Headlines

हिमाचल CM का ऐलान- घर बनाने को 7 लाख देंगे:गाय खरीदने को 50 हजार मिलेंगे; नड्डा बोले- हिमाचल के साथ खड़ी है भारत सरकार

हिमाचल CM का ऐलान- घर बनाने को 7 लाख देंगे:गाय खरीदने को 50 हजार मिलेंगे; नड्डा बोले- हिमाचल के साथ खड़ी है भारत सरकार

मंडी43 मिनट पहले
हिमाचल CM सुक्खू और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मंडी के आपदा प्रभावितों से बात करते हुए।

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आज मंडी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। दोनों नेताओं ने आपदा प्रभावितों से बात की। उनका दुख-दर्द जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिया। सीएम सुक्खू ने सराज विधानसभा के बगश्याड़ में बड़ा ऐलान करते हुए, जिनके मकान बादल फटने से बह गए हैं, राज्य सरकार उन्हें नया मकान बनाने के लिए 7 लाख रुपए देगी। कैबिनेट मीटिंग में जल्द इसका प्रावधान किया जाएगा।

सीएम ने कहा, जिन लोगों की गाय बही है, उन्हें नई गाय लेने को 50 हजार रुपए देंगे। उन्होंने कहा, प्रभावित परिवारों की सरकार हर संभव सहायता करेगी। बगश्याड़ में आपदा प्रभावितों से बातचीत में सीएम ने आवाहन किया कि जो भी नए घर बनाए, वह नदी नालों से 50 से 100 मीटर दूर घर का निर्माण करें। बादल फटने की घटनाएं बढ़ती जा रही है। इसलिए नदी नालों के करीब मकान न बनाए।

इस दौरान CM ने बगस्याड़ स्थित राहत शिविर में रह रहे प्रभावितों के साथ दोपहर का भोजन किया। बगश्याड़ के बाद सीएम अब पांडवशीला गए। शाम को वह थुनाग में रुकेंगे और राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा करेंगे।

सराज विधानसभा के बगश्याड़ में आपदा प्रभावितों से मिलते हुए सीएम सुक्खू।

सीएम सुक्खू ने प्रदेश के सांसदों को सलाह दी कि वे केंद्र से वन भूमि उपलब्ध करवाने की अनुमति दिलाएं, तभी प्रभावित परिवारों को जमीन दी जा सकेगी। उन्होंने कहा, प्रदेश में 68 प्रतिशत वन भूमि है और 32 प्रतिशत भूमि पर 70 लाख की आबादी रह रही है। वन भूमि की अनुमति देना केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसलिए यदि केंद्र अनुमति देता है तो फिर प्रभावितों को वन भूमि उपलब्ध करवा दी जाएगी।

राजनीति चमकाने का समय नहीं: सीएम सीएम सुक्खू ने कहा कि भाजपा के लोग कह रहे हैं कि सराज में सरकार कुछ नहीं कर रही, लेकिन सड़कें युद्ध स्तर पर खोली जा रही हैं। जयराम ठाकुर से उनकी लगातार बात हो रही है। नेता प्रतिपक्ष ने हवाई सर्वेक्षण के लिए हेलिकाप्टर मांगा तो उन्हें सेना का हेलिकाप्टर उपलब्ध करवाया गया। उन्होंने BJP नेताओं को नसीहत दी कि यह समय राजनीति चमकाने का नहीं है। ऐसे वक्त में राजनीति करने से बचना चाहिए।

सीएम ने सांसद कंगना रनोट को सलाह दी कि उन्हें मंडी की जनता ने अपना प्रतिनिधि चुनकर भेजा है। ऐसे में यह उनका फर्ज बनता है कि वह आपदा प्रभावितों की मदद के लिए केंद्र से अधिक से अधिक मदद लेकर आएं। यह समय बयानबाजी करने या आरोप प्रत्यारोप लगाने का नहीं है।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा नाचन विधानसभा के पंगलियूर में आपदा प्रभावितों से मिलने के लिए जाते हुए।

जेपी नड्डा भी हाल जानने पहुंचे वहीं, केंद्रीय मंत्री एवं BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी नाचन और सराज विधानसभा में आपदा प्रभावितों से बात की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया। नड्डा ने कहा, फ्लैश फ्लड और बादल फटने से प्रदेश में जान और माल दोनों का भारी नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा, यह बहुत बड़ी त्रासदी है। इससे खासकर मंडी जिले के लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। उन्होंने कहा, भारत सरकार राहत के लिए हमेशा तत्पर रहती है। पहले भी हिमाचल की आर्थिक मदद की गई। अबकी बार फिर करेंगे। उन्होंने कहा, 2023 में भी 3146 करोड़ रुपए दिए हैं। अभी 2006 करोड़ रुपए NDRF में जारी किए है।

मंडी के नाचन विधानसभा में आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री देते हुए देते हुए नड्डा।

नड्डा ने कहा, आर्थिक दृष्टि से बात करें तो मदद के रूप में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 1 लाख से अधिक घर, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 3000 करोड़ से अधिक सड़कें केंद्र सरकार ने हिमाचल को दी है। उन्होंने कहा, जो आर्थिक दृष्टि से मदद की जरूरत होती, भारत सरकार पीछे नहीं हटेगी। हिमाचल की मदद में कोई भी कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा, आपदा की इस घड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने बी बढ़ चढ़ मदद को हाथ बढ़ाया है।

भारत सरकार हिमाचली के साथ खड़ी-नड्डा नड्डा ने कहा कि हिमाचल की जनता आश्वस्त रहे कि भारत सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को कभी छोड़ेगी नहीं हमेशा साथ खड़ी रहेगी और मैं केंद्र सरकार का प्रतिनिधि होने के नाते यह जिम्मेवारी से कह रहा हूं कि भारत सरकार हिमाचल के साथ खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी।

मंडी में प्रभावित परिवार से मिलते हुए नड्डा।

मंडी में एक ही रात में 400 घर टूटे बता दें कि मंडी जिला के सराज, नाचन, करसोग और धर्मपुर विधानसभा में 30 जून की रात 15 जगह बादल फटने से जान और माल दोनों को बड़ा नुकसान हुआ है। एक ही रात में 400 से ज्यादा घर ढह गए। 42 से ज्यादा लोग लापता हो गए। इनमें से अब तक 14 के शव मिले है, जबकि 30 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024