गुजरात में पुल टूटा, चलती गाड़ियां नदी में गिरीं VIDEO:9 लोगों की मौत, 8 को बचाया; मध्य गुजरात का सौराष्ट्र से संपर्क टूटा
गुजरात के वडोदरा में महिसागर नदी पर बना ब्रिज बुधवार सुबह टूट गया। हादसे के समय ब्रिज से गाड़ियां गुजर रही थीं। पुल टूटने पर दो ट्रक, दो कार और एक रिक्शा कुल पांच गाड़ियां नदी में गिर गईं। एक टेंकर टूटे सिरे पर फंस गया।
हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 को स्थानीय लोगों ने बचाया। फायर ब्रिगेड की तीन टीमें रेस्क्यू के लिए भेजी गई हैं। 45 साल पुराना यह ब्रिज मध्य गुजरात को सौराष्ट्र को जोड़ता था।
पुल टूट जाने से भरूच, सूरत, नवसारी, तापी और वलसाड जैसे दक्षिण गुजरात के शहरों से सौराष्ट्र पहुंचने में ज्यादा समय लगेगा। अब इसके लिए अहमदाबाद होते हुए लंबा रास्ता लेना पड़ेगा।
टूटे हुए पुल और नदी में गिरी गाड़ियों की 5 तस्वीरें…
स्थानीय युवक बोला- रेस्क्यू में प्रशासन से कोई मदद नहीं मिली
हादसे के बाद तुरंत ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और लोगों को रेस्क्यू किया। एक स्थानीय युवक ने बताया, “हम सुबह से ही बचाव अभियान चला रहे हैं। अब तक 9 शव बरामद हुए हैं, जिनमें से एक बच्चा है और एक बच्चा लापता है। इस दौरान हमें प्रशासन और अधिकारियों से कोई मदद नहीं मिली है।”
स्थानीय बोले- पुल की मरम्मत नहीं होने से हादसा हुआ इस हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। 6 लोगों को पादरा अस्पताल और 2 को वडोदरा के सयाजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई।
उन्होंने प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। लोगों का कहना था कि 45 साल पुराने इस पुल की मरम्मत के लिए प्रशासन को कई बार सूचित किया जा चुका है। प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई न किए जाने के कारण आज यह हादसा हुआ है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस हादसे के लिए पूरी तरह से प्रशासन ही जिम्मेदार है।
रेस्क्यू ऑपरेशन की 3 तस्वीरें…
हादसे में बचे लोगों से दिव्य भास्कर से बातचीत…
बाइक के साथ मैं और मेरा दोस्त नदी में गिरे
इसी तरह राजूभाई अठिया ने भी महिसागर नदी पर हुई यह भयावह घटना देखी। उन्होंने कहा- पुल पर दो-तीन ट्रक थे और पुल ढह गया। हादसे के वक्त वह अपने साथी के साथ द्वारका से अंकलेश्वर जा रहे थे। पुल अचानक ढह गया और गाड़ी नदी नीचे गिर गई। मैं पानी से बाहर निकला और एक गाड़ी के ऊपर चढ़कर बैठ गया।
मेरा दोस्त लापता है। थोड़ी देर बाद लोग नाव लेकर मदद के लिए आए और मुझे बाहर निकाला। घटना के वक्त पुल पर तीन गाड़ियां थीं, दो पिकअप वैन, एक ईको-कार और एक रिक्शा। हादसा अचानक हुआ, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
बाइक पंक्चर होने से जान बच गई
ब्रिज से गुजर रहे महेशभाई परमार (उम्र 23) भी इस घटना में बाल-बाल बच गए। महेश ने बताया कि हम दो दोस्त काम पर जा रहे थे। लेकिन इसी बीच बाइक पंक्चर हो गई। पंक्चर ठीक करवाने के बाद हम ब्रिज से गुजर ही रहे थे कि तभी तभी अचानक पुल टूट गया।
हम तीन-चार गाड़ियों के पीछे थे। देखा तो एक इको कार, एक पिकअप और एक ट्रक पुल से नीचे गिर गए थे। नीचे चीख-पुकार मची थी। लेकिन ब्रिज के ऊपर मौजूद लोग उनकी मदद नहीं कर सकते थे।
गाड़ियां गिरते ही मैंने ब्रेक लगाया
हादसे के चश्मदीद 25 वर्षीय संजयभाई सोमाभाई चावड़ा ने दिव्य भास्कर को बताया कि हम तीन दोस्त बाइक से कंपनी जा रहे थे। तभी अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, क्योंकि पुल बीच में से टूट गया था। चीख-पुकार सुनकर मेंने नीचे देखा तो पांच-छह गाड़िया गिर गई थीं। हमारे साथ अन्य चार-पांच लोग बच गए थे।
एक महिला तैरती दिखी, हमने उन्हें बचा लिया
बचाव अभियान में शामिल अतुलकुमार ठाकोरभाई पढियार ने कहा- हादसे की खबर मिलते ही मैं और मेरे एक साथी तुरंत रिक्शा लेकर वहां पहुंचे। हमने देखा कि लोग बचाने की आवाज लगा रहे थे। एक महिला को तैरते देखा और उन्हें बाहर निकाला, उनकी जान बच गई है।
दो-तीन ड्राइवरों के हाथ-पैर में चोटें आईं और उन्हें अस्पताल भेज दिया गया है। हमने और आसपास के कुछ लोगों ने सात-आठ लोगों को नदी से बाहर निकाला।
देशभर में बारिश और बाढ़ के लेटेस्ट अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग देखें…
UP में भारी बारिश, अयोध्या में घरों में पानी:वाराणसी में घाट डूबे, प्रयागराज में 4 मौतें; MP में नर्मदा में बाढ़, नागपुर में नाव से रेस्क्यू
UP में बुधवार को भारी बारिश जारी है। अयोध्या में घरों में पानी भर गया है। प्रयागराज में बारिश के पानी में डूबने से 4 बच्चों की मौत हो गई। वाराणसी में दशाश्वमेध घाट और अस्सी घाट तक पानी पहुंच गया है। इसके चलते गंगा आरती का स्थान बदला गया है। पूरी खबर पढ़ें..
