बेंगलुरु यूनिवर्सिटी कैंपस में मंगलवार को आवारा कुत्तों के हमले में दो छात्राएं घायल हो गईं। इनमें से एक की हालत गंभीर है। घटना सुबह करीब 11 बजे की है। छात्राएं डॉ बीआर अंबेडकर स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स यूनिवर्सिटी में इकोनॉमिक्स के इंटीग्रेटेड MSc कोर्स के थर्ड ईयर की स्टूडेंट हैं।
इनकी पहचान सौजन्या (कर्नाटक) और रेगा निक्षिता (तेलंगाना) के रूप में हुई है। कुत्तों के हमले से सौजन्या को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। वहीं, रेगा का इलाज चल रहा है।
यह घटना सुप्रीम कोर्ट के दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनकी नसबंदी करने और उन्हें शेल्टर होम में रखने के सख्त निर्देश जारी करने के एक दिन बाद हुई है। 2024 में देश में डॉग बाइट के 37 लाख केस सामने आए थे।
छह साल की बच्ची को काटने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया था
- 11 अगस्त: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर के नगर निकायों को निर्देश दिया है कि आवारा कुत्तों को तुरंत पकड़कर नसबंदी करें और उन्हें स्थायी रूप से शेल्टर होम में रखें। इसके लिए 8 हफ्ते का समय दिया। कहा कि किसी भी तरह की रुकावट से कानूनी कार्रवाई हो सकती है। कोर्ट ने कुत्तों के हमले और रेबीज के खतरे से निपटने के लिए तुरंत कदम उठाने को कहा है।
