Headlines

महाराष्ट्र विधानसभा मारपीट मामले में FIR, 2 गिरफ्तार:लॉबी में BJP और शरद पवार गुट के विधायक समर्थकों में हाथापाई हुई थी

महाराष्ट्र विधानसभा मारपीट मामले में FIR, 2 गिरफ्तार:लॉबी में BJP और शरद पवार गुट के विधायक समर्थकों में हाथापाई हुई थी

मुंबई9 घंटे पहले
महाराष्ट्र विधानसभा की लॉबी में गुरुवार को भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर और NCP (SP) विधायक जितेंद्र आव्हाड के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी।

महाराष्ट्र विधानसभा में BJP और NCP (शरद पवार) विधायकों के समर्थकों के बीच मारपीट मामले में शुक्रवार को FIR दर्ज हुई है। इस मामले में मुंबई पुलिस ने अब तक 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा की लॉबी में भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर और NCP (SP) विधायक जितेंद्र आव्हाड के समर्थक भिड़ गए थे। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें दोनों विधायकों के समर्थक आपस में गाली-गलौज और हाथापाई करते दिखे।

इसके विरोध में (NCP) शरद गुट के समर्थकों ने गुरुवार रात मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया था। मारपीट की वजह सामने नहीं आई है।

इस पर NCP (SP) विधायक रोहित पवार ने शुक्रवार को कहा- चार लोगों ने कल महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर नेता जितेंद्र आव्हाड पर हमला करने का प्लान बनाया था। हमें व्हाट्सएप और नए ‘आका’ के कार्यकर्ताओं से धमकी मिली थी। नया ‘आका’ दूर से इशारा देता है, और ये चार गुंडे वहां गुंडागर्दी करते हैं।

पूरा मामला 4 फोटो में समझिए…

विधानसभा लॉबी में गुरुवार को BJP और NCP (SP) समर्थकों के बीच थप्पड़ चले।
सिक्योरिटी गार्ड्स और मौजूद अन्य लोगों ने मारपीट रुकवाई।
हाथापाई के बाद भी लॉबी में समर्थक एक-दूसरे को गाली-गलौज करते रहे।
(NCP) शरद गुट के समर्थकों ने गुरुवार रात मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया।

घटना के बाद दोनों विधायकों के बयान

  1. NCP (SP) विधायक जितेंद्र आव्हाड- ‘पूरा महाराष्ट्र जानता है कि हमलावर कौन था। हमसे बार-बार सबूत मांगे जा रहे हैं, जबकि पूरे देश ने देखा है कि हमला किसने किया। गुंडों को विधानसभा में घुसने दिया जा रहा है, जिससे विधायकों की सुरक्षा को खतरा है। मुझे गालियां दी गईं, जान से मारने की धमकी दी गई। कुत्ता, सुअर जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। क्या विधानसभा में ऐसा ही होने की उम्मीद थी। अगर विधायक विधानसभा में सुरक्षित नहीं हैं, तो हम विधायक क्यों बने रहें।’
  2. BJP विधायक गोपीचंद पडलकर – विधानसभा में जो कुछ हुआ उससे मैं सचमुच दुखी हूं। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं खेद व्यक्त करता हूं और माफी मांगता हूं।

‘सत्र के दौरान विधायक, उनके सहायक और सरकारी अधिकारी ही रहेंगे’

विधानसभा परिसर में हुई मारपीट मामले में विधानसभा की ओर से नाराजगी जाहिर की गई है। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा- केवल विधायक, उनके सहायक और सरकारी अधिकारी ही सत्र के दौरान विधान भवन में रह सकेंगे। साथ ही इस मामले में विधायिका नैतिकता समिति गठन को लेकर एक हफ्ते में फैसला लिया जाएगा।

उद्धव बोले- गुंडे विधानसभा पहुंच गए, CM को जिम्मेदारी लेनी चाहिए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने घटना को लेकर सरकार की आलोचना करते हुए कहा- ‘अगर गुंडे विधानसभा पहुंच गए हैं, तो राज्य के गृह मंत्री और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। विधानसभा में इस तरह का आचरण उचित नहीं है।

————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024