Headlines

खबर हटके- डिलीवरी मैन बना डिप्टी कलेक्टर:₹115 करोड़ की लिपस्टिक, दुनिया की सबसे महंगी; जानिए ऐसी ही 5 रोचक खबरें

खबर हटके- डिलीवरी मैन बना डिप्टी कलेक्टर:₹115 करोड़ की लिपस्टिक, दुनिया की सबसे महंगी; जानिए ऐसी ही 5 रोचक खबरें

11 घंटे पहलेलेखक: प्रांशू सिंह

हाल ही में झारखंड PSC का रिजल्ट घोषित हुआ, जिसमें एक स्विगी और रैपिडो में काम करने वाले सूरज ने 110वीं रैंक हासिल की। अब सूरज डिप्टी कलेक्टर बनेंगे।

वहीं एक लिपस्टिक है, जिसकी कीमत ₹115 करोड़ है। इसे दुनिया की सबसे महंगी लिपस्टिक कही जाती है।

  1. स्विगी-रैपिडो ड्राइवर डिप्टी कलेक्टर कैसे बना शख्स?
  2. ₹115 करोड़ की लिपस्टिक में खासियत क्या है?
  3. लगातार 170 घंटे तक महिला ने कैसे किया डांस?
  4. होटल में एक रात रुकने के ₹8.5 करोड़ क्यों लग रहे?
  5. बीमार महिला का इलाज कराने पर शख्स को जेल क्यों हुई?

हाल ही में झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) का रिजल्ट घोषित हुआ। इसमें झारखंड के गिरिडीह में रहने वाले सूरज यादव ने JPSC परीक्षा पास की। वे अब डिप्टी कलेक्टर बनेंगे। अपनी पढ़ाई के लिए सूरज ने स्विगी और रैपिडो में डिलीवरी बॉय का काम किया करते थे।

उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। पिता राजमिस्त्री का काम करते थे। घर का गुजारा मुश्किल से चलता था। इन सबके बावजूद, सूरज ने सरकारी अफसर बनने का सपना देखा। उन्होंने रांची में रहकर तैयारी शुरू की।

बाइक नहीं थी, फिर भी बने डिलीवरी बॉय घर में आर्थिक दिक्कतें थीं, इसलिए सूरज ने पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए स्विगी और रैपिडो में डिलीवरी बॉय का काम शुरू किया। शुरुआत में उनके पास बाइक भी नहीं थी। उनके दोस्त राजेश नायक और संदीप मंडल ने स्कॉलरशिप के पैसे से उनकी मदद की। इससे उन्होंने सेकेंड हैंड बाइक ली। सूरज रोज 5 घंटे काम करते थे। बाकी समय पढ़ाई पर लगाते थे। परिवार ने भी पूरा साथ दिया। बहन ने घर संभाला। पत्नी ने हर कदम पर हौसला बढ़ाया।

सूरज यादव ने JPSC परीक्षा में 110वीं रैंक हासिल की है। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया कि वे डिलीवरी बॉय का काम करते थे। इंटरव्यू में बोर्ड मेम्बर्स पहले हैरान हुए, लेकिन, सूरज ने डिलीवरी से जुड़े टेक्निकल सवालों के सही जवाब दिए। सूरज को यह सफलता अपने दूसरे अटेंप्ट में मिली है।

मेकअप की दुनिया में सबसे महंगी लिपस्टिक की कीमत करोड़ों में है। इसका नाम एच. कॉउचर ब्यूटी डायमंड है, जिससे आप दो-तीन लग्जरी फ्लैट खरीद सकते हैं। इसकी कीमत ₹115 करोड़ से भी ज्यादा है। इतना महंगा होने की वजह लिपस्टिक का रंग या फॉर्मूला नहीं, बल्कि इसका केस है। इस केस में 1200 से भी ज्यादा असली हीरे जड़े हुए हैं।

इस लिपस्टिक को खरीदने वाले ग्राहक को सिर्फ लिपस्टिक नहीं मिलती, बल्कि लाइफटाइम रीफिल और ब्यूटी सर्विस भी मुफ्त मिलती है। यानी, अगर आप एक बार इसे खरीद लेते हैं, तो यह खत्म होने पर आपको दोबारा खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि जिंदगी भर के लिए इसमें रीफिलिंग मिलती रहेगी।

