Headlines

मन की बात का 123वां एपिसोड:PM बोले- इमरजेंसी में लोगों को प्रताड़ित किया गया; योग की भव्यता बढ़ती जा रही

पीएम नरेंद्र मोदी ने आज रेडियो शो ‘मन की बात’ के 123वें एपिसोड के तहत देश को संबोधित किया। एपिसोड की शुरुआत में उन्होंने योग दिवस के बारे में बात की। उन्होंने कहा- 21 जून को देश-दुनिया के करोड़ों लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में हिस्सा लिया। योग की भव्यता बढ़ती जा रही, लोग दैनिक जीवन में इसे अपना रहे।

पीएम ने कहा- इस बार हमने योग दिवस की आकर्षक तस्वीरें देखीं। विशाखापत्तनम में 3 लाख लोगों ने एक साथ योग किया। हमारे नौसेना ने जहाजों पर और जम्मू में लोगों ने दुनिया के सबसे ऊंचे ब्रिज पर योग किया। वडनगर में 2100 लोगों ने एक साथ भुजंगासन करके रिकॉर्ड बना दिया।

पीएम ने आगे कहा- इमरजेंसी के दौर में लोगों को प्रताड़ित किया गया। अनेक लोगों को कठोर यातनाएं दी गई। मीसा के तहत किसी को भी ऐसे ही गिरफ्तार कर लिया जाता था। उन पर ऐसे ही अमानवीय अत्याचार किए गए। आखिर में जनता की जीत हुई और आपातकाल हटा लिया गया। जनता की जीत हुई और आपातकाल लगाने वालों की हार हुई।

पीएम मोदी के मन की बात संबोधन की मुख्य बातें…

  • भारत ट्रेकोमा मुक्त हुआ: मैं आपको दो ऐसी उपलब्धियों के बारे में बताना चाहता हूं जो आपको गर्व से भर देंगी। पहली उपलब्धि स्वास्थ्य से जुड़ी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत को ट्रेकोमा मुक्त घोषित कर दिया है। यह सफलता हमारे स्वास्थ्य कर्मियों की है। आज जब हर घर नल से जल पहुंच रहा है तो ऐसी बीमारियों का खतरा कम हुआ है।
  • 95 करोड़ लोग सरकारी योजनाओं के लाभार्थी: इंटरनेशनल लेबल ऑर्गनाइजेशन की रिपोर्ट आई है। इसमें सामने आया है कि देश के 95 करोड़ लोग किसी न किसी सरकारी योजना का लाभ उठा रहे हैं। इन सफलताओं ने एक विश्वास दिलाया है कि आने वाले समय में भारत और सशक्त होगा। साथियों, जनभागीदारी से देश और आगे बढ़ रहा है।
  • कैलाश श्रद्धा का केंद्र: धार्मिक यात्राएं सेवा के अवसर का महाअनुष्ठान होती है। जितने लोग यात्रा में जाते हैं उससे ज्यादा लोग उनकी सेवा में जुट जाते हैं। लंबे समय के बाद कैलाश मानसरोवर की यात्रा शुरू हुई है। हिंदू, बौद्ध, जैन सभा परंपरा में कैलाश को श्रद्धा का केंद्र माना गया है।
  • मेघालय के एरी सिल्क को GI टैग मिला: मन की बात में देश के यूनीक प्रोडक्ट की बात करते हैं। कुछ दिन पहले मेघालय का एरी सिल्क को जीआई टैग मिला है। इस सिल्क की कई ऐसी खूबियां जो इसे अन्य फैब्रिक से अलग बनाती है। इसे बनाने के लिए प्रयोग होने वाले रेशम के कीड़ों को मारा नहीं जाता है। इसकी खूबी है कि यह सर्दियों में गर्मी और गर्मियों में ठंडक देता है।
  • बोडोलैंड ​​​​​में 70 हजार फुटबॉल खिलाड़ी: ​बोडोलैंड आज अपने नए रूप के साथ देश के सामने खड़ा है। बोडो टेरिटोरियल एरिया में 3 हजार से ज्यादा टीम और 70 हजार से ज्यादा खिलाड़ी फुटबॉल खेल रहे हैं। एक समय था जब बोडोलैंड संघर्ष कर रहा था। आज यहां से निकले फुटबॉल खिलाड़ी अपनी पहचान बना रहे हैं।
  • पर्यावरण को बचाने निकले कई साथी: हमने इस महीने विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। कई लोगों ने अपने आस पास के उन साथियों के बारे में बताया जो अकेले ही पर्यावरण बचाने निकल गए। पुणे के रमेश खरमाडे जी जुन्नर की पहाड़ियों की ओर निकल पड़ते हैं। वे झाड़ियां साफ करते हैं और पानी रोकने के लिए ट्रेंच बनाते हैं। नतीजा यह हुआ कि यहां वन्य जीवन को नई सांसे मिल ही हैं।

22 भाषाओं में ब्रॉडकास्ट होता है मन की बात कार्यक्रम

मन की बात को 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी ब्रॉडकास्ट किया जाता है। इनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं।

मन की बात की ब्रॉडकास्टिंग आकाशवाणी के 500 से अधिक ब्रॉडकास्टिंग सेंटर से होती है। पहले एपिसोड की टाइम लिमिट 14 मिनट थी। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया था।

मन की बात’ पिछले तीन एपिसोड की खबरें पढ़ें…

  • 122वें एपिसोड में ऑपरेशन सिंदूर को बदलते भारत की तस्वीर बताया: पीएम मोदी ने एपिसोड की शुरुआत में ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बात की। उन्होंने कहा- ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य मिशन नहीं है, ये हमारे संकल्प, साहस और बदलते भारत की तस्वीर है। इस तस्वीर ने पूरे देश को देश-भक्ति के भावों से भर दिया है, तिरंगे में रंग दिया है। पूरी खबर पढ़ें…
  • 121वें एपिसोड में कहा था पहलगाम हमले के पीड़ितों को न्याय मिलेगा: PM मोदी ने एपिसोड की शुरुआत पहलगाम में मारे गए लोगों को याद करते हुए की। उन्होंने कहा- इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है। पहलगाम हमले से देश के लोगों का खून खौल रहा है। पीड़ित परिजनों को न्याय जरूर मिलेगा। पढ़ें पूरी खबर…
  • 120वें एपिसोड में पानी बचाने की अपील की थी: पीएम मोदी ने 120वें एपिसोड में देशवासियों को चैत्र नवरात्र, गुड़ी पाड़वा और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गर्मी शुरू होते ही शहरों और गांवों में पानी बचाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। देशभर में कृत्रिम तालाब, चेक डैम, बोरवेल रीचार्ज और कम्युनिटी सोक पिट का निर्माण किया जा रहा है।​​​​​​ पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024