Headlines

थरूर पर कांग्रेस सांसद बोले-परिंदे को आसमान देखना पड़ता है:शिकारी हर वक्त शिकार की तलाश में; शशि ने कहा था- उड़ने की इजाजत मत मांगो

थरूर पर कांग्रेस सांसद बोले-परिंदे को आसमान देखना पड़ता है:शिकारी हर वक्त शिकार की तलाश में; शशि ने कहा था- उड़ने की इजाजत मत मांगो

नई दिल्ली3 घंटे पहले
ऑपरेशन सिंदूर के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर अन्य सांसदों के साथ गयाना, पनामा, कोलंबिया, ब्राजील और अमेरिका गए थे। वहां से लौटने के बाद 10 जून को पीएम मोदी ने इन सांसदों से मुलाकात की थी।

पीएम मोदी की तारीफ के बाद कांग्रेस नेता शशि थरूर की अपनी ही पार्टी के साथ मतभेद की स्थिति बन रही है। अब तमिलनाडु के विरुधुनगर से कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने थरूर के आजाद पक्षी वाले पोस्ट पर तंज कसा है।

टैगोर ने ‘X’ पर शिकारी पक्षी (बर्ड्स ऑफ प्रे) पोस्टर के साथ लिखा- आज के समय में एक आजाद परिंदे को भी उड़ने से पहले आसमान देखना पड़ता है। क्योंकि बाज, गिद्ध और ईगल जैसे शिकारी हर वक्त शिकार की तलाश में रहते हैं। आजादी अब मुफ्त नहीं है, खासकर जब शिकारी देशभक्ति के पंख लगाकर उड़ते हैं।

दरअसल एक दिन पहले बुधवार को थरूर ने ‘X’ पोस्ट में लिखा था- उड़ने की इजाजत मत मांगो। पंख तुम्हारे अपने हैं और आसमान किसी एक का नहीं है।

25 जून: शशि थरूर की पोस्ट

26 जून- कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर की पोस्ट

अब समझिए पूरा विवाद कैसे शुरू हुआ

थरूर ने कहा था- मोदी की ऊर्जा भारत के लिए संपत्ति

सोमवार को द हिंदू में पब्लिश एक आर्टिकल में थरूर ने लिखा था कि मोदी की ऊर्जा, गतिशीलता और जुड़ने की इच्छा वैश्विक मंच पर भारत के लिए प्रमुख संपत्ति बनी हुई है, लेकिन उन्हें और ज्यादा सपोर्ट मिलना चाहिए।

कांग्रेस ने कहा- यह थरूर की राय, पूरी पार्टी की नहीं

इस आर्टिकल को थरूर का कांग्रेस पार्टी को नाराज करने और उसकी लीडरशिप के साथ उनके संबंधों में बढ़ती दरार के रूप में देखा गया। हालांकि, कांग्रेस ने थरूर के बयान से यह कहकर किनारा कर लिया कि यह उनकी निजी राय हो सकती है, पूरी पार्टी की नहीं।

खड़गे बोले- कुछ लोगों के लिए मोदी फर्स्ट

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को दिल्ली में पीएम मोदी की तारीफ के लिए कांग्रेस नेता शशि थरूर पर तंज किया। उन्होंने कहा, “मैं अंग्रेजी नहीं पढ़ सकता, लेकिन थरूर की लैंग्वेज बहुत अच्छी है। हमने उन्हें पार्टी की वर्किंग कमेटी का मेंबर बनाया है। पूरे विपक्ष ने मिलकर कहा कि हम आर्मी के साथ हैं। हमारे लिए देश पहले है, लेकिन कुछ लोगों के लिए मोदी फर्स्ट हैं।”

थरूर ने मोदी की तारीफ पर मॉस्को में दी थी सफाई

मॉस्को में मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद शशि थरूर ने ऑपरेशन सिंदूर और पीएम मोदी की तारीफ पर कहा था, “मैंने मोदी की ऊर्जा पर बयान इसलिए दिया, क्योंकि प्रधानमंत्री ने खुद दूसरे देशों के साथ बातचीत में गतिशीलता और ऊर्जा दिखाई है। उन्होंने किसी भी प्रधानमंत्री की तुलना में ज्यादा देशों की यात्रा की है और ऐसा उन्होंने भारत के संदेश को दुनिया भर में ले जाने के लिए किया है।”

थरूर ने कहा था, “मैं भी लंबे समय से मानता रहा हूं कि हमारे लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद सीमाओं पर ही रुक जाना चाहिए। हमारे लिए वास्तव में भाजपा की विदेश नीति या कांग्रेस की विदेश नीति जैसी कोई चीज नहीं है, केवल भारतीय विदेश नीति और भारतीय राष्ट्रीय हित है।”

कांग्रेस का दावा- मोदी सरकार की विदेश नीति पूरी तरह असफल

थरूर ने प्रधानमंत्री की प्रशंसा ऐसे समय में की है जब कांग्रेस लगातार मोदी सरकार पर उसकी विदेश नीति को लेकर हमला कर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि भारतीय कूटनीति बिखर रही है और देश वैश्विक स्तर पर अलग-थलग पड़ गया है।

पहलगाम हमले के बाद से थरूर भारत-पाकिस्तान संघर्ष और कूटनीतिक पहुंच पर ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं जो कांग्रेस के रुख से अलग हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने दावा किया कि भारत यात्रा करने वालों के लिए ट्रम्प सरकार की तरफ से एडवाइजरी जारी करना, देश को बदनाम करता है।

कांग्रेस ने मांग की थी कि सरकार को इस पर विरोध दर्ज कराना चाहिए और सख्त रुख अपनाना चाहिए। कांग्रेस ने दावा किया कि मोदी सरकार की विदेश नीति पूरी तरह से असफल हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024