्न ने कथित तौर पर उन्हें और उनके परिवार को जला देने की धमकी दी थी।

2024 में ही दिल्ली में आयोजित एंटरटेनर्स क्रिकेट लीग में उन्हें खेलने से रोकने के लिए जान से मारने की धमकी दी गई। उस दिन वे मुनव्वर फारूकी की टीम के खिलाफ मैच खेलने वाले थे। अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से स्टेडियम को खाली कराया और मैच बिना ऑडियंस के खेला गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024