Headlines

केरल हाईकोर्ट से लाइबेरियाई जहाज की जब्ती का आदेश:कहा- मुआवजा मिलने पर ही छोड़ें; अन्य शिप डूबा था, केरल का ₹9500 करोड़ का दावा

केरल हाईकोर्ट से लाइबेरियाई जहाज की जब्ती का आदेश:कहा- मुआवजा मिलने पर ही छोड़ें; अन्य शिप डूबा था, केरल का ₹9500 करोड़ का दावा

तिरुवनंतपुरम1 घंटे पहले
कोर्ट ने कहा कि कंपनी जब तक मुआवजे की रकम जमा नहीं कर देती तब तक जहाज को जब्त रखा जाए।

केरल हाईकोर्ट ने सोमवार को लाइबेरियाई जहाज MSC अकीकेता 2 को जब्त करने का आदेश दिया। यह शिप लाइबेरियाई जहाज MSC एल्सा 3 का सहयोगी था, जो 25 मई को कोच्चि के तट पर डूब गया था। दोनों जहाज MSC मेडिटेरेनियन शिपिंग कंपनी के हैं।

MSC एल्सा 3 डूबने से हुए पर्यावरणीय और आर्थिक नुकसान पर केरल सरकार ने 9531 करोड़ रुपए के मुआवजे की याचिका लगाई थी। साथ ही सहयोगी जहाज (MSC अकीकेता 2) के भारत से बाहर जाने की आशंका जताते हुए जहाज जब्त करने की मांग की थी।

इस पर कोर्ट ने आदेश दिया कि शिपिंग कंपनी जब तक मुआवजे की रकम जमा नहीं कर देती तब तक MSC अकीकेता 2 को जब्त रखा जाए। मामला सुलझने तक जहाज भारत से बाहर नहीं जा सकेगा।

MSC एल्सा 3 कार्गो शिप 25 मई को कोच्चि तट पर डूब गया था।

विझिनजाम पोर्ट को जहाज जब्त करने और उसकी सुरक्षा के निर्देश

केरल सरकार के मुताबिक जहाज डूबने के बाद निकले जहरीले पदार्थों की वजह से डॉल्फिन और व्हेल समेत कई समुद्री जीवों की मौत हुई। इस पर सरकार ने एडमिरल्टी (समुद्री दावों का अधिकार क्षेत्र और निपटान) एक्ट की धारा 4 के तहत मुआवजे की मांग की।

इसमें पॉल्यूशन के लिए ₹8626 करोड़, पर्यावरण के लिए ₹378.48 करोड़ और मछुआरों को हुए ₹526.51 करोड़ का नुकसान शामिल है। ब्याज समेत मुआवजे की पूरी राशि ₹9,531.11 करोड़ है।

कोर्ट ने अडानी विझिनजाम पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड को जहाज जब्त करने और उसकी सुरक्षा के निर्देश दिए। कोर्ट ने यह भी साफ किया कि यह आदेश माल की लोडिंग या अनलोडिंग में दखल नहीं करेगा। मामले की अगली सुनवाई 10 जुलाई को होगी।

शिप डूबने और रेस्क्यू की 3 तस्वीरें…

24 मई की शाम शिप करीब 26 डिग्री तक एक तरफ झुक गया।
कोस्टगार्ड ने 24 मई की देर शाम तक 21 क्रू मेंबर्स को बचा लिया।
आज सुबह बाकी 3 सीनियर क्रू मेंबर का भी रेस्क्यू कर लिया गया। शिप के 24 क्रू मेंबर्स में 20 फिलिपींस, 2 यूक्रेन और रूस-जॉर्जिया का 1-1 नागरिक था।

सभी क्रू मेंबर्स का रेस्क्यू हुआ था लाइबेरिया का MSC एल्सा 3 कार्गो शिप 25 मई को केरल में कोच्चि तट पर डूब गया था। इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) और नेवी ने सभी 24 क्रू मेंबर्स को बचा लिया गया था। शिप पर लदे 643 से ज्यादा कंटेनर्स में कैल्शियम कार्बाइड, डीजल, फर्नेस ऑयल समेत कुछ खतरनाक केमिकल्स भरे थे।

शिप 23 मई को केरल के विझिनजाम पोर्ट से कोच्चि के लिए रवाना हुआ था। 24 मई को दोपहर करीब 1:25 बजे कोच्चि तट से 38 समुद्री मील दूर जहाज के 26 डिग्री तक झुकने की खबर दी गई। इस पर ICG के मरीन रेस्क्यू सब सेंटर (MRSC) ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

देर शाम तक रूस, यूक्रेन, जॉर्जिया और फिलीपींस के 24 क्रू मेंबर्स में से 21 को बचा लिया गया। बाकी तीन सीनियर क्रू मेंबर शिप को डूबने से बचाने की कोशिश के लिए शिप पर ही रहे। हालांकि, शिप का झुकाव बढ़ता रहा और डूब गया। इससे पहले नेवी शिप INS सुजाता ने बाकी तीन क्रू मेंबर्स को भी बचा लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024