Headlines

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन बाथरूम में गिरे:फिसलकर गिरने से ब्रेन में हुआ ब्लड क्लॉट, एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन बाथरूम में गिरे:फिसलकर गिरने से ब्रेन में हुआ ब्लड क्लॉट, एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया

जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)7 घंटे पहले

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन आज सुबह बाथरूम में फिसलकर गिर गए। जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं थी। हादसे के बाद तुरंत उन्हें इलाज के लिए उनके घर के नजदीक स्थित जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यहां प्राथमिक उपचार किया गया। उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली के अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया था। इसके बाद उन्हें विशेष व्यवस्था के तहत जमशेदपुर एयरपोर्ट से एयरलिफ्ट कर दिल्ली अपोलो अस्पताल ले जाया गया।

स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट कर दी थी जानकारी

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की थी। उन्होंने बताया कि बाथरूम में गिरने के कारण मंत्री रामदास सोरेन के सिर में चोट लगी है।

ब्रेन में ब्लड क्लॉट हो गया है। उनका मेडिकल स्टेटस गंभीर बना हुआ है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अपने पोस्ट में रामदास सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

सिर में गंभीर चोट लगने के बाद टाटा मोटर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दिल्ली एयरलिफ्ट किए गए

मंत्री रामदास सोरेन की स्थिति को देखते हुए, बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली ले जाया गया है। अस्पताल में विशेष व्यवस्था कर एयरपोर्ट ले जाया गया। उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद पोटका विधायक संजीव सरदार, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अर्जुन मुंडा सहित तमाम नेता अस्पताल पहुंचे।

अर्जुन मुंडा ने अपोलो निदेशक से की बात

मौके पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि सही समय इलाज हो जाएगा। उन्होंने अपोलो के निदेशक से बात की। बताया कि उन्हें वस्तुस्थिति की जानकारी दे दी गई है। निदेशक ने कहा है कि अस्पताल में टीम मौजूद रहेगी। उनके आते ही इलाज शुरू कर दिया जाएगा।

इधर शिक्षा मंत्री की स्थिति को लेकर लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। रामदास सोरेन की हालत को लेकर परिजनों और समर्थकों में चिंता का माहौल है।

जेएमएम के बड़े नेताओं में एक रामदास

रामदास सोरेन झामुमो के बड़े नेताओं में से एक हैं। वर्तमान में घाटशिला से विधायक हैं। चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने पर हेमंत सोरेन ने अपने पिछले मंत्रिमंडल में उन्हें कोल्हान के बड़े नेता के रूप में प्रोजेक्ट करते हुए मंत्री बनाया था। 2024 के चुनावी नतीजों के बाद उन्हें दोबारा मंत्री बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024