कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा कि वे पूरे पांच साल तक पद पर बने रहेंगे। चिकबल्लापुर में मीडिया ने जब उनसे पूछा कि क्या वे पांच साल तक सीएम रहेंगे, के जवाब में दिग्गज नेता ने कहा, “हां, मैं रहूंगा। आपको इसमें संदेह क्यों है?”
भाजपा और जेडी(एस) नेताओं के इस दावे पर कि सीएम को बदला जाएगा, सिद्धारमैया ने पलटवार करते हुए कहा- क्या वे हमारे हाईकमान हैं। उन्होंने पूछा, “आर अशोक (विधानसभा में विपक्ष के नेता) भाजपा के आदमी हैं। बीवाई विजयेंद्र (राज्य भाजपा अध्यक्ष) भाजपा के आदमी हैं। चलवडी नारायणस्वामी (विधान परिषद में विपक्ष के नेता) भाजपा के आदमी हैं। अगर वे ऐसी बातें कहते हैं तो क्या आप लिखेंगे। आपको इसकी पुष्टि करनी चाहिए या नहीं।”
राजनीतिक हलकों में पिछले कुछ समय से इस साल के आखिर में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें लगाई जा रही हैं, जिसमें सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच पावर शेयरिंग समझौते का हवाला दिया गया है।
नासा के एस्ट्रोनॉट भारतवंशी अनिल मेनन इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर जाएंगे; जून 2026 में लॉन्च होगा मिशन
नासा के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर जाने का उनका पहला मिशन सौंपा गया है। वे फ्लाइट इंजीनियर और एक्सपीडिशन 75 क्रू सदस्य के रूप में काम करेंगे। नासा के अनुसार मेनन जून 2026 में रॉस्कॉस्मोस सोयुज एमएस-29 अंतरिक्ष यान पर सवार होकर रॉस्कॉस्मोस कॉस्मोनॉट्स प्योत्र डबरोव और अन्ना किकिना के साथ उड़ान भरेंगे।
कजाकिस्तान के बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से लॉन्च करने के बाद, तीनों लगभग आठ महीने परिक्रमा प्रयोगशाला में बिताएंगे। अपने अभियान के दौरान, मेनन भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों के लिए मनुष्यों को तैयार करने और मानवता को लाभ पहुंचाने में मदद करने के लिए वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे।
मेनन का जन्म और पालन-पोषण मिनियापोलिस में हुआ था और वे इमरजेंसी मेडिकल फिजिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और यूनाइटेड स्टेट्स स्पेस फोर्स में कर्नल हैं। नासा के बयान में कहा गया है कि उनका जन्म भारतीय और यूक्रेनी माता-पिता से हुआ था।