दूसरी सबसे महंगी लिपस्टिक भी लाखों की

अगर दूसरी सबसे महंगी लिपस्टिक की बात करें, तो यह गुएरलेन (Guerlain) ब्रांड की है, जिसकी कीमत करीब ₹51 लाख है। इसके केस को 18 कैरेट सोने से बनाया गया है और इस पर भी 199 हीरे जड़े हुए हैं। इसे खरीदने वाला शख्स केस पर अपना नाम और डिजाइन खुद से कस्टमाइज करवा सकता है। ये चीजें सिर्फ मेकअप आइटम नहीं, बल्कि खास कलेक्शन के लिए भी हैं।

वहीं, तीसरी महंगी लिपस्टिक स्वारोस्की क्रिस्टल वाली रीफिलेबल लिपस्टिक है, जो करीब ₹33 हजार में मिलती है।

मंगलुरु की BA छात्रा रेमोना एवेट परेरा ने लगातार 170 घंटे तक भरतनाट्यम डांस मैराथन करके गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। यह दुनिया में अपनी तरह की पहली डांस मैराथन है।

रेमोना ने लगातार 10 हजार 200 मिनट (170 घंटे) तक डांस किया, जिसमें हर तीन घंटे में सिर्फ 15 मिनट का ब्रेक लिया। उनकी गुरु डॉ. श्रीविद्या मुरलीधर ने इसे एक दिव्य उपलब्धि बताया। इस मोमेंट पर रेमोना ने अपनी मां और शिक्षकों सहित सबका आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन्हें प्रेरित किया।

क्या आप जानते हैं दुनिया का सबसे महंगा होटल रूम कौन सा है? यह दुबई के अटलांटिस द रॉयल होटल में स्थित ‘रॉयल मेंशन’ सुइट है, जिसका एक रात का किराया $1,00,000 (करीब ₹8.65 करोड़) है।

यह दो मंजिला अल्ट्रा-लग्जरी सुइट चार बेडरूम, विशाल लिविंग एरिया और एक शानदार 5,124 वर्ग फुट की छत के साथ आता है, जहां से अरब सागर का खूबसूरत नजारा दिखता है। छत पर एक इन्फिनिटी पूल भी है। रॉयल मेंशन अपनी खास निजी बटलर सेवा और हर मेहमान के लिए कस्टमाइज्ड अनुभवों के लिए जाना जाता है।

मध्य प्रदेश के भोपाल में एक दिहाड़ी मजदूर राजेश विश्वकर्मा को 13 महीनों तक जेल में रहना पड़ा, क्योंकि उसने एक बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाया था। महिला की मौत के बाद राजेश को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि वह बेकसूर था।

राजेश के पास वकील करने के पैसे नहीं थे और उसे नौ दिन तक थाने में रखने के बाद सीधे जेल भेज दिया गया। इस दौरान उसका किराए का कमरा भी पुलिस ने बंद कर दिया, जिससे वह बेघर हो गया। अब राजेश को अदालत ने निर्दोष घोषित किया।

पुलिस की लापरवाही से राजेश को 13 महीने जेल में काटना पड़ा राजेश के लिए केस लड़ रही सरकारी वकील रीना वर्मा ने बताया कि पुलिस ने जांच में भारी लापरवाही की। महिला की मौत बीमारी से हुई थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम में गला घोंटकर मौत बताया गया। पुलिस ने CCTV फुटेज नहीं जुटाए, न ही यह स्पष्ट था कि महिला कौन थी।

NCRB (राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय जेलों में 75.8% कैदी अंडरट्रायल हैं। मध्य प्रदेश में ही 6,185 अंडरट्रायल कैदी एक साल से ज्यादा समय से जेल में बंद हैं। राजेश अब बदनामी, गरीबी और नुकसान से जूझ रहा है। वह सवाल करता है, ‘मुझे 13 महीने के नुकसान की भरपाई कौन करेगा?’ जिन अधिकारियों की लापरवाही से उसकी जिंदगी तबाह हुई, वे अभी भी अपने पदों पर हैं।

तो ये थी आज की रोचक खबरें, कल फिर मिलेंगे कुछ और दिलचस्प और हटकर खबरों के साथ…

खबर हटके को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024