Headlines

भाजपा के 9 प्रदेशाध्यक्ष का ऐलान अगले 2 दिन में:राजीव बिंदल तीसरी बार हिमाचल के अध्यक्ष बने; महेंद्र भट्‌ट को उत्तराखंड की लगातार दूसरी बार कमान

भाजपा के 9 प्रदेशाध्यक्ष का ऐलान अगले 2 दिन में:राजीव बिंदल तीसरी बार हिमाचल के अध्यक्ष बने; महेंद्र भट्‌ट को उत्तराखंड की लगातार दूसरी बार कमान

नई दिल्ली13 मिनट पहले
सोमवार को महाराष्ट्र में रवींद्र चव्हाण, तेलंगाना में रामचंद्र राव और उत्तराखंड में महेंद्र भट्‌ट ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा था।

भाजपा अगले 2 दिन में 9 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान करेगी। संगठन चुनाव प्रक्रिया के तहत सोमवार को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अध्यक्षों का ऐलान कर दिया गया है। राजीव बिंदल को तीसरी बार हिमाचल प्रदेश की कमान दी गई है। जबकि महेंद्र भट्‌ट को दूसरी बार उत्तराखंड अध्यक्ष बनाया गया है।

आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र में अध्यक्ष के नाम का ऐलान बाकी है। इन सभी राज्यों में एक-एक नामांकन था। ऐसे में चुनाव की जरूरत नहीं होगी।

मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दमन दीव और लद्दाख में मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन होंगे। बुधवार को इन राज्यों के अध्यक्ष घोषित हो जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्षों चुनने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तस्वीर साफ हो जाएगी। भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 50% राज्यों में संगठनात्मक चुनाव होने के बाद ही होता है।

फिलहाल भाजपा की 37 मान्यता प्राप्त स्टेट यूनिट्स हैं। इनमें से अब तक 14 राज्यों में अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। मंगलवार को 19 राज्यों के अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जुलाई में चुने जा सकते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नामांकन की तस्वीरें…

महाराष्ट्र से रवींद्र चव्हाण ने सोमवार को नॉमिनेशन किया।
हिमाचल प्रदेश में राजीव बिंदल ने सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा।
आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के लिए पीवीएन माधव ने नॉमिनेशन फाइल किया।

सात राज्यों में अध्यक्ष के नाम तय सोमवार को उत्तराखंड में मौजूदा अध्यक्ष महेंद्र भट्‌ट, हिमाचल में राजीव बिंदल ने नामांकन कर दिया। वहीं, महाराष्ट्र में रवींद्र चव्हाण, आंध्र प्रदेश में पीवीएन माधव और तेलंगाना में रामचंद्र राव ने नामांकन किया है। दूसरी ओर, सोमवार को पुड्‌डुचेरी में वीपी रामलिंगम को प्रदेश बनाया गया। वहीं, मिजोरम में हाल ही में भाजपा में शामिल पूर्व मंत्री के. बैचुआ अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।

नड्डा का कार्यकाल जून 2024 में खत्म हो चुका

बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा का कार्यकाल जून 2024 को खत्म हो चुका है। वह एक्सटेंशन पर हैं। वहीं, वह केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं, इस वजह से भाजपा जल्द नया अध्यक्ष चुनने की तैयारी में जुटी है।

जेपी नड्डा को 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और जनवरी 2020 में वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024